You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

एम्स: नर्सिंग यूनियन ने हड़ताल वापस ली

दिल्ली हाईकोर्ट के फ़ैसले और फिर एम्स प्रशासन से मीटिंग के बाद नर्सिंग यूनियन ने हड़ताल वापस लेने का फ़ैसला किया.

लाइव कवरेज

  1. एम्स: दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद नर्सों ने हड़ताल वापस ली

    दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के नर्सिंग स्टाफ़ ने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश और फिर एम्स प्रशासन से मीटिंग के बाद मंगलवार देर रात अपनी हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी.

    एम्स प्रशासन की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने नर्सों के यूनियन से हड़ताल वापस लेने और काम पर लौटने को कहा.

    एम्स प्रशासन ने नर्सों के हड़ताल के ख़िलाफ़ दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था.

    हाई कोर्ट के जस्टिस नवीन चावला ने अपने आदेश में कहा कि, "एम्स के नर्सों की शिकायत को सुनने के आश्वासन देने के बाद यूनियन को हड़ताल नहीं जारी रखना चाहिए."

    हाईकोर्ट ने इस मामले में अगली सुनवाई 18 जनवरी को करने की बात कही है.

    हाईकोर्ट के फ़ैसले के बाद नर्सों की यूनियन ने एम्स प्रशासन से लंबी बैठक की और फिर हड़ताल वापस लेने का फ़ैसला किया.

    एम्स में महिला और पुरुष दोनों ही तरह के नर्स सोमवार (14 दिसंबर) दोपहर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हुए थे.

    नर्सों की यूनियन की कुल 23 मांगे हैं लेकिन इनमें से दो मांग प्रमुख है. यूनियन की पहली मांग छठे वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर कर उसकी सिफ़ारिशों को लागू करने को लेकर है और दूसरी मांग कॉन्ट्रैक्ट पर नर्सों की बहाली नहीं करने को लेकर है.

  2. कोरोना: यूरोपीय देशों में क्रिसमस से पहले पाबंदियों में सख़्ती

    यूरोप के कई देशों में हाल के दिनों में कोरोना मामलों में हुई बढ़ोत्तरी के बाद क्रिसमस से पहले पाबंदियों में सख़्ती कर दी गई है.

    नीदरलैंड्स में पाँच हफ़्ते का लॉकडाउन किया जा रहा है जिसमें ग़ैर-ज़रूरी दुकानें, थियेटर और जिम बंद रहेंगे.

    बुधवार से जर्मनी एक बार फिर एक सख़्त लॉकडाउन में दाख़िल हो जाएगा क्योंकि वहां कोरोना संक्रमितों की संख्या रिकॉर्ड स्तर तक पहुँच गई है.

    नया लॉकडाउन 16 दिसंबर से 10 जनवरी तक लागू रहेगा. लेकिन क्रिसमस के दौरान 24, 25 और 26 दिसंबर को लॉकडाउन में छूट दी जाएगी और किसी एक घर वाले को दूसरे घरों से अधिकतम चार लोगों को अपने घर बुलाने की इजाज़त होगी.

    ब्रिटेन में भी बुधवार से सख़्त लॉकडाउन लागू होगा.

    फ़्रांस ने लॉकडाउन उठा लिया है लेकिन वहां भी कोरोना मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रात का कर्फ़्यू जारी रहेगा.

    लोगों को शाम आठ बजे से सुबह छह बजे तक बिना प्रमाण पत्र के निकलने की इजाज़त नहीं होगी.

    लेकिन दिन में लोगों को बाहर निकलने के लिए किसी पास की ज़रूरत नहीं होगी.

    क्रिसमस की पूर्व संध्या पर लोगों को बाहर निकलने की छूट होगी लेकिन नए वर्ष की पूर्व संध्या पर लोगों को कर्फ़्यू का पालन करते हुए अपने घरों में ही रहना होगा.

    बार और रेस्त्रां 20 जनवरी तक बंद रहेंगे.

    मंगलवार को फ़्रांस में कोरोना से 790 लोगों की मौत हुई. फ़्रांस में अबतक क़रीब 60 हज़ार लोग मारे जा चुके हैं.

    इटली में भी क्रिसमस के दौरान सख़्त पाबंदी लगाने के बारे में सरकार विचार कर रही है.

  3. अमेरिका: मॉडर्ना वैक्सीन सुरक्षित, मंज़ूरी का रास्ता साफ़

    अमेरिका की फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफ़डीए) ने कहा है कि मॉडर्ना की कोरोना वैक्सीन सुरक्षित है और 94 फ़ीसद प्रभावी है.

    एफ़डीए विशेषज्ञों की इस रिपोर्ट के बाद अमेरिका में इमरजेंसी हालात में कोरोना की इस दूसरी वैक्सीन के इस्तेमाल की मंज़ूरी का रास्ता साफ़ हो गया है.

    इससे एक दिन पहले अमेरिका में फ़ाइज़र-बायो एन टेक की वैक्सीन देने का अभियान शुरू किया गया था.

    कोरोना की दूसरी वैक्सीन के बारे में यह ख़बर उस समय आई है जब अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की संख्या तीन लाख पार कर गई है.

    एफ़डीए के वैज्ञानिकों ने मॉडर्ना वैक्सीन के बारे में मंगलवार को अपनी राय दी. दो दिनों बाद गुरुवार को आपात स्थिति में इसके इस्तेमाल की मंज़ूरी के लिए बने वैक्सीन पैनल की बैठक होने वाली है.

    गुरुवार को इसकी मंज़ूरी मिल जाने के बाद 24 घंटों के अंदर इस वैक्सीन के वितरण का काम शुरू किया जा सकता है.

    मॉडर्ना कंपनी 2010 में बनी थी लेकिन उसके किसी भी उत्पाद को अब तक एफ़डीए की मंज़ूरी नहींं मिली है.

    लेकिन कंपनी के स्टॉक में इस साल क़रीब 700 प्रतिशत की उछाल देखी गई थी.

    मॉडर्ना वैक्सीन को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए शून्य से 20 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान की ज़रूरत होती है. फ़ाइज़र के वैक्सीन को शून्य से 75 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान की ज़रूरत होती है.

  4. बीजेपी हैदराबाद की पार्टी को पैसे देती है: ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी और असदउद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) पर एक दूसरे की मदद करने का आरोप लगाया है.

    ओवैसी का नाम लिए बग़ैर ममता ने जलपाइगुड़ी में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, "अल्पसंख्यकों के वोट को बांटने के लिए उन्होंने (बीजेपी) ने हैदराबाद की एक पार्टी को पकड़ा है. बीजेपी उन्हें पैसे देती है और वो अल्पसंख्यकों के वोट को बांट रही है. बिहार के चुनाव ने इसे साबित कर दिया है.''

    हाल ही में बिहार में हुए विधानसभा चुनाव में एनडीए ने महागठबंधन पर जीत हासिल की थी. ओवैसी की पार्टी ने ग़ैर-एनडीए ग़ैर-महागठबंधन एक अलग गठबंधन बनाया था और उनकी पार्टी को पाँच सीटों पर जीत हासिल हुई थी.

    लेकिन बिहार चुनावी नतीजों में वोटों के आधार पर यह साबित नहीं होता कि ओवैसी की पार्टी के उम्मीदवार के कारण महागठबंधन के किसी उम्मीदवार की हार हुई थी और उस सीट पर बीजेपी या एनडीए के उम्मीदवार की जीत हुई थी.

    ममता ने जलापाइगुड़ी में बीजेपी पर हमला करते हुए इसकी तुलना चंबल के डकैतों से कर दी.

    ममता ने कहा कि बीजेपी ने 2014, 2016 और 2019 के चुनावों में कहा था कि सात चाय बागानों को दोबारा खोला जाएगा और केंद्र सरकार उसको अपने नियंत्रण में ले लेगी. ममता ने आगे कहा, "अब बीजेपी नौकरी का वादा कर रही है. वो दरअसल लोगों को धोखा दे रही है.''

    ममता ने सीएए, एनआरसी और एनपीआर के मुद्दे पर भी बीजेपी को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि असम यहां से बहुत नज़दीक है, जहाँ 19 लाख बंगालियों को एनआरसी लिस्ट से हटा दिया गया.

  5. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े किसान संघ का एमएसपी को लेकर प्रदर्शन

  6. दिल्ली के एम्स में नर्सों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी

    दिल्ली के एम्स में नर्स सोमवार (14 दिसंबर) दोपहर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हुए हैं. हड़ताली नर्सों में पुरुष और महिलाएं दोनों हैं.

    इससे एम्स में स्वास्थ्य सेवाओं को जारी करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन एम्स की नर्स यूनियन तब तक हड़ताल वापस लेने की बात नहीं कर रही है जब तक कि उनकी मागें पूरी नहीं हो जाती हैं.

    नर्सों की यूनियन की कुल 23 मांगे हैं लेकिन इनमें से दो मांग प्रमुख है.

    यूनियन की पहली मांग छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने को लेकर है और दूसरी मांग कॉन्ट्रैक्ट पर नर्सों की बहाली नहीं करने को लेकर है.

  7. जामिया मामले के एक साल: मार्च कर रहे छात्रों को हिरासत में लिया गया

    दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के नज़दीक हो रहे कैंडललाइट मार्च के दौरान पुलिस के कुछ छात्रों को हिरासत में लेने की ख़बर है. छात्र नेता उमर खालिद की मां को भी हिरासत में लिया गया है.

    उमर ख़ालिद के पिता ने बीबीसी संवाददाता कीर्ति दुबे को बताया है कि उमर की मां और कुछ और छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया है.

    हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि उन्हें कहां ले जाया गया है.

    उमर की मां और जामिया मिल्लिया इस्लामिया की कुछ छात्राएं 15 दिसंबर 2019 की घटना की याद में हुए एक मार्च में शामिल हुई थीं. साल भर पहले इसी दिन जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी की लाइब्रेरी में पुलिस घुसी. छात्रों का आरोप था कि पुलिस ने उन्हें पीटा और उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े.

    वहीं एएनआई ने दिल्ली पुलिस के हवाले से कहा है कि नागरिकता संशोधन क़ानून के विरोध के एक साल पूरे होने को लेकर कुछ लोगों ने बटला हाऊस में एक कैंडललाइट मार्च का आयोजन किया था. पुलिस ने उन्हें वहां से हटाया और उन्हें घर लौट जाने को कहा.

  8. बीजेपी असली टुकड़े-टुकड़े गैंग हैः सुखबीर बादल

    केंद्र सरकार के तीन कृषि क़ानूनों का विरोध कर रहे किसानों के विरोध प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि बीजेपी असली टुकड़े-टुकड़े गैंग है.

    उन्होंने बीजेपी पर ये आरोप लगाया कि वो पंजाब में हिंदुओं को सिखों के ख़िलाफ़ कर रही है.

    सुखबीर सिंह बादल ने ये भी कहा है कि बीजेपी को कृषि क़ानूनों के मुद्दे पर अपना अड़ियल छोड़ देना चाहिए और किसानों की मांग स्वीकार करना चाहिए.

    बादल ने बीजेपी को हिंदुओं को सिखों के ख़िलाफ़ करने की किसी कोशिश को लेकर आगाह भी किया है.

    उन्होंने कहा कि अगर कोई केंद्र सरकार के पक्ष में बोलता है, तो उसे देश भक्त कहा जाता है और अगर वो इसके ख़िलाफ़ बोलता है तो उसे टुकड़े-टुकड़े गैंग कहा जाता है.

    बीजेपी इस देश में असली टुकड़े-टुकड़े गैंग है. इसने राष्ट्रीय एकता को टुकड़ों में बांट दिया है. हिंदुओं को मुसलमानों के ख़िलाफ़ कर दिया है. और अब वे अमनपसंद पंजाबी हिंदुओं को सिखों के ख़िलाफ़ भड़का रहे हैं.

  9. किसान नेताओं की चेतावनी, बुधवार को दिल्ली-नोएडा के चिल्ला बोर्डर पर होगा चक्का जाम

    केंद्र सरकार के कृषि क़ानूनों का विरोध कर रहे किसान नेताओं ने अपना रवैया सख़्त करते हुए मंगलवार को कहा कि वे सरकार को ये क़ानून वापस लेने के लिए मजबूर कर देंगे.

    उन्होंने ये भी कहा कि उनकी लड़ाई अब उस मोड़ पर पहुंच गई है जहां वे इसे जीतने के लिए ठान चुके हैं, इसके लिए चाहे जो कुछ भी हो जाए.

    किसान नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे बुधवार को दिल्ली और नोएडा के बीच चिल्ला बोर्डर पर पूरी तरह से चक्का जाम करेंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ सिंघु बोर्डर पर किसान नेताओं के प्रेस कॉन्फ्रेंस में किसान नेता जगजीत दल्लेवाल ने कहा, "सरकार कहती है कि वो इन क़ानूनों को वापस नहीं लेगी. हम कह रहे हैं कि हम उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर कर देंगे."

    उन्होंने कहा, "हम बातचीत से भाग नहीं रहे हैं लेकिन सरकार को हमारी मांगों पर ध्यान देना होगा और ठोस प्रस्तावों के साथ सामने आना होगा."

    इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को कई अन्य किसान नेताओं ने भी संबोधित किया. इस विरोध प्रदर्शन के दौरान जिन किसानों की मौत हुई, उन्हें 20 दिसंबर को श्रद्धांजलि देने के लिए अपील जारी की गई है.

    किसान नेता ऋषिपाल ने बताया कि नवंबर के आख़िरी हफ़्ते से जब से ये विरोध प्रदर्शन शुरू हुए हैं, हर दिन एक किसान की मौत हुई है.

    इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दिल्ली की सीमा पर विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों को एक साज़िश के तहत गुमराह किया गया है.

  10. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर

    बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', सुनिए फ़ैसल मोहम्मद अली से.

  11. कार्टून: बाहर कोरोना है

    संसद के शीत सत्र के ना होने की खबर पर आज का कार्टून

  12. भारत में कोरोना टीकाकरण का प्लान क्या है?

    कोरोना वैक्सीन का टीका भारत में लोगों को किस प्रक्रिया के तहत और कैसे लगाया जाएगा इसे लेकर केंद्र सरकार ने दिशानिर्देश जारी कर दिए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, केंद्र सरकार के विभिन्न निर्देशों में से एक निर्देश यह है कि प्रत्येक दिन हर सत्र में 100-200 लोगों को टीका दिया जाएगा. जिसके बाद आधे घंटे तक उन लोगों पर नज़र रखी जाएगी कि किसी पर इसके प्रतिकूल प्रभाव तो नहीं हैं.

    इसके अलावा एक वक़्त पर सिर्फ़ एक व्यक्ति को टीके के लिए सेंटर के अंदर जाने की अनुमति होगी.

    जानिए सरकार के दिशा निर्देशों में क्या-क्या अहम बातें हैं?

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य को अस्पताल से मिली छुट्टी

    पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.

    क़रीब एक सप्ताह तक अस्पताल में रहने के बाद उन्हें मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

    उन्हें सांस लेने में तकलीफ़ थी, जो सप्ताह भर पहले काफी बढ़ गई थी. इसके बाद उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

  14. ‘कोविड-19 की ड्यूटी में लगे डॉक्टरों को छुट्टी देने पर विचार हो’

    बीते 7-8 महीनों से कोविड-19 की ड्यूटी में लगे डॉक्टरों को सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से छुट्टी देने को कहा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि लगातार काम डॉक्टरों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है.

    जस्टिस अशोक भूषण, आएस रेड्डी और एमआर शाह की खंडपीठ कोविड-19 मरीज़ों के इलाज और अस्पतालों में गरीमामय तरीक़े से शवों को संभालने के मामले पर सुनवाई कर रही थी.

    सुप्रीम कोर्ट ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को डॉक्टरों को छुट्टी देने के सुझाव पर विचार करने को कहा है.

    मेहता ने बेंच को भरोसा दिलाया कि सरकार कोविड-19 की ड्यूटी में लगे स्वास्थ्यकर्मियों को छुट्टी देने के सुझाव पर विचार करेगी.

    सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर भी हैरत जताई कि गुजरात में फ़ेस मास्क न पहनने से 90 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया जबकि राज्य सरकार कोविड-19 के दिशानिर्देश लागू करने में नाकाम रही है.

  15. प्रदर्शनकारी किसानों के सामने साफ़-सफ़ाई की चुनौती

    दिल्ली की बॉर्डर पर बीते कई दिनों से हज़ारों किसान डटे हुए हैं. प्रदर्शनकारी किसानों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.

    इन किसानों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि इसके बावजूद भी ये किसान वापस लौटने को तैयार नहीं.

    इन लोगों के लिए यहां शौच और साफ़-सफ़ाई की क्या व्यवस्था है?

    बीबीसी संवाददाता बुशरा शेख़ की रिपोर्ट.

  16. कोरोना टीकाकरण अभियान के लिए ख़ास तैयारियां कर रही है सरकार

    कोरोना वायरस की स्थिति को लेकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया कि प्रति 10 लाख की जनसंख्या पर कोरोना के कुल मामले भारत में सबसे कम हैं. भारत में जहां यह संख्या प्रति दस लाख पर 7,178 है वहीं दुनियाभर का औसत 9,000 मामले हैं.

    उन्होंने कोरोना का टीका लगाने की तैयारियों पर कहा कि इसके लिए 29,000 कोल्ड चेन पॉइंट्स, 240 वॉक इन कूलर्स, 70 वॉक इन फ़्रीज़र्स, 45,000 आइस लाइंड रेफ़्रिजरेटर, 41,000 डीप फ़्रीज़र्स और 300 सोलर रेफ़्रिजरेटर इस्तेमाल होंगे और यह सभी सामान राज्य सरकारों के पास भेजे जा चुके हैं.

    राजेश भूषण ने बताया कि टीकाकरण के बाद विपरीत मामलों का सामने आना एक गंभीर विषय है, जब हम एक यूनिवर्सल टीकाकरण कार्यक्रम चला रहे हैं तब इसके कुछ विपरीत परिणाम देखे जा सकते हैं, यह गर्भवती महिलाओं और बच्चों में देखे जा सकते हैं.

    उन्होंने कहा, “इसलिए कोविड-19 का टीकाकरण जब शुरू होगा तब हम किसी प्रतिकूल घटना की संभावना से इनकार नहीं कर सकते. जिन देशों में टीकाकरण शुरू हो चुका है ख़ासतौर से ब्रिटेन में, वहां पर भी पहले दिन से विपरीत मामले सामने आए हैं. इसलिए यह ज़रूरी है कि राज्य और केंद्र शासित प्रदेश भी इसके लिए तैयार रहें.”

    इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस में नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉक्टर वी.के. पॉल ने कहा कि इस सप्ताह ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ़ इंडिया ने भारत की एक और वैक्सीन के क्लीनिकल ट्रायल की अनुमति दी है.

    उन्होंने बताया कि जेनोआ कंपनी भारत सरकार की रिसर्च एजेंसी डिपार्टमेंट ऑफ़ बायोटेक्नोलॉजी की मदद से वैक्सीन बना रही है, इस समय देश में छह वैक्सीन का क्लीनिकल ट्रायल चल रहा है.

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, किसानों को भ्रमित करने के लिए साज़िश चल रही है - पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि जो कृषि सुधार किये गए हैं ये वही कृषि सुधार हैं जिनकी किसान संगठन और यहां तक की विपक्ष भी कई सालों से मांग कर रहे थे.

    मोदी ने कहा कि भारत सरकार हमेशा से किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है.

    मोदी गुजरात के कच्छ में डीसेलिनेशन प्लांट और हाइब्रिड रिन्यूएबल एनर्जी पार्क की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में पहुंचे थे जहां उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी मौजूद थे.

    इस मौक़े पर प्रधानमंत्री ने और कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इस मौक़े पर प्रधानमंत्री ने कृषि सुधार के लिए उठाए गए क़दम पर भी अपनी बात रखी.

    मोदी ने कहा कि “हम किसानों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि हम हमेशा उनकी चिंताओं को दूर करेंगे. जो लोग विपक्ष में बैठे हैं और आज किसानों को भ्रमित कर रहे हैं, वे अपनी सरकार होने के दौरान इन्हीं कृषि सुधारों का समर्थन करते थे.“

    “वे अपनी सरकार होने के दौरान निर्णय नहीं कर सके. आज जब देश ने एक ऐतिहासिक क़दम उठाया है तो ये लोग किसानों को गुमराह कर रहे हैं. किसानों को भ्रमित करने के लिए दिल्ली के आसपास एक साज़िश चल रही है. उन्हें डराया जा रहा है कि नए कृषि सुधारों के बाद किसानों की ज़मीन दूसरों के कब्ज़े में आ जाएगी.“

    गुजरात का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यहां खेती, मत्स्यपालन और डेरी उत्पादन के क्षेत्र में बीते दो दशकों में काफी प्रगति हुई है और इसका कारण सरकार की कम दखलंदाज़ी है.

    उन्होंने किसानों के लिए अच्छी योजनाएं लाने के लिए गुजरात सरकार की प्रशंसा की और कहा कि यहां की सरकार ने अपने किसानों और कोऑपरेटिव्स को सशक्त बनाया है.

  18. किसान आंदोलन: राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पर क्या हैं हालात

    किसान आंदोलन: राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पर क्या हैं हालात, ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी के सहयोगी समीरात्मज मिश्र

    (कैमरा- बुशरा शेख़)

    आप इस वीडियो को यूट्यूब पर देख सकते हैं.

  19. मार्क ज़करबर्ग ने बताया, फ़ेसबुक के लिए क्यों ख़ास है भारत

    भारतीय बाज़ार की अहमियत का जिक्र करते हुए फ़ेसबुक के सीईओ मार्क ज़करबर्ग ने मंगलवार को कहा कि उनकी कंपनी के लिए भारत 'बेहद ख़ास और महत्वपूर्ण' है क्योंकि यहां लाखों लोग उनके प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते हैं.

    उन्होंने कहा कि फ़ेसबुक पर कुछ नए फ़ीचर दुनिया भर में शुरू किए जाने से सबसे पहले भारत में लॉन्च किए जा रहे हैं.

    'फ़ेसबुक फ़्यूल फ़ॉर इंडिया 2020' इवेंट के दौरान फ़ेसबुक के सीईओ मार्क ज़करबर्ग ने कहा, "भारत हमारे लिए बेहद ख़ास और महत्वपूर्ण है. यहां लाखों लोग अपने दोस्तों और परिवार के लोगों से संपर्क में रहने के लिए हमारे प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते हैं. चाहे वो व्हॉट्सऐप मैसेज हो, या फ़ेसबुक पोस्ट हो या फिर इंस्ट्राग्राम पर तस्वीरें हों."

    "देश भर के लाखों छोटे कारोबारी अपने ग्राहकों तक पहुंचने के लिए, ऑर्डर मैनेज करने के लिए और अपना कारोबार बढ़ाने के लिए व्हॉट्सऐप बिज़नेस और मैसेंजर सर्विस का इस्तेमाल करते हैं. और सच तो ये है कि हमारे कुछ नए फ़ीचर्स को दुनिया भर में लॉन्च किए जाने से पहले उसकी टेस्टिंग हम भारत में करते हैं."

  20. ब्रितानी पीएम होंगे भारतीय गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि

    ब्रितानी विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने कहा है कि प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अगले साल ब्रिटेन में होने वाले जी7 देशों के सम्मेलन में शामिल होने का न्योता दिया है. अगले साल होने वाले जी7 देशोंकेसम्मेलन की अध्यक्षता ब्रिटेन कर रहा है.

    उन्होंने ये भी बताया कि प्रधानमंत्री ने भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के मोदी ने न्योते को स्वीकार कर लिया है.

    भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि बोरिस जॉनसन के गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होना दोनों देशों के बीच नए रिश्तों में एक नए दौर के आगाज़ होने जैसा होगा.