You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमरीकी सुप्रीम कोर्ट में डोनाल्ड ट्रंप को झटका लगा- आज की बड़ी ख़बरें

राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों को ख़ारिज करने की डोनाल्ड ट्रंप की कोशिशों को सुप्रीम कोर्ट ने नकारा.

लाइव कवरेज

  1. लालू यादव को ज़मानत के लिए करना होगा इंतज़ार, छह सप्ताह बाद सुनवाई

    रवि प्रकाश,

    राँची से बीबीसी हिन्दी के लिए

    अविभाजित बिहार के बहुचर्चित पशुपालन घोटाला के दुमका कोषागार मामले में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की ज़मानत पर सुनवायी टल गई है.

    अगली सुनवायी छह सप्ताह के बाद होगी. उनके वकील ने शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट से पूरक एफ़िडेविट के लिए 20 दिनों के समय की माँग की थी.

    इससे पहले झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की अदालत ने उन्हें आधी सज़ा पूरी करने से संबंधित दस्तावेज़ों की सर्टिफ़ाइड कॉपी जमा कराने के लिए कहा था.

    यह कॉपी लालू यादव के वकीलों को अभी नहीं मिल सकी है. लिहाजा, इस मामले में समय की माँग की गई है.

    पशुपालन घोटाले के तीन मामलों में उन्हें पहले ही ज़मानत मिल चुकी है. ऐसे में यह ज़मानत लालू यादव के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसके बाद उनके जेल से बाहर निकलने की क़ानूनी अड़चनें दूर हो जाएँगी.

    72 साल के लालू यादव 23 दिसंबर, 2017 से रांची के बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में बंद हैं.

    हालाँकि, इस दौरान ज़्यादातर वक़्त उन्होंने अस्पतालों में काटा है. अभी वे राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ (रिम्स) में इलाज करा रहे हैं.

    इससे पहले उनका इलाज एम्स में भी कराया गया था. उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक़, उनकी किडनी सौ फ़ीसदी काम नहीं करती है. इसके अलावा उन्हें कई और बीमारियाँ भी हैं.

  2. अमेरिकी विशेषज्ञों ने की फ़ाइज़र वैक्सीन की सिफ़ारिश

    अमेरिकी एजेंसी ‘फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन’ (एफ़डीए) को सलाह देने वाले चिकित्सा विशेषज्ञों ने फ़ाइज़र-बायोएनटेक द्वारा विकसित कोविड वैक्सीन के आपातकालीन उपयोग की सिफ़ारिश की है.

    23 विशेषज्ञों के एक दल ने फ़ाइज़र कंपनी की कोविड वैक्सीन को इस्तेमाल के लिए सुरक्षित पाया है.

    फ़ाइज़र की वैक्सीन को ब्रिटेन, कनाडा, बहरीन और सऊदी अरब में पहले ही मंज़ूरी मिल चुकी है.

    फ़ाइज़र इंडिया ने भारत में भी अपनी कोविड वैक्सीन के आपात इस्तेमाल की अनुमति माँगी है.

    अमेरिकी अधिकारियों ने बताया है कि एफ़डीए द्वारा फ़ाइज़र की वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल की आधिकारिक मंज़ूरी अगले कुछ दिनों में मिलने की उम्मीद है.

    एफ़डीए के विशेषज्ञों द्वारा इस वैक्सीन को मंज़ूरी मिलने के ख़बर, अमेरिका में एक दिन के अंदर तीन हज़ार से अधिक लोगों को कोविड-19 से मौत होने के एक दिन बाद आयी है.

    यह पूरी दुनिया में, एक दिन के भीतर कोविड से मरने वालों का ‘सबसे बड़ा आँकड़ा’ है.

    अमेरिका के स्वास्थ्य मंत्री ने बुधवार को कहा था कि एफ़डीए अगर फ़ाइज़र की वैक्सीन को मंज़ूरी देता है, तो कुछ ही दिनों के भीतर अमेरिका में टीकाकरण शुरू किया जा सकेगा.

    अमेरिका में टीकाकरण के वितरण का काम करने वाली एजेंसी ने भी कहा है कि मंज़ूरी मिलने के 24 घंटे में ही वैक्सीन की डिलीवरी शुरू हो जायेगी.

    फ़ाइज़र की रणनीति के अनुसार, अमेरिका में कंपनी पहले चरण में क़रीब 65 लाख वैक्सीन देने वाली है.

    यह वैक्सीन दो डोज़ में दी जाती है, इस हिसाब से पहले चरण में लगभग 32 लाख लोगों को यह टीका दिया जा सकेगा.

    अमेरिका के सेंटर्स फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने कहा है कि अमेरिका में क़रीब 21 मिलियन (दो करोड़ से अधिक) स्वास्थ्यकर्मी हैं और किसी भी वैक्सीन को मंज़ूरी मिलने के बाद, सबसे पहले इस समूह का टीकाकरण होना चाहिए.

    अमेरिका में इस बात पर फ़िलहाल सहमति नहीं बनी है कि किन्हें और किस तरह वैक्सीन दी जायेगी.

    दवा कंपनी मॉडर्ना और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ हेल्थ भी अपने यहाँ विकसित वैक्सीन के आपात इस्तेमाल की मंज़ूरी चाहते हैं.

    इन दोनों ने भी अमेरिकी प्रशासन से अनुमति के लिए आवेदन किया है.

  3. केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा के हाथों अवॉर्ड लेने से इनकार करने वाले डॉक्टर वरिंदर पाल सिंह से बीबीसी की बातचीत

  4. कोरोना अपडेटः 24 घंटे में लगभग 30 हज़ार नए मामले

    भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 29,398 नए मामले सामने आए हैं और 414 लोगों की मौत हुई है.

    इसके साथ ही देश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 97,96,770 हो गई है.

    अब तक कुल 1,42,186 लोगों की मौत हुई है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताज़ा आँकड़ों के मुताबिक़ अभी सक्रिय मामलों की संख्या 3,63,749 है.

  5. किसानों से बातचीत जारी रखने को तैयार केंद्र सरकार

    केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसानों द्वारा मोदी सरकार का संशोधन प्रस्ताव ठुकराये जाने के एक दिन बाद किसान संगठनों से प्रस्ताव पर दोबारा विचार करने की अपील की है.

    सरकार ने कहा है कि वो खुलकर बातचीत करने के लिए तैयार है. इस बीच किसानों ने ‘रेल रोको’ अभियान की घोषणा की है.

    किसानों ने कहा है कि अगर सरकार ने तीनों कृषि क़ानून वापस नहीं लिये, तो वो देश भर में ट्रेनों को रोकेंगे.

    दिल्ली की सीमा पर हरियाणा-पंजाब-उत्तर प्रदेश के किसान बीते 16 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं.

    दिल्ली-हरियाणा के सिंघु बॉर्डर पर भारी संख्या में किसान डटे हुए हैं.

    किसान संगठनों ने सरकार से यह सवाल किया है कि अगर कृषि राज्य सरकारों का मुद्दा है, तो केंद्र सरकार ने इससे संबंधित क़ानून कैसे पास किए?

    इसके जवाब में गुरुवार को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, “केंद्र सरकार ने यह क़ानून पूरे देश के लिए बनाया है और किसानों को इससे फ़ायदा हुआ है.”

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज में आपका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर किसान आंदोलन के साथ देश और दुनिया की तमाम बड़ी ख़बरों से आपको अवगत कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स देखने के लिए यहाँ क्लिक करें.