You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारती सिंह की जमानत ख़ारिज की जाए, एनसीबी ने दायर की अपील - आज की बड़ी ख़बरें

भारती सिंह और उनके पति को 21 नवंबर को एनसीबी ने गिरफ्तार किया था. उस वक्त एनसीबी ने बताया था कि भारती सिंह के घर पड़े छापे में 86.5 ग्राम गांजा बरामद हुआ है.

लाइव कवरेज

  1. कोविडशील्ड वैक्सीन सुरक्षित है – सीरम इंस्टीट्यूट

    सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया (एसआईआई) ने कहा है कि ब्रिटेन की दवा कंपनी एस्ट्राज़ेनेका की कोविड वैक्सीन ‘कोविडशील्ड’ सुरक्षित है.

    दरअसल पुणे स्थित कंपनी एसआईआई इस वैक्सीन का परीक्षण कर रही है.

    40 वर्षीय एक व्यक्ति का दावा है कि परीक्षण में वैक्सीन दिए जाने के बाद उन्हें गंभीर "न्यूरोलॉजिकल और साइकोलॉजिकल" लक्षणों का सामना करना पड़ा.

    लेकिन एसआईआई का कहना है कि चेन्नई के इस वॉलंटियर को जो समस्या हुई उसका वैक्सीन ट्रायल से कोई लेना-देना नहीं है.

    एसआईआई ने कहा है, “सभी ज़रूरी प्रक्रियाओं का पालन किया गया था. प्रिंसिपल इंवेस्टिगेटर, डीएसएमबी और एथिक्स कमेटी ने कहा है कि ये समस्या वैक्सीन परीक्षण से संबंधित नहीं था.”

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक ख़बर के अनुसार अनाम वॉलंटियर की तरफ से आईसीएमआर, एसआईआई, एस्ट्राज़ेनेकाऔर ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ़ इंडिया को एक शिकायत भेजी गई थी, जिसमें मुआवज़े में पांच करोड़ रुपये और वैक्सीन के परीक्षण, निर्माण और वितरण को स्थगित करने की मांग की गई है.

  2. सभी आमंत्रित किसान नेता बैठक में होंगे शामिल

    केंद्र सरकार की ओर से आमंत्रित 32 किसान नेताओं में से एक पंजाब किसान यूनियन के अध्यक्ष रूलदू सिंह मानसा ने पत्रकारों से बातचीत में पुष्टि की कि सभी आमंत्रित किसान यूनियन के नेता केंद्र सरकार के साथ तीन बजे होने वाली बैठक में शामिल होंगे.

    उन्होंने कहा कि वो ढाई बजे बैठक स्थल विज्ञान भवन के लिए निकल जाएंगे.

    किसान नेता रूलदू सिंह ने कहा कि अगर बैठक में किसानों की मांगें मान ली जाती हैं और वार्ता सफल रहती है तो आंदोलन वापस ले लिया जाएगा.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, किसानों को बुलाया है, मांग पर सड़क पर बात नहीं होतीः कृषि मंत्री

    केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि मांगों पर सड़क पर बात नहीं होती है. उन्होंने कहा कि किसानों को आज तीन बजे बातचीत के लिए बुलाया गया है और वो आएंगे तो उनका स्वागत है.

    कई दिनों से दिल्ली की सीमा पर प्रदर्शन कर रहे किसानों को केंद्र सरकार ने आज दोपहर तीन बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में बातचीत के लिए न्योता दिया है.

    लेकिन कुछ किसान संगठनों का कहना है कि सरकार ने सिर्फ 32 यूनियनों और उनके नेताओं को वार्ता के लिए आमंत्रित किया है. वो चाहते हैं कि देश भर के सभी किसान संगठनों को बुलावा भेजना चाहिए.

    इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर पहुंचे हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, जेपी नड्डा के घर किसान आंदोलन को लेकर अहम बैठक में हिस्सा लेने के लिए दोनों नेता वहां गए हैं.

    कहा जा रहा है कि इस बैठक में किसानों के साथ दोपहर को होने वाली बातचीत पर रणनीति को लेकर चर्चा हो रही है.

    इस बीच किसान दिल्ली की सीमा पर डटे हुए हैं. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सिंघु और टिकरी बॉर्डर को बंद कर दिया है और आने-जाने वालों को दूसरे रास्ते लेने के लिए कहा है.

  4. भारत: 24 घंटे में संक्रमण के 31 हज़ार मामले, 482 मौतें

    भारत में बीते 24 घंटे में कोविड-19 संक्रमण के 31,118 नए मामले दर्ज किए गए हैं और 482 लोगों की मौत हुई है.

    इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या अब 94 लाख 62 हज़ार 810 हो गई है और मरने वालों का आंकड़ा भी एक लाख 37 हज़ार 621 जा पहुंचा है.

    भारत में इस वक़्त कुल सक्रिय मामलों की संख्या 4 लाख 35 हज़ार 603 है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक़, कुल 88 लाख 89 हज़ार 585 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं. बीते 24 घंटे में 41,985 लोग ठीक हुए हैं.

  5. ‘बैठक में नहीं जाने का फ़ैसला किया’

    केंद्र सरकार ने आज कृषि क़ानूनों का विरोध कर रहे किसानों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया है. लेकिन किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी पंजाब के महासचिव का कहना है कि हमने बैठक में नहीं जाने का फ़ैसला किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, उन्होंने इसकी वजह बताई कि पंजाब के 32 किसान संगठनों को बातचीत का न्योता दिया गया है, लेकिन देश के सभी संगठनों को बुलावा नहीं भेजा गया.

    उनका कहना है कि ये देश के किसानों में फूट डालने वाली बात है.

    किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी पंजाब के महासचिव, “बातचीत से पहले प्रधानमंत्री जी ने फैसला सुना दिया है​ कि हमारे कृषि क़ानून बहुत बढ़िया हैं तो इस तरह के माहौल में बातचीत का अंदाजा हमें लग गया है.”

  6. जम्मू-कश्मीर में ज़िला विकास परिषद के लिए दूसरे चरण का मतदान जारी

    जम्मू-कश्मीर में ज़िला विकास परिषद चुनाव के लिए दूसरे चरण का मतदान हो रहा है.

    डीडीसी के लिए दूसरे चरण के मतदान में कुल 321 उम्मीदवारों की किस्मत का फ़ैसला होना है.

    जम्मू में बीबीसी हिंदी के सहयोगी पत्रकार मोहित कंधारी के मुताबिक़, मतदान के लिए 2100 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं.

    43 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है. जिनमें से 25 कश्मीर में और 18 जम्मू में हैं.

    दूसरे चरण में लगभग 7.90 लाख पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए 2,142 मतदान केंद्रों पर पहुंच सकते हैं. इन मतदान केंद्रों में 1,305 कश्मीर में और 837 जम्मू में हैं.

    कश्मीर के लगभग सभी बूथ सुरक्षा की नज़र से संवेदनशील हैं. घाटी में मतदान केंद्रों में अतिरिक्त सुरक्षा दी गई है.

    इससे पहले शनिवार 28 नवंबर को पहले चरण का मतदान हुआ था, जिसमें 51.76 फ़ीसदी मतदान हुआ था.

  7. शीतल आमटेः बाबा आमटे की पोती का निधन, हाल ही में परिवार में हुआ था विवाद

  8. ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव के लिए मतदान जारी

    ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है.

    हैदराबाद के इस निकाय चुनाव को काफ़ी दिलचस्प माना जा रहा है क्योंकि इसे लेकर बीजेपी, टीआरएस और एमआईएम के बीच कड़ी टक्कर है.

    पिछले महीने दुब्बका उपचुनाव में टीआरएस के ख़िलाफ़ बड़ी जीत के बाद बीजेपी ने इस निकाय चुनाव में पूरी ताक़त झोंक दी थी.

    बीजेपी ने स्मृति ईरानी, जेपी नड्डा, अमित शाह, प्रकाश जावड़ेकर, योगी आदित्यनाथ, देवेंद्र फडनवीस, तेजस्वी सूर्या जैसे नेताओं को निकाय चुनावों के लिए मैदान में उतारा. ये बड़े बीजेपी नेता हैदराबाद में निकाय चुनाव के लिए रैलियां करते दिखे.

    ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव में 150 पार्षद चुने जाने हैं जिन पर शहर में प्रशासन और आधारभूत ढांचे के निर्माण की ज़िम्मेदारी होती है.

    इमारत व सड़क निर्माण, कूड़े का निपटारा, सरकारी स्कूल, स्ट्रीट लाइट, सड़कों का रखरखाव, शहर योजना, साफ-सफाई और स्वास्थ्य ऐसे मसले हैं जो नगर निगम संभालता है.

    इस समय 1,122 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. आज मतदान के बाद चार दिसंबर को नतीजों की घोषणा होगी.

    एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी भी अपना वोट डालने पहुंचे. उन्होंने हैदराबाद के लोगों से लोकतंत्र को मज़बूत करने के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की.

    टीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव भी अपना वोट डालने पहुंचे.

  9. 'जब तक सभी किसान समूहों को नहीं बुलाया जाता, बातचीत के लिए नहीं जाएंगे'

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, पंजाब किसान संघर्ष समिति के संयुक्त सचिव सुखविंदर सिंह ने कहा, “देश में किसानों के 500 से ज़्यादा समूह हैं. सरकार ने सिर्फ 32 को बातचीत के लिए बुलाया है. बाक़ी को सरकार ने नहीं बुलाया है. जब तक सभी समूहों को नहीं बुलाया जाता, हम बातचीत के लिए नहीं जाएंगे.”

  10. केंद्र सरकार ने आज किसानों को बातचीत के लिए बुलाया

    सैंकड़ों किसान नए कृषि क़ानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमा पर डटे हुए हैं, इस बीच केंद्र सरकार ने आज यानी मंगलवार को तय तारीख़ 3 दिसंबर से तीन दिन पहले ही किसानों को बातचीत के लिए बुलाया है.

    केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसान यूनियनों को बातचीत के लिए आज दोपहर तीन बजे आमंत्रित किया है.

    कृषि मंत्रालय के सचिव संजय अग्रवाल ने एक पत्र जारी कर किसान यूनियन के नेताओं को भारत सरकार के मंत्रियों की उच्चस्तरीय समिति से बातचीत के लिए नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में बुलाया. कृषि मंत्रालय ने कुल 32 यूनियनों और उनके नेताओं को वार्ता के लिए आमंत्रित किया है.

    केंद्र सरकार के इस आमंत्रण पर विचार के लिए किसान यूनियनों के नेता आज सुबह बजे बैठक करेंगे. कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि जो पहले दौर की वार्ता में शामिल थे उन सभी यूनियनों और उनके नेताओं को वार्ता के लिए बुलाया गया है.

    इससे पहले सोमवार को किसानों ने कहा था कि वो दिल्ली ‘निर्णायक लड़ाई’लड़ने पहुँचे हैं और तब तक अपना विरोध-प्रदर्शन जारी रखेंगे जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती हैं.

    प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के पांच एंट्री प्वाइंट बंद करने की चेतावनी दी है. किसान संगठनों का कहना है कि गुरु पूरब मनाने के लिए रुके अमृतसर क्षेत्र के लोग भी मंगलवार को बॉर्डर पर पहुंच सकते हैं.

    इससे पहले भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 3 दिसंबर के निर्धारित वक़्त से पहले बातचीत का ऑफर दिया था, जिसे किसान संगठनों ने ये कहते हुए ठुकरा दिया था कि वो बिना किसी शर्त के बातचीत चाहते हैं.

    इसके बाद सोमवार सुबह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कृषि मंत्री तोमर से 24 घंटे के अंदर-अंदर दूसरी बार मुलाक़ात की थी.

    वहीं राजधानी दिल्ली के सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर लगातार चल रहे किसान आंदोलन की वजह से शहर को होने वाली सब्ज़ी और फलों की आपूर्ति प्रभावित हुई है.

    दिल्ली की सबसे बड़ी फल और सब्ज़ी मंडी आज़ादपुर में आपूर्ति आधी हो गई है.

    आपूर्ति कम होने की वजह से मौसमी सब्ज़ियों की क़ीमत 50 से 100 रुपये तक बढ़ गई है.

  11. नमस्कार! ये बीबीसी हिंदी का लाइव पन्ना है जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट देंगे. सोमवार की ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.