असम के पूर्व सीएम तरुण गोगोई वेंटिलेटर पर रखे गए- आज की बड़ी ख़बरें

देश-दुनिया की सभी बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट आपको यहाँ मिलेंगे. बीबीसी हिंदी का यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

लाइव कवरेज

  1. यूरोप में कोरोना को लेकर WHO ने क्या चेतावनी दी

    वीडियो कैप्शन, WHO ने कहा है कि वैक्सीन का काम अंतिम चरण में है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि कोरोना वैक्सीन का काम आख़िरी चरण में है, पर यूरोप के लिए आने वाले छह महीने मुश्किल रहने वाले हैं.

    यूरोप में एक बार फिर वायरस असर दिखा रहा है और बीते एक हफ़्ते में कोरोना की वजह से यहां 29 हज़ार से ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है.

  2. डोनाल्ड ट्रंप अब भी क्यों नहीं मान रहे हार?

    वीडियो कैप्शन, ट्रंप की क़ानूनी चुनौती भी कई राज्यों में ख़ारिज हो चुकी है.

    अमेरिकी चुनाव नतीजों के मुताबिक़ डेमोक्रेट उम्मीदवार जो बाइडन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं.

    वो जनवरी में दुनिया की सबसे ताक़तवर कुर्सी पर बैठने की तैयारी कर रहे हैं.

    उन्होंने अपने भावी प्रशासन की रूपरेखा बनानी भी शुरू कर दी है.

    वो दुनिया के नेताओं से फ़ोन पर बात कर रहे हैं, लेकिन मौजूदा राष्ट्रपति ट्रंप अपनी हार मानने को तैयार नहीं हैं.

    उन्होंने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए क़ानूनी लड़ाई छेड़ दी है, लेकिन क्या अब उनके पास कोई रास्ता बचा है?

  3. कोरोना वायरसः भारत में संक्रमण के 46 हज़ार से ज़्यादा नए मामले

    कोरोना

    स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ भारत में कोरोना से मरने वालों की संख्या एक लाख 32 हज़ार 726 हो गई है.

    राहत की बात ये है कि 84 लाख से अधिक लोग उपचार के बाद ठीक हो गए हैं.

    पिछले 24 घंटों में 49 हज़ार से अधिक मरीज़ ठीक हुए जबकि संक्रमण के 46,232 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं.

  4. पाकिस्तान: अहमदिया समुदाय के एक डॉक्टर की हत्या, तीन घायल

    ताहिर अहमद पेशे से डॉक्टर थे
    इमेज कैप्शन, ताहिर अहमद पेशे से डॉक्टर थे

    पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के ननकाना ज़िले में अहमदिया समुदाय के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई.

    इस घटना में तीन अन्य घायल हो गए.

    जमात-ए-अहमदिया के प्रवक्ता के अनुसार मारे गए ताहिर अहमद पेशे से डॉक्टर थे और उनकी उम्र 31 साल थी.

    ताहिर अहमद के पिता तारिक अहमद भी इस हमले में घायल हो गए और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. गोलीबारी की इस घटना में अहमदिया समुदाय के दो अन्य लोग भी घायल हो गए.

    प्रवक्ता के अनुसार, एक चरमपंथी ने परिवार पर गोली चला दी क्योंकि वे लोग शुक्रवार की नमाज के लिए घर से बाहर जा रहे थे.

    खबरों के मुताबिक, शूटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

    अहमदिया जमात के प्रवक्ता के अनुसार, अहमदिया लोगों के खिलाफ चल रहे घृणा अभियान ने इस समुदाय के लोगों को उनके घरों में सुरक्षा की भावना से मरहूम कर दिया है. अब ये हालात हो गए हैं कि वे अपने घरों के अंदर भी सुरक्षित नहीं हैं.

    गौरतलब है कि इस वर्ष अहमदिया समुदाय के पांच लोग मारे गए हैं.

  5. अमेरिका चुनाव 2020: जॉर्जिया ने बाइडन की जीत की पुष्टि की

    जो बाइडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनावों के नतीजों के बदलने के राष्ट्रपति ट्रंप के प्रयासों को जॉर्जिया और मिशीगन में तगड़ा झटका लगा है.

    जॉर्जिया ने चुनाव में जो बाइडन की जीत के नतीजे पर मुहर लगा दी है. बाइडन ने यहां 12 हज़ार से अधिक मतों से जीत हासिल की है.

    इसका मतलब ये भी है कि बाइडन को राज्य के इलेक्टोरल कॉलेज के 18 वोट हासिल हो गए हैं.

    वहीं, व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाक़ात के बाद मिशीगन प्रांत के रिपब्लिकन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा है कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है जिसके आधार पर बाइडन की जीत के नतीजे को पलटा जा सके.

  6. नमस्कार! ये बीबीसी हिंदी का लाइव पन्ना है जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट देंगे. गुरुवार की ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.