You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना संक्रमित पाए गए डोनल्ड ट्रंप जूनियर - आज की बड़ी ख़बरें

देश दुनिया की बड़ी ख़बरों पर बीबीसी हिन्दी का लाइव पन्ना.

लाइव कवरेज

  1. आपात अनुमति के लिए आवेदन कर रही है फ़ाइज़र

    अमेरिकी दवा निर्माता कंपनी फ़ाइजर और उसकी पार्टनर बायोनटैक का कहना है कि वो अपनी कोविड-19 वैक्सीन की अनुमति के लिए अमेरिका में आपात आवेदन कर रहे हैं.

    अमेरिका के खाद्य और दवा नियंत्रण विभाग (एफ़डीए) ने कहा है कि उसका लक्ष्य वैक्सीन को दिसंबर के पहले सप्ताह में अनुमति देना है. फ़ाइज़र और बायोनटैक का कहना है कि अनुमति मिलने के कुछ ही घंटों में वो टीके उपलब्ध कराना शुरू कर देंगे.

    हालांकि बीबीसी के स्वास्थ्य संवाददाता का कहना है कि वैक्सीन अभी बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किए जाने से बहुत दूर है क्योंकि शुरुआती टीके अभी भी कम ही मात्रा में हैं.

    वैक्सीन के ट्रायल के उपलब्ध नतीजों के मुताबिक यह 95 प्रतिशत वयस्कों को संक्रमण से सुरक्षा देती है. अमेरीक कंपनी मोडर्ना और एस्ट्रा ज़ेनेका की वैक्सीन भी अंतिम चरण में हैं.

  2. कोरोना संक्रमित पाए गए डोनल्ड ट्रंप जूनियर

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के बड़े बेटे डोनल्ड ट्रंप जूनियर कोरोना संक्रमितपाए गए हैं. 42 वर्षीय ट्रंप इस सप्ताह के शुरू में संक्रमित पाए गए थे और टेस्ट नतीजा आने के बाद से वो अपने कैबिन में क्वारंटीन में हैं.

    उनके प्रवक्ती की ओर से जारी बयान में कहा गया है, 'उनमें अभी तक कोई लक्षण नहीं दिखा है और वो कोविड प्रोटोकॉल के सभी नियमों का पालन कर रहे हैं.' अभी ये पता नहीं चला है कि उनकी पार्टनर किंबर्ली गिलफॉयल संक्रमित हैं या नहीं. पूर्व में फॉक्स न्यूज़ की एंकर रहीं गिलफॉयल जुलाई में संक्रमित पाई गईं थीं और पूरी तरह ठीक हो गईं थीं. उस समय ट्रंप जूनियर को संक्रमण नहीं हुआ था.

    शुक्रवार को ही राष्ट्रपति ट्रंप के विशेष सहायक एंड्रूयू ज्यूलियानी ने भी अपने संक्रमित होने के बारे में बताया है. ज्यूलियानी ट्रंप के व्यक्गित अधिवक्ता रूडी ज्यूलियानी के बेटे हैं. उन्होंने बताया है कि शुक्रवार सुबह टेस्ट नतीजा पता चलने के बाद से उनमें संक्रमण के हल्के लक्षण दिखाई दे रहे हैं.

    अमेरिका में बीबीसी न्यूज़ की साझेदार सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक व्हाइट हाउस में कम से कम चार और सहायक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं. इसी महीने व्हाइट हाउस के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ मार्क मीडोज़ और कई अन्य सहायक कोरोना संक्रमित पाए गए थे. राष्ट्रपति ट्रंप अक्तूबर के पहले सप्ताह में संक्रमित होने के बाद तीन दिन अस्पताल में रहे थे.

  3. पीएम मोदी ने कोरोना वैक्सीन को लेकर की बैठक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम कोरोना वैक्सीन को लेकर विभिन्न मंत्रालय के अधिकारियों के साथ अहम बैठक की.

    उन्होंने ख़ुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी.

    मोदी ने कहा कि बैठक में भारत के टीकाकरण रणनीति और उसके आगे बढ़ने के तरीक़े की समीक्षा की गई.

    इसके अलावा वैक्सीन बनाने में कितनी प्रगति हुई है, उसकी नियामक मंज़ूरी और उसकी ख़रीद के बारे में भी चर्चा हुई.

    बैठक में पीएमओ, नीति आयोग, स्वास्थ्य, विदेश, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधिकारी मौजूद थे.

    हाल ही में फ़ाइज़र, ऑक्सफ़ोर्ड और मॉडर्ना कंपनी ने वैक्सीन ट्रायल के बारे में दावा किया है कि वो काफ़ी प्रभावी हो रहे हैं और बुज़ुर्गों पर भी इसका अच्छा असर हो रहा है.

    भारत में भी वैक्सीन पर काम हो रहा है और बायोटेक का तीसरे चरण का ट्रायल शुरू हो चुका है.

  4. एमपी के कुछ शहरों में रात का कर्फ़्यू लगेगा: शिवराज सिंह चौहान

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार मध्य प्रदेश की सरकार ने कई शहरों में रात का कर्फ़्यू लगाने का फ़ैसला किया है.

    कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण राज्य सरकार ने यह फ़ैसला किया है.

    मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, विदिशा और रतलाम ज़िले में 21 नवंबर से रात का कर्फ़्यू लागू किया जाएगा.

    रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक यह कर्फ़्यू जारी रहेगा.

    सरकार के अनुसार ज़रूरी सेवाओं से जुड़े लोगों और फ़ैक्ट्री के मज़दूरों को इससे छूट दी गई है.

    उधर अहमदाबाद में सरकार ने शुक्रवार (20 नवंबर) रात नौ बजे से सोमवार (23 नवंबर) सुबह छह तक कर्फ़्यू लगा दिया है.

    इस बीच दूध और दवा बेचने वाली दुकानों को खुला रहने दिया जाएगा.

    23 नवंबर से सरकार ने स्कूलों को भी खोलने का फ़ैसला किया था, लेकिन अब उसे फिर टाल दिया गया है.

    हालांकि सरकार के इस फ़ैसले से बहुत लोगों में अफ़रा-तफ़री फैल गई है. लोग बाज़ारों में ख़रीदारी करने लगे हैं.

    लेकिन सबसे ज़्यादा चिंता उन लोगों को हो रही है जिनके यहां शनिवार और रविवार को शादी होनी थी.

    जानकार बता रहे हैं कि अहमदाबाद में इन दो दिनों में एक हज़ार से भी ज़्यादा शादियां होनी थीं, लेकिन अब इन सभी को टालना होगा.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, 10वीं और 12वीं की परीक्षा के शेड्यूल जल्द ही घोषित होंगे: सीबीएसई

    केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कहा है कि 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं ज़रूर होंगी और जल्द ही इसका शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा.

    बोर्ड के सचिव अनुराग त्रिपाठी ने शुक्रवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी.

    कोरोना के बढ़ते प्रकोप के कारण कई संस्थानों ने परीक्षाओं को रद्द या स्थगित किए जाने की माँग की है.

    ऐसे में बोर्ड के सचिव के इस बयान की काफ़ी अहमियत है.

    कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए सीबीएसई डेटशीट आमतौर पर दिसंबर के महीने में जारी कर देती है और फ़रवरी और मार्च के महीने में परीक्षाएं होती हैं.

    लेकिन इस बार छात्रों और अभिभावकों में इस बात को लेकर चिंता है कि साल 2021 में समय पर इम्तिहान होंगे या उसमें कोई बदलाव होगा.

    बोर्ड के सचिव के इस बयान से उन्हें ज़रूर राहत मिली होगी.

  6. बीबीसी हिंदी का ख़ास डिजिटल रेडियो बुलेटिन 'दिनभर' सुनिए

  7. कुणाल कामरा के ख़िलाफ़ अदालत की अवमानना को लेकर एक और मामला

    स्टैंड-अप कॉमेडियन और यूट्यूबर कुणाल कामरा के ख़िलाफ़ एक और ट्वीट को लेकर अदालत की अवमानना का केस चलेगा.

    शुक्रवार को अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने इसकी मंज़ूरी दे दी.

    सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बोबडे के ख़िलाफ़ किए गए ट्वीट को अटॉर्नी जनरल ने अदालत की अवमानना क़रार देते हुए कॉन्टेम्प्ट ऑफ़ कोर्ट एक्ट 1971 की धारा 15 और कॉन्टेम्प ऑफ़ सुप्रीम कोर्ट एक्ट 1975 के तहत अपनी मंज़ूरी दी.

    अदालत की अवमानना का यह मामला 18 नवंबर को किए गए ट्वीट के लिए चलेगा.

    इससे पहले सुप्रीम कोर्ट से रिपब्लिक टीवी चैनल के मालिक और एडिटर-इन-चीफ़ अर्नब गोस्वामी को ज़मानत मिलने के बाद कुणाल कामरा ने 11 नवंबर को कई ट्वीट किए थे.

    इनमें कथित तौर पर चीफ़ जस्टिस, सुप्रीम कोर्ट और अन्य जजों के ख़िलाफ़ बातें कहीं गईं थीं.

    इनको आधार बनाकर इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकील अनुज सिंह ने कुणाल कामरा के ख़िलाफ़ अदालत की अवमानना का केस चलाने की इजाज़त माँगी थी.

    इसी अपील को अटॉर्नी जनरल ने स्वीकार करते हुए कामरा के ख़िलाफ़ केस चलाने की अनुमति दे दी.

    ट्वीट के कारण पैदा हुए हंगामे के बाद भी कामरा ने इस पर किसी तरह की माफ़ी माँगने या अपने ट्वीट को हटाने से इनकार कर दिया था.

    संसदीय समिति ने भी ट्विटर से पूछा था कि उसने ट्वीट को क्यों नहीं हटाया.

  8. केजरीवाल ने कहा- 'नहीं बंद होंगे दिल्ली के बाज़ार'

    दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच, शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के व्यापारियों के प्रतिनिधियों से मुलाक़ात की और उनकी परेशानियाँ सुनीं.

    बैठक के बाद अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, “आज मार्केट एसोसिएशंस के प्रतिनिधियों से मुलाक़ात हुई. मैंने उनकी दुविधा को दूर किया कि दिल्ली सरकार बाज़ारों को बंद नहीं करने वाली है. उन्होंने भी आश्वासन दिया कि बाज़ार में कोई बिना मास्क के घूमे, वो ऐसा होने नहीं देंगे. सभी दुकानों पर अतिरिक्त मास्क और सेनेटाइज़र रखे जायेंगे.”

    शुक्रवार सुबह ही केजरीवाल ने कहा था कि मार्केट एसोसिएशंस कोविड-19 से लड़ने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.

    दरअसल, मंगलवार को दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार को भेजे एक प्रस्ताव के बारे में सूचना दी थी जिसमें कहा गया था कि अगर ज़रूरत पड़ी तो कुछ बाज़ारों को फिर से कुछ दिन के लिए बंद किया जायेगा. इसे लेकर व्यापारी वर्ग में काफ़ी बेचैनी थी.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, पीएम मोदी बोले- ‘जवानों की सतर्कता से मिली नगरोटा में सफलता’

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के नगरोटा में हुई मुठभेड़ में भारतीय सुरक्षा बलों को मिली सफलता के लिए उनकी सराहना की है.

    पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा है, “पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन जैशे-मोहम्मद से जुड़े चार आतंकियों को मार गिराना भारतीय फ़ोर्स की बड़ी सफलता है. जिस मात्रा में उनके पास हथियार और विस्फोटक थे, उसे देखकर लगता है कि वो किसी बड़ी तबाही के मक़सद से आये थे, जिसे एक बार फिर विफल कर दिया गया.”

    उन्होंने लिखा, “हमारे सुरक्षा बलों ने एक बार फिर अत्यंत बहादुरी का प्रदर्शन किया है. सुरक्षा बलों की सतर्कता के कारण ही वो जम्मू-कश्मीर में ज़मीनी स्तर के लोकतांत्रिक अभ्यासों को निशाना बनाने की नापाक साज़िश को नाकाम कर पाये.”

    ऐसा कहा जा रहा है कि पीएम मोदी ने नगरोटा मुठभेड़ को लेकर हुई एक हाई लेवल बैठक के बाद ये ट्वीट किये हैं.

  10. अशोक गहलोत ने कहा- माहौल बिगाड़ने के लिए बीजेपी ने गढ़ा 'लव-जिहाद'

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कथित लव-जिहाद के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी की नीयत पर सवाल उठाये हैं.

    उन्होंने शुक्रवार को इस मुद्दे पर सिलसिलेवार तीन ट्वीट किये. उन्होंने लिखा है कि “देश को विभाजित करने और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने ‘लव-जिहाद’ जैसे शब्द का निर्माण किया है.”

    अशोक गहलोत के अनुसार, “विवाह व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मामला है. इस पर अंकुश लगाने के लिए एक क़ानून लेकर आना, पूरी तरह से असंवैधानिक है और यह क़ानून किसी भी अदालत में टिक नहीं पायेगा. प्रेम में जिहाद का कोई स्थान नहीं है.”

    अपने एक ट्वीट में उन्होंने लिखा, “पर भाजपा देश में ऐसा वातावरण बना देना चाहती है, जहाँ सहमति व्यक्त करने वाले दो व्यस्कों को भी राज्य सरकार से दया की भीख माँगनी पड़े. जबकि विवाह करना उनका व्यक्तिगत निर्णय है, पर भाजपा इस पर अंकुश लगाना चाहती है, जो एक नागरिक की व्यक्तिगत स्वतंत्रता को छीनने जैसा है.”

    अंत में गहलोत ने लिखा, “ऐसा लगता है कि यह सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की एक कोशिश है. साथ ही यह उन संवैधानिक प्रावधानों की अवहेलना भी है जो कहते हैं कि यह देश किसी भी आधार पर नागरिकों के साथ भेदभाव नहीं करता है.”

    लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अशोक गहलोत के इस बयान को उनकी ‘छोटी सोच’ का नमूना बताया है.

    राजस्थान बीजेपी के चीफ़ सतीश पूनिया ने कहा है, “हमारी संस्कृति में, विवाह केवल एक व्यक्तिगत पसंद नहीं है, यह धर्म और समाज के अनुमोदन को भी शामिल करता है. 'लव-जिहाद' का एजेंडा और हमारी बेटियों की पीड़ा, हर किसी के लिए स्पष्ट है और इसे नज़रअंदाज़ करना उनकी (अशोक गहलोत) छोटी सोच को दर्शाता है.”

    भाजपा शासित राज्यों- उत्तर प्रदेश और हरियाणा के मुख्यमंत्री कह चुके हैं कि वो लव-जिहाद के ख़िलाफ़ एक मज़बूत क़ानून लाना चाहते हैं. भाजपा के अन्य नेता भी इस मुद्दे को बार-बार उठा रहे हैं.

  11. मेक्सिको में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या एक लाख से अधिक हुई

    मेक्सिको में भी कोविड-19 से मरने वालों की संख्या अब एक लाख से अधिक हो गई है.

    मेक्सिको चौथा ऐसा देश है जहाँ कोविड से मरने वालों की संख्या एक लाख से अधिक हो गई है.

    दुनिया में स्पैनिश भाषा बोलने वालों के सबसे बड़े देश- मेक्सिको से यह ख़बर ऐसे समय में आई है, जब वहाँ कुछ दिन पहले ही एक दिन में संक्रमण के एक लाख से ज़्यादा मामले दर्ज किये गए थे.

    सरकारी अधिकारियों का कहना है कि संक्रमित लोगों की असल संख्या अनुमान से कहीं ज़्यादा हो सकती है.

    मेक्सिको से पहले, अमेरिका, ब्राज़ील और भारत में ही कोविड-19 की वजह से एक लाख से ज़्यादा लोगों की मौत दर्ज की गई थी.

    आलोचक काफ़ी समय से मेक्सिको के राष्ट्रपति पर महामारी को लेकर ख़राब योजना बनाने का आरोप लगाते रहे हैं.

    मार्च में मेक्सिको की सरकार ने यह विज्ञापन भी चलाया था कि ‘कोरोना महामारी कोई इमरजेंसी नहीं है’ और राष्ट्रपति ने मीडिया से कहा था कि ‘ईश्वर से प्रार्थना करके ही इस महामारी से बचा जा सकता है.’

  12. हरियाणा: स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने लगवाया कोरोना का पहला टीका

    हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को कोरोना की एक संभावित वैक्सीन- 'कोवैक्सीन' लगवा ली है. समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, विज ने अंबाला (हरियाणा) के एक अस्पताल में यह टीका लगवाया.

    विज ने स्वयं ही भारत में विकसित किये जा रहे इस टीके के लिए 'सबसे पहला वॉलंटियर' बनने की पेशकश की थी.

    67 वर्षीय भाजपा नेता ने ख़ुद इसकी जानकारी देते हुए बताया था कि शुक्रवार को वे अंबाला के सिविल अस्पताल में टीका लगवाएँगे.

    उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ”मुझे पीजीआई रोहतक और स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम की निगरानी में भारत बायोटेक द्वारा बनाई गई कोरोना वैक्सीन कोवैक्सीन का ट्रायल डोज़ दिया जाएगा.”

    अंबाला कैंट से विधायक अनिल विज ने बुधवार को कहा था कि हरियाणा में कोवैक्सीन के तीसरे चरण का ट्रायल 20 नवंबर से शुरू होगा.

    क्या है कोवैक्सीन?

    कोवैक्सीन टीके को भारत में ही बनाने की कोशिश की जा रही है. इसे भारत बायोटेक नाम की कंपनी इंडियन काउंसिल ऑफ़ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के सहयोग से बना रही है.

    कंपनी ने पिछले सप्ताह कहा था कि उसने पहले और दूसरे चरण के ट्रायल का विश्लेषण पूरा कर लिया है और अब वो तीसरे चरण का ट्रायल शुरू कर रही है.

    कंपनी ने इस सप्ताह बताया कि तीसरे चरण के ट्रायल में देश के 25 केंद्रों पर 26,000 स्वयंसेवियों पर इसका ट्रायल किया जाएगा.

    भारत में ये कोविड-19 वैक्सीन का अब तक का सबसे बड़ा क्लीनिकल ट्रायल है.

    अनिल विज ने इससे पूर्व बताया था कि इंसानों पर कोवैक्सीन का परीक्षण रोहतक के पीजीआई अस्पताल में जुलाई में ही शुरू किया गया था.

    अगले साल आ सकता है टीका

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने उम्मीद जताई है कि 2021 के शुरुआती 2-3 महीनों में वैक्सीन मिलनी शुरू हो जाएगी.

    उन्होंने साथ ही कहा कि 'अगस्त-सितंबर तक हम 30 करोड़ लोगों को वैक्सीन देने की स्थिति में होंगे.'

  13. भारत: 45 हज़ार से अधिक कोरोना केस दर्ज किये जाने का सिलसिला जारी

    • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते 24 घंटे में कोरोना के क़रीब 10 लाख 83 हज़ार टेस्ट किये गए.
    • भारत में कोरोना की वजह से अब तक एक लाख 32 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.
  14. अमेरिका चुनावः ट्रंप को नया झटका, जॉर्जिया में बाइडन की जीत की पुष्टि

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप को एक और झटका लगा है.

    जॉर्जिया के चुनाव अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि वहाँ जो बाइडन ने डोनाल्ड ट्रंप को हरा दिया है.

    वहाँ के शुरूआती नतीजों में जो बाइडन आगे चल रहे थे मगर ट्रंप खेमे की आपत्ति के बाद मतों की दोबारा हाथों से गिनती करवाई गई.

    कुल मतों के हिसाब से अभी जो बाइडन की जीत का अंतर 59 लाख से ज़्यादा है.

    अमरीका के इलेक्टोरल कॉलेज सिस्टम के तहत जो बाइडन के पास 306 और ट्रंप के पास 232 मत हैं. जीत के लिए 270 मतों का होना ज़रूरी है.

    जो बाइडन ने एक बार फिर से हार स्वीकार नहीं करने के लिए डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना की है और उनके इस बर्ताव को निहायती "ग़ैर-ज़िम्मेदाराना" बताया है.

    उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि ट्रंप को पता था कि वो जीतने नहीं जा रहे.

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, यूपी के प्रतापगढ़ में सड़क हादसे में 6 बच्चों समेत 14 की मौत

    उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ ज़िले में प्रयागराज-लखनऊ राजमार्ग पर एक गाड़ी की एक ट्रक से टक्कर में 14 लोगों की मौत हो गई है.

    मीडिया रिपोर्टों में प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के हवाले से बताया जा रहा है कि हाइवे पर एक ट्रक टायर पंक्चर होने की वजह से किनारे खड़ा था और एसवीयू गाड़ी उससे टकरा गई.

    पुलिस अधिकारी के अनुसार गाड़ी में बैठे सभी लोग एक विवाह समारोह से कुंडा इलाक़े में अपने गाँव लौट रहे थे.

    बताया जा रहा है कि हादसा आधी रात को हुआ.

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय ने बताया है कि मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को दुर्घटनास्थल पर जाने और पीड़ितों को हरसंभव मदद देने का निर्देश दिया है.

  16. नमस्कार! ये बीबीसी हिंदी का लाइव पन्ना है जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट देंगे. गुरुवार की ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.