You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

दिल्ली में मास्क ना लगाने पर अब 2,000 रुपये का जुर्माना - आज की बड़ी ख़बरें

देश-दुनिया की ताज़ातरीन ख़बरों के लिए बीबीसी हिंदी के इस लाइव पन्ने से जुड़े रहें.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना: अहमदाबाद में रात का कर्फ़्यू लगाने का फ़ैसला

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार अहमदाबााद में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए सरकार ने रात का कर्फ़्यू लगाने का फ़ैसला किया है.

    शुक्रवार से रात का कर्फ़्यू लगाया जाएगा जो कि रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक रहेगा.

    यह कब तक रहेगा, फ़िलहाल इसकी कोई जानकारी नहीं है.

    अहमदाबाद में कोरोना संक्रमण के अब तक 46 हज़ार से ज़्यादा मामले आ चुके हैं.

    सरकार ने एहतियाती क़दम उठाते हुए कंटेनमेंट ज़ोन की संख्या बढ़ाकर 100 कर दी है.

    गुजरात के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बुधवार को 1340 नए मामले आए. इसे मिलाकर गुजरात में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख 92 हज़ार 982 हो गई है.

    गुजरात में कोरोना से अब तक 3830 लोगों की मौत हो चुकी है.

    बुधवार को सात लोगों की मौत हुई.

  2. बीबीसी हिंदी का ख़ास डिजिटल रेडियो बुलेटिन 'दिनभर' सुनें फ़ेसबुक पर

  3. कोरोना: ऑक्सफ़ोर्ड वैक्सीन के परीक्षण के नतीजे भी उत्साहवर्द्धक

    ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी के ज़रिए तैयार की जा रही कोरोना वैक्सीन के बारे में अच्छी ख़बर सामने आई है.

    वैक्सीन के ट्रायल से जो आंकड़े आए हैं उनकी बुनियाद पर कहा जा सकता है कि 60 और 70 साल के बुज़ुर्गों पर भी इस वैक्सीन का अच्छा असर हो रहा है और इससे इस बात की उम्मीद बढ़ गई है कि वैक्सीन के तैयार हो जाने के बाद कोरोना से सबसे ज़्यादा प्रभावित होने वाले बुज़ुर्गों की जान भी बचाई जा सकेगी.

    प्रख्यात साइंस मैगज़ीन लैनसेट के दूसरे फ़ेज़ के नतीजों के आधार पर वैज्ञानिकों का कहना है कि 560 सेहतमंद व्यस्क वॉलंटियर्स पर किए गए टेस्ट 'उत्साहवर्द्धक' हैं.

    वैज्ञानिक इस बात की भी जाँच कर रहे हैं कि क्या वैक्सीन लोगों में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकती है.

    उम्मीद है कि टेस्ट के तीसरे फ़ेज़ के आंकड़े अगले कुछ हफ़्तों में आ जाएंगे.

    फ़ाइज़र, स्पुतिनक और मॉडर्ना ने पहले ही कहा है कि उनके तीसरे फ़ेज़ के ट्रायल से पता चला है कि उनकी वैक्सीन 65 साल के अधिक लोगों पर भी 94 फ़ीसद प्रभावी होगी.

    ऑक्सफ़ोर्ड की वैक्सीन के आंकड़े अभी शुरुआती फ़ेज़ के हैं जो कि फ़िलहाल वैक्सीन की सुरक्षा और मानव शरीर की प्रतिक्रिया की जाँँच कर रहा है लेकिन लंबे अरसे में इसकी संभावना अधिक है कि इस वैक्सीन को ज़्यादा आसानी से लोगों को दिया जा सके क्योंकि इसे बहुत ज़्यादा ठंडे तापमान पर स्टोर करने की ज़रूरत नहीं है.

    ब्रिटेन की सरकार ने ऑक्सफ़ोर्ड वैक्सीन की 10 करोड़ ख़ुराक, फ़ाइज़र वैक्सीन की चार करोड़ ख़ुराक और मॉडर्ना वैक्सीन की 50 लाख ख़ुराक का ऑर्डर दे दिया है.

    ऑक्सफ़ोर्ड वैक्सीन के शोध के प्रमुख प्रोफ़ेसर एंड्रयू पोलॉर्ड ने बीबीसी से कहा कि उन्हें टेस्ट के नतीजे देखकर बेहद ख़ुशी हुई और 70 साल से अधिक के लोगों में ज़बर्दस्त प्रतिरोधक क्षमता देखी गई.

    उन्होंने कहा कि दूसरी वैक्सीनों से कोई मुक़ाबला नहीं है और कोरोना पर सफलता पाने के लिए कई तरह की वैक्सीनों की ज़रूरत है.

    उन्होंने कहा कि कोरोना की वैक्सीन डिवेलप किए जाने में सबसे बड़ी चुनौती है कि शरीर को वायरस से लड़ने के लिए तैयार किया जा सके, चाहे आदमी कितना ही बुज़ुर्ग क्यों ना हो.

  4. फ़ेसबुक पर कर्मचारियों का आरोप- ‘कोरोना के बावजूद ऑफ़िस आने का दबाव बनाया जा रहा’

    फ़ेसबुक के लिए दुनिया भर में काम करने वाले 200 से अधिक कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि कोरोना महामारी का ख़तरा होने के बावजूद कंपनी उन पर दफ़्तर आने का दबाव बना रही है.

    कंपनी पर यह आरोप एक ‘ओपन लेटर’ (खुला ख़त) के ज़रिये सार्वजनिक हुआ है जिसमें लिखा है कि ‘कंपनी अपने मुनाफ़े के लिए लोगों को ग़ैर-ज़रूरी ख़तरे में डाल रही है.’

    इन कर्मचारियों ने कंपनी से गुज़ारिश की है कि वो उन्हें घर से काम करने की सुविधा दे. साथ ही उनके कुछ भत्ते बढ़ाए जायें.

    कंपनी से जुड़े जिन लोगों ने शिकायत की है, वो सभी फ़ेसबुक पर ‘कंटेट मॉडरेशन’ यानी फ़ेसबुक पर प्रकाशित होने वाली सामग्री में सही और ग़लत की जाँच करने वाले लोग हैं.

    हालांकि, कंपनी ने इसके जवाब में कहा है कि फ़ेसबुक के लिए दुनिया भर में कंटेंट मॉडरेशन करने वाले 15 हज़ार लोगों में से अधिकांश लोग घर से ही काम कर रहे हैं और महामारी के दौर में वो घर से ही काम जारी रखेंगे.

    अगस्त में फ़ेसबुक ने कहा था कि ‘उसके कर्मचारी 2021 की गर्मियाँ आने तक घर से काम कर सकते हैं.’

    बीबीसी संवाददाता जेम्स क्लेटन ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि ‘कर्मचारियों के इस ओपन लेटर ने कुछ ऐसी बातों पर प्रकाश डाला है जिससे पता चलता है कि पर्दे के पीछे सब ठीक नहीं है.’

    कंपनी के संस्थापक मार्क ज़करबर्ग का सपना है कि आने वाले समय में कंटेंट रिव्यू करने के लिए इतने लोगों की ज़रूरत ना पड़े और आर्टिफ़ीशियल इंटेलिजेंस (AI) से सारा काम हो सके. लेकिन इन कर्मचारियों का कहना है कि 'फ़ेसबुक की AI तकनीक अभी पूरी तरह भरोसा करने लायक नहीं है.'

    फ़िलहाल यह साफ़ है कि फ़ेसबुक में आंतरिक स्तर पर कुछ समस्याएं हैं जो इस पत्र के ज़रिये सार्वजनिक हुई हैं.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, दिल्ली में मास्क ना लगाने पर अब 2,000 रुपये का जुर्माना: अरविंद केजरीवाल

    दिल्ली में कोरोना की स्थिति पर चर्चा करने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को एक सर्वदलीय बैठक की जिसके बाद उन्होंने बताया कि ‘वे इस बैठक में मिले सुझावों पर अमल करने की कोशिश करेंगे.’

    इस बैठक के बाद हुई प्रेस वार्ता में उन्होंने दिल्ली सरकार की तैयारियों और कुछ नये निर्णयों के बारे में बताया.

    उन्होंने बताया कि ‘दिल्ली में मास्क ना पहनने वालों पर अब 500 की जगह 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया जायेगा.’

    उन्होंने कहा, “कुछ लोग कहने से भी नहीं मान रहे हैं, वे मास्क नहीं लगा रहे, इसलिए थोड़ी सख़्ती ज़रूरी लग रही है.”

    केजरीवाल ने छठ पूजा करने वालों से आग्रह किया है कि “कोरोना को ध्यान में रखते हुए लोग पानी के सार्वजनिक स्रोतों में इकट्ठा होकर पूजा करने से बचें.”

    उन्होंने चेतावनी दी कि ‘अगर आप एक साथ पानी में छठ पूजा करते हैं, तो इससे बड़े स्तर पर लोगों में कोरोना फैल सकता है.’

    उन्होंने बताया कि दिल्ली में अभी क़रीब साढ़े सात हज़ार बेड उपलब्ध हैं. इनके अलावा दिल्ली में क़रीब साढ़े चार सौ आईसीयू बेड अभी उपलब्ध हैं.

    उन्होंने कहा कि ‘दिल्ली के प्राइवेट अस्पतालों के 80 फ़ीसद आईसीयू बेड्स अब कोरोना के लिए रिज़र्व किये जा रहे हैं.’

    उन्होंने बताया कि ‘दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार मिलकर दिल्ली के लिए 1,400 और बेड्स का बंदोबस्त कर रहे हैं. साथ ही सभी ज़िला अधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने ज़िले में कोविड जाँच केंद्रों की संख्या दोगुनी कर दें.’

    प्रेस वार्ता में दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सभी डॉक्टरों और मेडिकल कर्मचारियों की तारीफ़ की.

    केजरीवाल ने एक ट्वीट में लिखा है, "आज सर्वदलीय बैठक में सभी दलों का सहयोग माँगा. ये वक़्त राजनीति का नहीं, बल्कि सेवा का है. सभी दलों से निवेदन किया कि वे अपने कार्यकर्ताओं से सभी सार्वजनिक स्थलों पर मास्क बँटवायें. सभी दलों ने आश्वासन दिया कि वे राजनीति छोड़कर जनसेवा करेंगे."

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूचना दी है कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के कारोबारियों से भी मुलाक़ात करने वाले हैं, ताकि बाज़ारों को लेकर चर्चा की जा सके. पिछले दिनों बाज़ारों के ज़रिये कोरोना फैलने की काफ़ी चर्चा हुई थी.

    इस बीच दिल्ली हाई कोर्ट ने भी दिल्ली सरकार से सवाल किये हैं. कोर्ट ने दिल्ली सरकार से पूछा है कि ‘शादियों में कितने लोग एकत्र हो सकते हैं, इस पर निर्णय लेने में दिल्ली सरकार को 18 दिन क्यों लग गये.’

    दिल्ली सरकार ने अब शादियों में एकत्र होने वाले लोगों की संख्या घटाकर 50 कर दी है.

  6. अमेरिका में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या ढाई लाख के पार पहुँची

    अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया है कि ‘अमेरिका में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या ढाई लाख से ज़्यादा हो गई है और अमेरिका में कोरोना संक्रमण के मामले एक बार फिर बढ़ रहे हैं.’

    जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार, अमेरिका में अब तक एक करोड़ 15 लाख से ज़्यादा कोरोना केस दर्ज किये जा चुके हैं और गुरुवार तक कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2 लाख 50 हज़ार 537 हो गई है.

    पूरी दुनिया में, अमेरिका इस ‘महामारी से सबसे अधिक प्रभावित’ देश है.

    स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया है कि संक्रमण के मामले एक बार फिर बढ़ रहे हैं.

    बुधवार को अमेरिका में संक्रामक बीमारियों से लड़ने की रणनीति बनाने वाले सबसे वरिष्ठ अधिकारी एंथनी फ़ाउची ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि ‘देश बहुत ही महत्वपूर्ण समय में बहुत ही ग़लत दिशा में गया.’

    उन्होंने कहा, “यह गंभीर स्थिति है. लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे. वो जिन सुझावों को बहुत सामान्य मान रहे हैं, वो असल में काम करते हैं, जैसे – मास्क पहनना, भीड़ में ना जाना, सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखना वगैरह. पर ऐसा लगता है कि लोग सावधानी बरतने से थक चुके हैं.”

    उन्होंने अमेरिका के लोगों से आग्रह किया कि ‘वो कुछ और दिन सावधानी बरतें क्योंकि वैज्ञानिक जल्द से जल्द कोरोना वैक्सीन का काम पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं.’

  7. जम्मू-कश्मीर: नगरोटा एनकाउंटर के बारे में पुलिस ने क्या-क्या बताया

    जम्मू-कश्मीर के नगरोटा में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच हुई मुठभेड़ में चार चरमपंथी मारे गए हैं. इस घटना में दो सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की भी ख़बर है.

    जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक ट्वीट के ज़रिये इस मुठभेड़ की शुरुआती जानकारी दी थी.

    पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह नगरोटा के बन टोल प्लाज़ा के पास हुए इस एनकाउंटर में पुलिस, सीआरपीएफ़ और भारतीय सेना शामिल रहे.

    इस बारे में प्रेस से बात करते हुए जम्मू ज़ोन के आईजी मुकेश सिंह ने कहा, “हमें ख़ुफ़िया सूत्रों से लगातार यह जानकारी मिल रही थी कि सीमा पार से हथियारबंद आतंकवादी हमारी तरफ आ सकते हैं. इसलिए हमने चेकिंग बढ़ा दी थी. कुछ जगहों पर अतिरिक्त सैन्य बल तैनात किये गए थे. गुरुवार सुबह जब नगरोटा के बन टोल प्लाज़ा के पास एक ट्रक को रोका गया, तो उसका ड्राइवर नीचे उतरते ही भाग खड़ा हुआ. हमें जब शक़ हुआ तो ट्रक की तलाशी शुरू की गई. तलाशी के दौरान ही हमारे जवानों पर एक फ़ायर किया गया जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई.”

    “ये एनकाउंटर तक़रीबन तीन घंटे तक चला. इस दौरान हमारे ऊपर ग्रेनेड फेंके गये. लगातार फ़ायरिंग की जाती रही. इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ़ और भारतीय फ़ौज ने भी जम्मू-पुलिस का सहयोग किया. दो पुलिसकर्मी हमारे जख़्मी हुए जो अब ख़तरे से बाहर हैं.”

    मुकेश सिंह ने बताया, “इस एनकाउंटर में मारे गये चारों आतंकवादियों की शिनाख़्त अभी नहीं हो पायी है. इनके पास से भारी असलहा-बारूद बरामद हुआ है. इनके पास 11 एके-47 राइफ़लें थीं. 3 पिस्टल, 30 से ज़्यादा ग्रेनेड और कुछ यंत्र भी उनके पास से मिले हैं. हर आतंकी के पास तीन बड़े हथियार और कुछ छोटे हथियार थे. हाल के दिनों में इतनी भारी मात्रा में असलहा के साथ आतंकी नहीं मारे गये. ऐसा लगता है कि ये जो आतंकी मारे गये हैं, वो किसी बड़े ऑपरेशन को अंजाम देना चाहते थे.”

    पहले सूचना आ रही थी कि ट्रक के ड्राइवर को गिरफ़्तार कर लिया गया है. लेकिन मुकेश सिंह ने बताया कि “ट्रक ड्राइवर अब भी फ़रार है. उसकी तलाश जारी है.”

    पहले जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने दावा किया था कि ‘चारों चरमपंथी जैशे मोहम्मद से जुड़े थे और उन्हें सीमा पार से लगातार निर्देश मिल रहे थे.’

    लेकिन प्रेस कॉन्फ़्रेंस में मुकेश सिंह ने कहा कि “जाँच के बाद ही इस बारे में पुख्ता ढंग से कुछ कहा जा सकेगा. हालांकि जिस तरह के हथियार उनके पास थे, उससे ऐसा लगता है कि ये आतंकी जैशे मोहम्मद से जुड़े थे.”

  8. भारत में कोरोना संक्रमण के फ़िलहाल 4 लाख 43 हज़ार से ज़्यादा सक्रिय मामले

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते 24 घंटे में कोविड-19 से 585 लोगों की मौत हुई है जिनके बाद इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर एक लाख 31 हज़ार 578 हो गई है.

    बताया गया है कि बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 45,576 नये मामले दर्ज किये गए. इन्हें मिलाकर भारत में अब तक 89 लाख 58 हज़ार 483 मामले दर्ज किये जा चुके हैं. 4 लाख 43 हज़ार 303 केस फ़िलहाल सक्रिय हैं.

    इस महीने में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े हैं. इसे देखते हुए सभी राज्य सरकारें अपने-अपने स्तर पर स्थिति की समीक्षा कर रही हैं.

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा है कि वो यह सुनिश्चित करें कि प्राइवेट अस्पताल कोविड-19 के मरीज़ों को उसी रेट पर इलाज मुहैया करायें, जो सरकार ने तय किया है.

    उत्तराखण्ड सरकार में मंत्री मदन कौशिक ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा है कि कोविड-19 के मामलों को देखते हुए उत्तरखण्ड सरकार ने स्कूल-कॉलेज खोलने की तिथि पर पुनर्विचार करने का निर्णय लिया है. उत्तराखण्ड सरकार इस पर नज़र बनाये हुए हैं कि त्योहारों के सीज़न में कोरोना के मामले किस दर से बढ़े हैं.

  9. जम्मू-कश्मीरः सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में जैश के 4 चरमपंथियों की मौत

    जम्मू-कश्मीर के नगरोटा में सुरक्षा बलों और चरमपंथियों के बीच हुई मुठभेड़ में चार चरमपंथी मारे गए हैं वहीं, एक सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए.

    जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ये जानकारी ट्वीट करके दी है.

    पुलिस के अनुसार, गुरुवार की सुबह बन टोल प्लाज़ा के पास हुए इस एनकाउंटर में पुलिस, सीआरपीएफ़ और भारतीय सेना शामिल रहे.

    एक न्यूज़ चैनल से बात करते हुए जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया, "जब भी यहाँ अहम-चैन का माहौल बनता है तो उसके ठेस पहुंचाने के लिए पाकिस्तानी एजेसियाँ अपने यहां जैश-ए-मौहम्मद या लश्कर-ए तैयबा के आतंकियों को भेजती हैं, पर उनकी कोशिश नाकाम हुई."

    ये चरमपंथी ट्रक में सवार थे और कश्मीर घाटी की ओर जा रहे थे.

  10. कोरोना से दिल्ली में बीते 24 घंटों के भीतर 131 की मौत

    दिल्ली में कोरोना वायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है.

    स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आँकड़ों के मुताबिक़ दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के 7,486 नये मामले सामने आये हैं. साथ ही पिछले 24 घंटों में इससे मरने वालों की संख्या 131 पर पहुँच गई.

    अब तक दिल्ली में कोविड-19 से 7,943 मौतें हो चुकी हैं और कुल संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 5,03,084 हो गई है.

  11. अमेरिका में कुछ हफ़्तों में मिल सकती है कोरोना वैक्सीन- स्वास्थ्य विभाग

    अमेरिकी स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि आने वाले हफ़्तों में दो वैक्सीन को अधिकृत कर दिया जाएगा और ये वितरण के लिए तैयार हो सकते हैं.

    बीबीसी के उत्तर अमरीकी संवाददाता पीटर बोज़ ने इसकी जानकारी दी है.

    अमेरिकी दवा कंपनी फ़ाइज़र और इसकी सहयोगी जर्मन कंपनी बायोएनटेक ने अमरीका में आने वाले दिनों में कोविड-19 की वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल की अनुमति के लिए आवेदन किया है.

    फ़ाइज़र का कहना है कि 40 हज़ार से अधिक लोगों पर किए गए ट्रायल के मुताबिक़ ये वैक्सीन 95% तक कारगर है और इसके कोई गंभीर नकारात्मक प्रभाव नज़र नहीं आए हैं.

    बायोएनटेक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के अनुसार, यूरोपीय संघ में दिसंबर के मध्य तक इस वैक्सीन को सशर्त स्वीकृति मिल सकती है.

    इसके अलावा अमरीकी दवा कंपनी मॉडर्ना का भी कहना है कि उनका वैक्सीन भी उतना ही प्रभावी है और इस साल के अंत उपलब्ध होगा.

    अमेरिका में किसी भी अन्य देश के मुक़ाबले सबसे ज़्यादा लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है.

    पूरे अमेरिका में कोरोना वायरस की नई लहर आ चुकी है और हर दिन संक्रमण के आँकड़े नए रिकॉर्ड बना रहे हैं.

  12. नमस्कार! ये बीबीसी हिंदी का लाइव पन्ना है जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट देंगे. बुधवार की ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.