सुशील कुमार मोदी के सवाल पर क्या बोले नीतीश कुमार

इमेज स्रोत, ANI
जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने सोमवार को लगातार चौथी बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे.
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार ने कहा, "जनता के फ़ैसले के आधार पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने राज्य में एक बार फिर से सरकार का गठन किया है. हम साथ मिलकर काम करेंगे और जनता की सेवा करेंगे."
सुशील कुमार मोदी के सरकार में नहीं शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा, "सुशील कुमार मोदी को उपमुख्यमंत्री नहीं बनाने का फ़ैसला बीजेपी का है. इसके बारे में उनसे ही पूछा जाना चाहिए."
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ शपथ लेने वाले बीजेपी नेता तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी को उपमुख्यमंत्री पद का ओहदा दिए जाने की चर्चा है.
पिछले 15 सालों से नीतीश कुमार के डिप्टी के रूप में सुशील कुमार मोदी ये जिम्मेदारी संभालते आए थे.
राज्यपाल फागू चौहान ने राजभवन में नीतीश कुमार को उनके 14 सदस्यीय मंत्रिमंडल के साथ शपथ दिलाई.
मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने ये कहते हुए शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया कि जनादेश एनडीए के ख़िलाफ़ था.














