You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

हरियाणा में 75 फ़ीसद प्राइवेट नौकरियां स्थानीय लोगों के लिए रिज़र्व- आज की बड़ी ख़बरें

दिन भर की सभी ज़रूरी ख़बरें और बड़े अपडेट आपको यहाँ मिलेंगे. बीबीसी का यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

लाइव कवरेज

  1. हरियाणा: 75 फ़ीसद प्राइवेट नौकरियां स्थानीय लोगों के लिए रिज़र्व

    हरियाणा सरकार ने राज्य के लोगों को तोहफ़ा देते हुए प्रदेश की सभी प्राइवेट नौकरियों में स्थानीय लोगों के लिए 75 प्रतिशत का कोटा तय कर दिया है.

    इससे संबधित बिल गुरुवार को हरियाणा विधानसभा से पास हो गया.

    हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इसकी घोषणा करते हुए इसे भावुक करने वाला पल क़रार दिया है.

    उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी.

    दुष्यंत चौटाला ने ही सदन में बिल पेश किया था.

    यह क़ानून अधिकतम 50 हज़ार मासिल सैलेरी वाली नौकरियों पर ही लागू होगा. आरक्षण के प्रावधान को लागू नहीं करने वाली कंपनियों पर जुर्माना भी लगाया जा सकेगा.

    दस से ज़्यादा कर्मचारी वाले हर कंपनी पर यह क़ानून लागू होगा.

    कंपनी मालिकों को एक छूट यह दी गई है कि अगर पर्याप्त अनुभव वाले कर्मचारी नहीं मिल रहे हैं तो वो बाहर के व्यक्ति को नौकरी दे सकते हैं लेकिन इसके लिए निर्णय लेने का अधिकार ज़िला उपायुक्त या उससे उच्च स्तर के अधिकारी को दिया गया है.

  2. नीतीश के आख़िरी चुनाव वाले बयान पर तेजस्वी की चुटकी

    बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आख़िरी चुनाव वाले बयान पर चुटकी ली है.

    तेजस्वी ने ट्वीट किया कि वो शुरू से कह रहे थे कि नीतीश कुमार थक चुके हैं और उनसे बिहार अब नहीं संभल रहा है.

    इससे पहले गुरुवार को पूर्णिया में चुनाव प्रचार के दौरान नीतीश कुमार ने कहा था कि ये उनका आख़िरी चुनाव है.

    उनका कहना था, "जान लीजिये, आज चुनाव का आख़िरी दिन है, परसो चुनाव है, और ये मेरा अंतिम चुनाव है, अंत भला तो सब भला."

    इसके बाद उन्होंने पूर्णिया ज़िले के धमदाहा विधानसभा क्षेत्र से अपनी पार्टी के प्रत्याशी के लिए वोट माँगते हुए कहा कि ‘हाथ उठाकर बताइये कि आप वोट दीजियेगा ना इन्हें?’

    69 वर्षीय नीतीश कुमार की पार्टी जदयू भाजपा और दो अन्य क्षेत्रीय दलों (विकासशील इंसान पार्टी और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) के साथ गठबंधन में यह विधानसभा चुनाव लड़ रही है.

    उनका मुक़ाबला महागठबंधन से है जिसकी अगुवाई तेजस्वी यादव कर रहे हैं और तेजस्वी यादव के आरजेडी के साथ कांग्रेस और वाम दलों का गठबंधन है.

    • पीएम नरेंद्र मोदी का बिहार वासियों के नाम पत्र

      प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की जनता के नाम एक पत्र लिखा है, जिसे उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किया है.

      पीएम मोदी ने लिखा है कि “यह गर्व का विषय है कि बिहार चुनाव का पूरा फ़ोकस विकास पर केंद्रित रहा.”

      उन्होंने लिखा है कि साल 2005 के बाद से बिहार में माहौल बदला और नव-निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई.

      पीएम मोदी ने चार पन्ने के इस पत्र में बिहार में एनडीए सरकार की उपलब्धियों का खुलकर ज़िक्र किया है.

      उन्होंने इस पत्र में बताया है कि बिहार में अगर उनकी सरकार बनती है तो वो किन संकल्पों पर कार्य करेगी.

      पत्र के अंत में उन्होंने लिखा है, “बिहार में वोट पड़ रहा है – जात-पात पर नहीं, विकास पर. झूठे वादों पर नहीं, पक्के इरादों पर. कुशासन पर नहीं, सुशासन पर. भ्रष्टाचार पर नहीं, ईमानदारी पर.”

    • नीतीश कुमार वोट माँगते हुए बोले, ‘ये मेरा अंतिम चुनाव है, वोट देंगे ना’

      गुरुवार को बिहार के पूर्णिया ज़िले की एक चुनावी सभा में प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि ‘ये मेरा अंतिम चुनाव है और अंत भला तो सब भला.’

      इस चुनावी सभा में जनता दल (यूनाइटेड) पार्टी के प्रमुख नीतीश कुमार ने कहा, “जान लीजिये, आज चुनाव का आख़िरी दिन है, परसो चुनाव है, और ये मेरा अंतिम चुनाव है, अंत भला तो सब भला.”

      इसके बाद उन्होंने पूर्णिया ज़िले के धमदाहा विधानसभा क्षेत्र से अपनी पार्टी के प्रत्याशी के लिए वोट माँगते हुए कहा कि ‘हाथ उठाकर बताइये कि आप वोट दीजियेगा ना इन्हें?’

      69 वर्षीय नीतीश कुमार की पार्टी जदयू भाजपा और दो अन्य क्षेत्रीय दलों (विकासशील इंसान पार्टी और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) के साथ गठबंधन में यह विधानसभा चुनाव लड़ रही है.

    • चीन को रक्षा मंत्री का संदेश, बोले- 'अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए भारत प्रतिबद्ध'

      भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘भारत एक शांति-पसंद देश है जो संवाद में विश्वास रखता है और किसी भी मतभेद को विवाद में बदलने का मौक़ा नहीं छोड़ना चाहता.’

      राजनाथ सिंह ने कहा कि ‘भारत ‘एकपक्षवाद और आक्रामकता’ से अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखण्डता की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है.’

      सिंह का यह बयान पूर्वी-लद्दाख में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चीन के साथ क़रीब सात महीने से जारी गतिरोध के बीच आया है.

      राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय द्वारा आयोजित डिजिटल संगोष्ठी को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने यह बात कही.

      उन्होंने कहा कि ‘अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चीन के साथ संबंध शांतिपूर्ण बनाये रखने के लिए वे बातचीत का रास्ता चुनना चाहते हैं.’

      रक्षामंत्री ने साथ ही कहा कि भारत संवाद से मतभेदों के शांतिपूर्ण समाधान को महत्व देता है और सीमा पर शांति क़ायम रखने से जुड़े विभिन्न समझौतों का सम्मान करने के लिए प्रतिबद्ध है.

      उल्लेखनीय है कि भारत और चीन के बीच सीमा पर गतिरोध की शुरुआत 6 मई 2020 को हुई और इससे दोनों देशों के रिश्ते काफ़ी प्रभावित हुए हैं.

      दोनों पक्ष गतिरोध को दूर करने के लिए राजनयिक और सैन्य स्तर पर कई दौर की बातचीत कर चुके हैं. अब तक गतिरोध का समाधान नहीं निकला है.

      समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, भारत और चीन के बीच आठवें दौर की कोर कमांडर स्तर की वार्ता शुक्रवार को होने की उम्मीद है.

      राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में भारत की सैन्य शक्ति बढ़ाने और रक्षा क्षेत्र के साज़ो-सामान का घरेलू स्तर पर उत्पादन के लिए उठाए जा रहे क़दमों का भी उल्लेख किया.

      रक्षामंत्री ने कहा, ‘‘युद्ध रोकने की प्रतिरोधी क्षमता हासिल करके ही शांति सुनिश्चित की जा सकती है.’’

      रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान के बारे में कहा कि ‘वह आतंकवाद को राजकीय नीति के तौर पर इस्तेमाल करने पर ‘आमादा’ है.’

    • अर्नब ने गिरफ़्तारी को बॉम्बे हाई कोर्ट में दी चुनौती

      रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ़ अर्नब गोस्वामी ने अपनी गिरफ़्तारी के चुनौती देते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका डाली है.

      समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, उन्होंने इस याचिका में 2018 में एक इंटीरियर डिज़ाइनर को कथित तौर पर ख़ुदकुशी के लिए उकसाने के मामले में अलीबाग़ पुलिस की ओर से दर्ज एफ़आईआर को भी रद्द करने की मांग की है.

      मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इस याचिका पर आज दोपहर तीन बजे सुनवाई हो सकती है.

      अर्नब गोस्वामी को एक स्थानीय अदालत ने बुधवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.

      उनकी गिरफ़्तारी को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार पर हमलावर है लेकिन शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में भरोसा दिलाया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा.

      उन्होंने कहा, “अगर किसी को धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाने) और 307 (हत्या का प्रयास) के तहत गिरफ़्तार किया जाता है और बीजपी इसके ख़िलाफ़ प्रदर्शन करना चाहती है तो वो कर सकती है क्योंकि लोकतंत्र में हर किसी को ये अधिकार है. लेकिन मैं सुनिश्चित कर सकता हूं कि किसी के भी साथ अन्याय नहीं होगा.”

    • बिहार के भागलपुर में नाव पलटी, कई लापता

      बिहार के भागलपुर में एक नाव पलट गई है, जिसमें सवार कई लोग लापता हैं.

      हादसा गुरुवार सुबह भागलपुर के नवगछिया इलाक़े में गंगा नदी में हुआ.

      बीबीसी के सहयोगी पत्रकार नीरज प्रियदर्शी के मुताबिक़, भागलपुर के डीएम ने बताया कि क़रीब पचास लोग नाव में सवार थे. जिनमें से एक की मौत हो गई है और सात लोग लापता हैं.

      मिली जानकारी के मुताबिक़ 30 लोगों को अब तक बचाया जा सका है. बाक़ी अन्य की तलाश जारी है.

    • भारत में 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 50 हज़ार मामले

      भारत में कोरोना संक्रमण के मामले दोबारा बढ़ने लगे हैं. त्यौहारों के वक़्त बढ़ते आँकड़ों ने चिंता भी बढ़ा दी है.

      बीते 24 घंटे में देश में संक्रमण के नए 50,209 मामले दर्ज किए गए हैं और 704 लोगों की मौत हुई है.

      इसकी के साथ अब कुल संक्रमण के मामलों की संख्या 83,64,086 हो गई है और मरने वालों का कुल आंकड़ा 1,24,315 जा पहुंच गया है.

      वहीं ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 77,11,809 हुई है और इसी वक़्त कुल सक्रिय मामले 5,27,962 हैं यानी देश में इतने लोग इस वक़्त इस बीमारी की चपेट में हैं.

      अच्छी बात ये है कि पिछले 24 घंटे में 55,331 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर चले गए हैं.

    • सेनाध्यक्ष जनरल नरवणे आज बनेंगे नेपाल की सेना के जनरल

      भारत के थल सेना अध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे को आज यानी गुरुवार को 'नेपाली सेना का जनरल' बनाया जाएगा.

      जनरल नरवणे तीन दिन के नेपाल दौर पर हैं. दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी उन्हें इस उपाधि से सम्मानित करेंगी.

      शुक्रवार को जनरल नरवणे नेपाल के प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली से मिलेंगे. इसके अलावा वो शिवपुरी स्थित नेपाल के 'आर्मी कमांड एंड स्टाफ़' कॉलेज में प्रशिक्षु अधिकारियों को भी संबोधित करेंगे.

      जनरल नरवणे ने नेपाल यात्रा के पहले दिन बुधवार को धार्मिक स्थलों का दौरा किया था.

      जनरल नरवणे नेपाली सेना के आमंत्रण पर नेपाल गए हैं. भारत के थल सेना अध्यक्ष के इस दौरे को अहम माना जा रहा है, क्योंकि पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों के रिश्तों में दरार तो नहीं बल्कि मनमुटाव ज़रूर देखा गया है.

      वहीं भारतीय सेना ने ट्विटर के ज़रिए कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक और रक्षा सहयोग को और मज़बूत करना है.

      नेपाल जाने से पहले जनरल नरवणे ने भी अपने इस दौरे को महत्वपूर्ण बताया था. उन्होंने कहा था कि उनके इस दौरे से भारत और नेपाल की दोस्ती मज़बूत होगी.

    • नमस्कार! ये बीबीसी हिंदी का लाइव पन्ना है जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट देंगे. बुधवार की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करिए.