फ़्रांस के ख़िलाफ़ प्रदर्शन मामले में कांग्रेस एमएलए आरिफ़ मसूद पर एफ़आईआर

इमेज स्रोत, Shuraih Niazi/BBC
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के ख़िलाफ़ भोपाल में विरोध प्रदर्शन करने के मामले में भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ़ मसूद के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
एएनआई के अनुसार विधायक और अन्य के ख़िलाफ़ सेक्शन 153 के तहत भोपाल के तलैया पुलिस स्टेशन में एफ़आईआर दर्ज की गई है.
उनके ख़िलाफ़ धर्म संस्कृति समिति ने शिकायत की थी जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया है.
आरिफ़ मसूद ने 29 अक्टूबर को भोपाल के इक़बाल मैदान में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया था जिसमें हज़ारो ंकी संख्या में लोग आए थे.
बीते दिनों फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक बयान में कहा था कि इस्लाम धर्म 'संकट' में है.
पैग़ंबर मोहम्मद के एक कार्टून को दिखाने वाले टीचर सैमुअल पेटी की हत्या के बाद मैक्रों ने कहा था कि वे मुसलमान कट्टरपंथी लोगों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करेंगे.
मैक्रों ने पेग़ंबर मोहम्मद के विवादित कार्टून को दिखाए जाने के अधिकार का बचाव करते हुए कहा था कि यह अभिव्यक्ति की आज़ादी का मामला है.
मैक्रों के इस बयान के बाद से दुनिया भर के कई शहरों में मैक्रों के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन हुए थे.
विधायक आरिफ़ मसूद ने भी इसी सिलसिले में विरोध प्रदर्शन किया था.
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उस समय इस मामले में ट्वीट कर कहा था, "मध्य प्रदेश शांति का टापू है. इसकी शांति को भंग करने वालों से हम पूरी सख़्ती से निपटेंगे."
लेकिन आरिफ़ मसूद ने अपना बचाव करते हुए सवाल किया था कि 'क्या इस प्रदर्शन के बाद भोपाल में कोई अव्यवस्था हुई?'
उन्होंने कहा था, "पच्चीस हज़ार लोग जमा हुए, सुकून से आए, अपनी बात रखी और चले गए. इससे ज़्यादा सुकून और क्या हो सकता है. क्या हम अपने हक़ और इंसाफ़ की बात भी न करें? हमारे मज़हब, हमारे धर्मगुरु और हमारे नबी पर टिप्पणी हो तो क्या हम न बोलें?"



