कंगना रनौत पर जावेद अख़्तर ने किया मानहानि का केस
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार जाने माने गीतकार जावेद अख़्तर ने फ़िल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के ख़िलाफ़ मानहानि का केस किया है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
एएनआई के अनुसार जावेद अख़्तर ने अंधेरी कोर्ट में केस किया है और इसकी सुनवाई तीन दिसंबर को होगी.
क़ानूनी मामलों की वेबसाइट लाइव लॉ के अनुसार अभिनेता सुशांत सिंह राजपुत की मौत के मामले में जावेद अख़्तर का नाम घसीटने के आरोप में कंगना पर यह केस किया गया है.
जावेद अख़्तर ने आईपीसी के सेक्शन 499 और 500 और सीआरपीसी के सेक्शन 200 के तहत कंगना पर केस किया है.
जावेद अख़्तर की तरफ़ से केस करने के दौरान कहा गया है कि कंगना ने रिपब्लिक न्यूज़ चैनल को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि 'माफ़िया' लोग हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री को चला रहे हैं और महेश भट्ट और जावेद अख़्तर जैसे लोग इस कथित माफ़िया के हिस्सा हैं.
कंगना ने रिपब्लिक चैनल से कहा था, "जावेद अख़्तर जैसे लोग हैं जो ख़ुद को नास्तिक कहते हैं. लेकिन उनका पूरा गिरोह इस बात पर निगाह रखता है कि कौन इस्लाम समर्थक है और कौन इस्लाम समर्थक नहीं है."
जावेद अख़्तर का कहना है कि कंगना के उस वीडियो को लाखों लोगों ने देखा है जिससे उनकी (जावेद अख़्तर ) की छवि को नुक़सान पहुँचा है.
33 साल की कंगना रनौत के ख़िलाफ़ हाल के दिनों में कई केस दर्ज किए गए हैं.
पिछले महीने बांद्रा की एक अदालत ने कंगना के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने के आदेश दिए थे.
कोर्ट के अनुसार कंगना ने अपने ट्वीट के ज़रिए कथित तौर पर हिंदू और मुसलमानों में नफ़रत फैलाने की कोशिश की थी.
उसके बाद मुंबई के एक वकील ने कंगना पर दो अलग-अलग केस किया है जिसमें उन्होंने कंगना पर न्यायपालिका के ख़िलाफ़ ट्वीट करने का आरोप लगाया है.
वकील की शिकायत के बाद अंधेरी की अदालत ने कंगना और उनकी बहन के ख़िलाफ़ जाँच के आदेश दिए हैं.







