रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए
छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा हर दिन बढ़ता ही जा रहा है. पिछले चार महीनों में बुधवार को पहली बार कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा दो हज़ार को पार कर गया.
बुधवार की देर रात तक राज्य में 2,269 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई.
इस बीच मंत्रालय के कर्मचारियों ने कोरोना संक्रमण के मद्देनज़र 14 दिन के लिए कामकाज बंद करने के लिए आज मंत्रालय में ही विरोध प्रदर्शन किया.
मंत्रालय में 50 से अधिक कर्मचारी-अधिकारी कोरोना से संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती हैं. इसके अलावा मंत्रालय के 3 लोगों की कोरोना से मौत भी हो चुकी है.
दूसरी ओर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर और दुर्ग के अस्पतालों में करोना मरीज़ों के लिए और अधिक बेड बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं.
राज्य में 51 सरकारी और 6 निजी अस्पतालों में कोरोना के इलाज की सुविधा उपलब्ध है लेकिन अधिकांश अस्पतालों में अब नए मरीज़ों के लिये बेड उपलब्ध नहीं हैं. अलग-अलग अस्पतालों में 17,164 मरीजों का इलाज चल रहा है.
लगातार मिलते कोरोना मरीज़ों के बीच एक-एक कर राज्य सरकार के कई कार्यालय सील होते जा रहे हैं. सीसीएफ और दो वनकर्मियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद बुधवार को वन विभाग का राज्य मुख्यालय 'अरण्य भवन' सील कर दिया गया. राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो, एंटी करप्शन ब्यूरो, रायपुर का ज़िला शिक्षा अधिकारी कार्यालय समेत कई कार्यालय पहले से ही सील किये जा चुके हैं. इसके अलावा राज्य के मुख्यमंत्री, गृहमंत्री, कृषि मंत्री और कई विधायक पहले से ही 10-10 दिनों के आइसोलेशन में हैं.