WHO के नेतृत्व में वैक्सीन की किसी खोज में अमरीका शामिल नहीं होगा

कोरोना महामारी पर दुनिया भर की हलचलों पर बीबीसी हिंदी की विशेष पन्ना.

लाइव कवरेज

  1. छत्तीसगढ़ में एक दिन में आए कोरोना के 1884 मामले

    कोविड-19 हॉस्पिटल, रायपुर

    इमेज स्रोत, Alok Putul

    आलोक पुतुल

    रायपुर से,बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 1884 नये मामलों के साथ ही राज्य में कोरोना के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं.

    इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 33,387 हो गई है. राज्य में 31 जुलाई तक कोरोना संक्रमण के 9,192 सामने आए थे लेकिन 31 अगस्त तक ये संख्या बढ़ कर 31,502 तक जा पहुंची.

    सबसे चिंताजनक स्थिति ये है कि केंद्र शासित प्रदेश मेघालय को छोड़ दिया जाए तो पूरे देश में कोरोना संक्रमितों की रिकवरी रेट छत्तीसगढ़ में सबसे कम है.

    राज्य के कुल 33,387 कोरोना संक्रमितों में से 15,533 मरीज़ अभी भी अस्पताल में हैं. जिन मरीज़ों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, उनकी संख्या 17,567 है. यह कुल संक्रमितों का 52.61 प्रतिशत है.

    भारत सरकार के आंकड़ों के अनुसार देश में दादर नगर हवेली का रिकवरी रेट सबसे ज़्यादा 89 प्रतिशत है, वहीं दूसरे नंबर पर दिल्ली है, जहां रिकवरी रेट 88.5 प्रतिशत है.

    छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में 72.3 प्रतिशत, मध्यप्रदेश में 76.3 प्रतिशत, झारखंड में 65.2 प्रतिशत और तेलंगाना में 74.5 प्रतिशत मरीज़ स्वस्थ हो कर अपने-अपने घरों को लौट चुके हैं.

  2. कोरोना काल में दूसरी बार लोगों को कैश बांटेगा दक्षिण कोरिया

    महिलाएं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दक्षिण कोरिया के वित्त मंत्री ने कहा है कि सरकार और सत्ताधारी पार्टी को कुछ परिवारों को नकदी बांटनी होगी क्योंकि कोरोना वायरस के कारण लागू किए गए नियम अर्थव्यवस्था को नुक़सान पहुंचा रहे हैं.

    मंगलवार को टीवी पर प्रसारित एक इंटरव्यू में हॉन्ग नैम-की ने कहा कि सभी परिवारों को पैसा देने की जगह ज़रूरतमंदों को पैसा देना ज़्यादा प्रभावी रहेगा.

    सरकार ने मई में सभी परिवारों को कैश बांटा था ताकि कोरोना महामारी की आर्थिक मार के असर से उबरा जा सके.

  3. आठ सितंबर से चलेगी देश की पहली मेट्रो सेवा 'कोलकाता मेट्रो'

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए
    मेट्रो

    इमेज स्रोत, PM TIWARI

    देश की सबसे पहली मेट्रो सेवा 'कोलकाता मेट्रो' आठ सितंबर से फिर चलने लगेगी. केंद्र सरकार की ओर से अनलॉक-4 के तहत जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक़, सात सितंबर से मेट्रो रेलवे के संचालन की अनुमति दी गई है. लेकिन पश्चिम बंगाल में सात सितंबर को पूर्ण लॉकडाउन होने की वजह से यहां मेट्रो सेवाएं आठ सिंतबर से शुरू होंगी.

    मेट्रो रेलवे के एक प्रवक्ता बताते हैं, “मेट्रो रेलवे में कोई टोकन जारी नहीं होगा. सिर्फ स्मार्ट कार्ड वाले यात्री ही इससे सफ़र कर सकेंगे. नए मेट्रो कार्ड भी जारी नहीं होंगे. रोज़ाना सुबह आठ से रात आठ बजे तक यह सेवाएं 10 से 20 मिनट के अंतराल पर चलाई जाएंगे. पूरे दिन में सिर्फ 12 जोड़ी ट्रेनें चलाई जाएंगी.”

    कोलकाता मेट्रो की मुताबिक़, मेट्रो रेलवे के हर स्टेशन पर एक सरकारी अधिकारी अधिकारी तैनात रहेगा जो कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करेगा और यात्रियों की तादाद पर नज़र रखेगा.

    मेट्रो रेलवे के अधिकारी अगले कुछ दिनों के दौरान राज्य सरकार के साथ इस मुद्दे पर बातचीत करेंगे. इस बीच, मंगलवार को राज्य में 2,943 नए मरीजों के साथ राज्य में कोरोना के मरीज़ों की संख्या बढ़ कर 1.66 लाख तक पहुंच गई है. बीते 21 अगस्त से संक्रमितों की संख्या लगातार घट रही है. इस दौरान 55 मरीज़ों के साथ मरने वालों की कुल संख्या 3,283 तक पहुंच गई है.

  4. वैक्सीन के बिना भी कोविड-19 के साथ रह सकता है यूरोप: WHO

    महिला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि यूरोप बिना वैक्सीन के कोविड-19 के साथ रह सकता है, उसे बस स्थानीय स्तर पर लॉकडाउन लगाने होंगे.

    WHO के यूरोप के निदेशक ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि यहां राष्ट्रीय स्तर पर लॉकडाउन लगाने की ज़रूरत होगी.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन के यूरोप के क्षेत्रीय निदेशक हैन्स क्लूग ने स्काई न्यूज़ से कहा, "जब हम महामारी पर विजय हासिल करेंगे, ज़रूरी नहीं कि वह वैक्सीन से संभव हो. ऐसा हम तभी कर पाएंगे जब हम महामारी के साथ रहना सीख लेंगे और ऐसा हम कल ही कर सकते हैं."

    जब उनसे पूछा गया कि क्या आने वाले महीनों में संक्रमण की सेकेंड वेव से बचने के लिए फिर से बड़े पैमाने पर लॉकडाउन लगाने पड़ सकते हैं, तो उन्होंने कहा, "नहीं. मुझे उम्मीद है कि इसकी ज़रूरत नहीं पड़ेगी मगर स्थानीय स्तर पर लगने वाले लॉकडाउन की संभावनाओं को खारिज नहीं किया जा सकता."

  5. नमस्कार! बीबीसी हिंदी पर कोरोना वायरस संक्रमण पर लाइव अपडेट्स और विश्लेषण का सिलसिला बुधवार को भी जारी है. मंगलवार को देश-दुनिया में कोरोना वायरस को लेकर क्या कुछ हुआ, आप इस लिंक पर क्लिक करके देख सकते हैं.