छत्तीसगढ़ में एक दिन में आए कोरोना के 1884 मामले
आलोक पुतुल
रायपुर से,बीबीसी हिंदी के लिए
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 1884 नये मामलों के साथ ही राज्य में कोरोना के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं.
इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 33,387 हो गई है. राज्य में 31 जुलाई तक कोरोना संक्रमण के 9,192 सामने आए थे लेकिन 31 अगस्त तक ये संख्या बढ़ कर 31,502 तक जा पहुंची.
सबसे चिंताजनक स्थिति ये है कि केंद्र शासित प्रदेश मेघालय को छोड़ दिया जाए तो पूरे देश में कोरोना संक्रमितों की रिकवरी रेट छत्तीसगढ़ में सबसे कम है.
राज्य के कुल 33,387 कोरोना संक्रमितों में से 15,533 मरीज़ अभी भी अस्पताल में हैं. जिन मरीज़ों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, उनकी संख्या 17,567 है. यह कुल संक्रमितों का 52.61 प्रतिशत है.
भारत सरकार के आंकड़ों के अनुसार देश में दादर नगर हवेली का रिकवरी रेट सबसे ज़्यादा 89 प्रतिशत है, वहीं दूसरे नंबर पर दिल्ली है, जहां रिकवरी रेट 88.5 प्रतिशत है.
छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में 72.3 प्रतिशत, मध्यप्रदेश में 76.3 प्रतिशत, झारखंड में 65.2 प्रतिशत और तेलंगाना में 74.5 प्रतिशत मरीज़ स्वस्थ हो कर अपने-अपने घरों को लौट चुके हैं.