वीडियो: ज़्यादा ख़तरनाक होगी कोरोना की दूसरी लहर?
कोरोना महामारी से पहले भी कई महामारियां दुनिया में आईं हैं. क्या उनकी दूसरी वेव भी आई? क्या वे पहले से ज़्यादा ख़तरनाक थीं? क्या कोरोना की दूसरी लहर ज़्यादा ख़तरनाक होगी? देखिए, ये वीडियो रिपोर्ट.
देश-दुनिया में कोरोना संक्रमण से जुड़ा हर ज़रूरी और बड़ा अपडेट आपको यहां मिलेगा.
कोरोना महामारी से पहले भी कई महामारियां दुनिया में आईं हैं. क्या उनकी दूसरी वेव भी आई? क्या वे पहले से ज़्यादा ख़तरनाक थीं? क्या कोरोना की दूसरी लहर ज़्यादा ख़तरनाक होगी? देखिए, ये वीडियो रिपोर्ट.

इमेज स्रोत, Reuters
अमरीका में रविवार को कोरोनावायरस के मामले 60 लाख का आंकड़ा पार गए. इसके साथ ही मिडवेस्ट के कई राज्यों में संक्रमण तेज़ी से बढ़ने लगा है.
आयोवा, नॉर्थ डकोटा, साउथ डकोटा और मिनिसोटा में एक दिन में दर्ज मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखी गई है. वहीं मोंटाना में अस्पताल में भर्ती किए जाने वाली मरीज़ों की संख्या में उछाल आया है.
पूरे देश के आंकड़ों की बात करें तो नए मामले, मौतें और अस्पताल में दाख़िल होने वालों की संख्या कम हो रही है मगर मिडवेस्ट में नए हॉटस्पॉट उभर रहे हैं.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, आयोवा में कई ऐसी काउंटीज़ में नए मामले सामने आए हैं जहां यूनिवर्सिटीज़ और कॉलेजों में कक्षाएं चालू हो गई थीं. मगर छात्रों के लिए कॉलेजों को खोले जाने के बाद संक्रमण के मामलों में तेज़ी देखी गई है. ऐसे में कुछ कैंपस फिर से ऑनलाइन लर्निंग पर लौट गए हैं.
न्यू यॉर्क के गवर्नर ने रविवार को कहा कि उनके राज्य से विशेष टीमें ओनिओंटा में स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ़ न्यूयॉर्क भेजी जा रही हैं ताकि कोरोना आउटब्रेक पर काबू पाया जा सके. 100 से ज़्यादा लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद यहां दो हफ्तों के लिए यहां कक्षाएं रोक दी गई हैं.
यूनिवर्सिटी के चांसलर ने कहा, "हमें ख़बर मिली है कि छात्रों ने पार्टियां की हैं जिनमें बड़ी भीड़ जुटी. उनमें कोविड के लक्षणों वाले कई छात्र भी शामिल हुए थे."

इमेज स्रोत, Dilip K Sharma
असम के स्वास्थ्य विभाग ने गुवाहाटी के महेंद्र मोहन चौधरी अस्पताल (एमएमसीएच) में विशेष रूप से बच्चों के लिए एक कोविड केयर सेंटर शुरू किया है. 55 बिस्तर वाले इस कोविड केयर सेंटर में कार्टून से चित्रित दीवारों के साथ ही बच्चों के लिए खेलने की जगह, खेल उपकरण, कार्टून चैनलों वाले टीवी स्क्रीन और सेंट्रलाइज्ड म्यूजिकल सिस्टम जैसी तमाम सुविधाएँ उपलब्ध है.
देश के पूर्वोत्तर राज्यों में यह अपनी तरह की एक पहली कोविड यूनिट है जहां कोरोना से संक्रमित बच्चों का इलाज किया जाएगा. स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को एमएमसीएच में बच्चों के लिए बनाए गए इस कोविड यूनिट का उदघाटन करते हुए कहा, "यह सेंटर कोविड-संक्रमित बच्चों को एक सुखद वातावरण देगा, जिन्हें उपचार के दौरान सामान्य अस्पतालों में तनाव का सामना करना पड़ता है."
मंत्री ने कहा, "एमएमसीएच में बागड़ी चिल्ड्रेन कॉम्प्लेक्स को एक नए रूप में विकसित कर हमने कोविड के उपचार के दौर से गुजर रहे बच्चों के लिए यहां एक अत्याधुनिक अस्पताल तैयार किया है. हमने देखा है कि सामान्य अस्पतालों में ऐसे बच्चों की देखभाल करना मुश्किल हो गया है. एक सुखद वातावरण के अभाव के कारण बच्चों को अस्पताल में भर्ती होने के दौरान तनावपूर्ण दिन बिताने पड़ते हैं."
गुवाहाटी में कोविड पॉजिटिव पाए जाने वाले बच्चों को अब से इस नवनिर्मित बागड़ी कोविड केयर सेंटर मे लाया जाएगा. मंत्री के अनुसार यहां अधिकतम 80 बच्चों को इलाज के लिए रखा जा सकेगा, जो शहर के बच्चों के लिए पर्याप्त है.
स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार देर रात साझा की गई एक जानकारी के अनुसार, राज्य में कोरोना संक्रमित मरीज़ों की कुल संख्या 1,05774 हो गई है. जबकि कोरोना के कारण अबतक प्रदेश में 296 लोगों की मौत हुई है. इस बीच 82,510 मरीज़ ठीक हुए है.

इमेज स्रोत, Prabhakar Mani Tiwari
रोजाना तीन हज़ार से अधिक नए मामले, 50 से अधिक की मौत, कुल संक्रमित 1.60 लाख और मृतक 3,176. इन आंकड़ों के बावजूद पश्चिम बंगाल सरकार मेट्रो के साथ लोकल ट्रेनों का संचालन भी शुरू करने के पक्ष में है.
दो दिन पहले रेलवे बोर्ड को भेजे पत्र में गृह सचिव आलापान बनर्जी ने इसकी मांग उठाई थी. अब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी यही बात कही है. इन लोकल ट्रेनों को कोलकाता की जीवनरेखा कहा जाता है.
वैसे, मुख्यमंत्री ने बीते 26 अगस्त को ही कहा था कि केंद्र सरकार मेट्रो और लोकल ट्रेनें चलाना चाहे तो उनकी सरकार को कोई आपत्ति नहीं होगी. ममता का कहना था, “सोशल डिस्टेंसिंग और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पश्चिम बंगाल में चरणबद्ध तरीके से मेट्रो और लोकल ट्रेन सेवाएं शुरू की जा सकती हैं.”
इसबीच, पश्चिम बंगाल की जेलों में बढ़ते कोरोना संक्रमण पर अंकुश लगाने के कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सरकार ने रविवार से तमाम जेलों में रैपिड एंटीजन टेस्ट शुरू कर दिया है. जेल विभाग के एक अधिकारी बताते हैं, “राज्य की विभिन्न जेलों में अब तक करीब 275 लोग संक्रमित पाए गए हैं. इनमें कैदियों के अलावा जेल कर्मचारी भी शामिल हैं. अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है जबकि दस की हालत गंभीर है.”
जेलों में बढ़ते संक्रमण पर अंकुश लगाने और संक्रमितों का पता लगाने के लिए मुख्य न्यायाधीश टी.बी. राधाकृष्णन और न्यायमूर्ति शुभाषीष दासगुप्ता की एक खंडपीठ ने बीते सप्ताह सरकार से जेलों में एंटीजन टेस्ट शुरू करने को कहा था.
अनलॉक 4 के तहत मेट्रो रेल सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही दिल्ली में कोरोना वायरस के नए मामले एक बार फिर बढ़ने के संकेत मिले हैं.
रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, एक दिन में 2000 से ज़्यादा मामले दर्ज किए गए. 10 जुलाई के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब 24 घंटों में दर्ज मामलों की संख्या दो हज़ार के पार गई हो.
शनिवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक़, 1954 लोग पिछले 24 घंटों में संक्रमित पाए गए थे. मगर रविवार को यह संख्या 2,024 हो गई.
नए मामलों में यह उछाल उस समय देखने को मिला है जब दिल्ली में मेट्रो रेल सेवा शुरू होने जा रही है. सामान्य दिनों में हर रोज़ लगभग 15 लाख लोग मेट्रो से यात्रा करते हैं.
दिल्ली सरकार की ओर से सोमवार को जारी होने वाली आंकड़ों से तस्वीर और साफ़ हो जाएगी कि रविवार को देखा गया उछाल अपवाद था या फिर संक्रमण फिर तेज़ी से फैल रहा है.

इमेज स्रोत, BANDEEP SINGH/THE INDIA TODAY GROUP/GETTY IMAGES
नमस्कार! बीबीसी हिंदी पर कोरोना वायरस संक्रमण पर लाइव अपडेट्स और विश्लेषण का सिलसिला सोमवार को भी जारी है. रविवार को देश-दुनिया में कोरोना वायरस को लेकर क्या कुछ हुआ, आप इस लिंक पर क्लिक करके देख सकते हैं.