कोरोना: केंद्र सरकार ने 7 सितंबर से मेट्रो रेल चलाने की दी अनुमति

गृह मंत्रालय ने शनिवार को अनलॉक-4 के दिशानिर्देश जारी करते हुए 7 सितंबर से मेट्रो रेल सेवा श्रेणीबद्ध तरीक़े से शुरू करने की अनुमति दे दी है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, महामारी में रुपया कैसे हुआ इतना मज़बूत

    रुपया

    इमेज स्रोत, Reuters

    कोरोना वायरस की महामारी के कारण भारत की अर्थव्यवस्था में निगेटिव ग्रोथ की आशंका लगाई जा रही है तो दूसरी तरफ़ भारतीय मुद्रा रुपया शुक्रवार को पिछले छह महीने में सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गया.

    शेयर बाज़ारों में विदेशी मुद्रा की आमद और आरबीआई की ओर से डॉलर की ख़रीद न होने से यह छह महीनों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है. 21 दिसंबर 2018 के बाद रुपए में एक हफ़्ते में सबसे ज़्यादा दो फ़ीसदी की मज़बूती आई है.

    शुक्रवार को रुपया प्रति डॉलर 73.28 के स्तर पर पहुंच गया जो पांच मार्च के बाद से इसकी सबसे बेहतर स्थिति है. गुरुवार को यह 73.83 पर ट्रेड कर रहा था.

    भारतीय रिज़र्व बैंक सरकारी बैंकों के ज़रिये लगातार डॉलर ख़रीद रहा था ताकि रुपए की क़ीमत न बढ़ जाए.

    हालांकि, इस हफ़्ते इस प्रक्रिया में कमी देखी गई जिससे रुपये में मज़बूती आना शुरू हो गई. शेयर बाज़ारों में डॉलर की आमद से भी इसमें मदद मिली.

    फ़ॉरन पोर्टफ़ोलियो इन्वेस्टर्स (FPIs) ने अगस्त महीने में अब तक 6.2 अरब डॉलर के शेयर ख़रीदे हैं. ट्रेडर्स का मानना है कि अमरीकी फ़ेडरल रिज़र्व की नई नीति से आगे भी डॉलर आने में मदद मिलेगी. शुक्रवार को बाज़ार बंद होने तक एक डॉलर के बदले 73.3850 रुपए देने पड़ रहे थे. यह एक दिन में 0.6% की वृद्धि थी.

    एमकाय ग्लोबल फ़ाइनैंशियल सर्विस में करंसी रिसर्च के प्रमुख राहुल गुप्ता ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा, ''डॉलर/रुपए में गिरावट बहुत अप्रत्याशित था और इससे कारोबारी सदमे में थे. इसे रोकने के लिए हर तरह के उपाय किए गए. शुरुआत में आरबीआई ने 74.50 पर रोकने की कोशिश की लेकिन स्थिति संभल नहीं पाई. तकनीकी रूप से 73 अभी मज़बूत स्थिति है और 74 तक भी अच्छी स्थिति होगी.''

    शेयर बाज़ार में डॉलर की आवकी बढ़ने और एशियाई बाज़ारों में स्थिति सुधरने के कारण रुपया मज़बूत हुआ है. आरबीआई की कोशिश है कि विदेशी मुद्रा भंडार मज़बूत स्थिति में रहे.

    अप्रैल में शुरू हुए नए वित्त वर्ष से अब तक भारत के विदेश मुद्रा भंडार मे में 60 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है. अनुमान लगाया जा रहा है कि इस वित्तीय वर्ष के अंत तक भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 567अरब डॉलर तक पहुंच जाएग और वित्त वर्ष 21-22के अंत तक 642अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा.

    रुपया

    इमेज स्रोत, Getty Images

  2. मेक्सिको में कोरोना से मरने वालों की संख्या 63,146 हुई

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, REUTERSयRodrigo Garrido

    मेक्सिको के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को देश में कोरोना संक्रमण के 5,824 नए मामले दर्ज किए जाने की पुष्टि की है. साथ ही बीते चौबीस घंटों में 552 लोगों की मौत कोरोना वायरस से हुई है.

    इसके बाद अब देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 585,738 हो गई है जबकि इस वायरस के कारण मरने वालों की संख्या 63,146 हो गई है.

    सरकार की कहना है कि संक्रमण के जो आंकड़े दर्ज किए जा रहे हैं असल में संक्रमितों की संख्या उससे कहीं अधिक होगी.

    कोरोना से होने वाली मौतों के हिसाब से देखा जाए तो अब मेक्सिको और भारत में मौतों के आंकड़े में अधिक फर्क नहीं रह गया है.

    जहां मेक्सिको में अब तक कोरोना वायरस से 63,146 लोगों की मौत हुई है, भारत में मौतों का आंकड़ा 61,594 हो गया है.

    मौतों के मामले में अमरीका और ब्राज़ील के बाद मेक्सिको तीसरे नंबर पर है.

    जहां अमरीका में कोरोना वायरस के कारण 181,704 लोगों की जान गई है वहीं ब्राज़ील में 119,504 की जान इस वायरस के कारण गई है.

  3. कोरोना वायरस का कहर अंडमान की दुर्लभ जनजाति तक पहुंचा

    भारत में अंडमान द्वीप समूह के एक टापू पर रहने वाली दुर्लभ जनजाति के कुछ सदस्य कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं.

    एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बीबीसी को बताया है कि ग्रेट अंडमानीज़ जनजाति के चार सदस्यों में संक्रमण हुआ है. इनमें से दो को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. अन्य दो को एक केयर सेंटर में क्वारंटीन में रखा गया है.

    ऐसा माना जाता है कि ग्रेट अंडमानीज़ जनजाति के अब सिर्फ़ 53 लोग ज़िंदा हैं और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के 37 रिहायशी द्वीपों में से एक के निवासी हैं.

    अंडमान निकोबार द्वीप समूह के पूर्वी हिस्से में अब तक कोरोना वायरस के संक्रमण के 2985 मामले दर्ज किए गए हैं. इन में से 41 लोगों की जान भी गई है. यहां पहला मामला जून के शुरुआत में दर्ज किया गया था.

    वीडियो कैप्शन, कोरोना वायरस का कहर अंडमान की दुर्लभ जनजाति तक पहुंचा.
  4. मिस्र: महामारी शुरू होने के बाद पहली बार खुली मस्जिदें

    मिस्र में कोरोना वायरस महामारी को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के बाद पहली बार शुक्रवार को देश की बड़ी मस्जिदों के दरवाज़े आम लोगों के लिए खोले गए.

    महामारी के कारण देश की सभी मस्जिदें मार्च के महीने से ही बंद थी और अब पहली इन्हें बार खोला गया है.

    मस्जिदों के खुलने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने मस्जिदों में आकर जुमे की नमाज़ अदा की. इस दौरान लोगों ने सोशल डिस्टेन्सिंग का पालन किया और मास्क लगाए रखा.

    लोगों से कहा गया था कि नमाज़ पढ़ने के लिए वो अपनी चादरें डिसइन्फेक्ट कर के साथ लाएं. लोगों को नमाज़ पढ़ने के लिए दस मिनट का वक्त दिया गया.

    काहिरा में मौजूद अल-अज़हर मस्जिद के सुपरवाइज़र अब्दुल मुनीम फौद ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मस्जिद अब और बंद नहीं होगी.

    उन्होंने कहा "हम ऐसे दौर में हैं जहां हमें ज़रूरत है कि अल्लाह हमारी प्रार्थना सुने. लोग इस मुश्किल वक्त के ख़त्म होने की प्रार्थना कर रहे हैं."

    देखिए तस्वीरें -

    जुमे की नमाज़

    इमेज स्रोत, EPA/Mohamed Hossam

    जुमे की नमाज़

    इमेज स्रोत, EPA/Mohamed Hossam

    जुमे की नमाज़

    इमेज स्रोत, REUTERS/Mohamed Abd El Ghany

    जुमे की नमाज़

    इमेज स्रोत, REUTERS/Mohamed Abd El Ghany

  5. छत्तीसगढ़: विधानसभा सत्र के अंतिम दिन एक विधायक पॉज़िटिव, कई नेताओं ने कराई जांच

    विधायक डमरूधर पुजारी

    इमेज स्रोत, MLA DAMRUDHAR PUJARI/ FB

    आलोक पुतुल

    रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिये

    छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी के विधायक डमरूधर पुजारी के कोरोना संक्रमित होने की ख़बर के बाद देर रात एक दर्जन से अधिक विधायकों ने अपनी कोरोना जांच कराई है.

    शुक्रवार को विधानसभा में किसानों से संबंधित बहस चल रह थी. भाजपा विधायक डमरूधर पुजारी के एक सवाल पर कृषि मंत्री जवाब दे रहे थे.

    उसी दौरान भाजपा विधायक को जानकारी दी गई कि उनके एंटीजेन टेस्ट की रिपोर्ट पाज़िटिव आई है. इसके बाद वे तुरंत विधानसभा से अपने घर के लिये रवाना हो गये.

    रात 8 बजे के आसपास जब विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिये स्थगित हुई तो कई विधायकों ने सीधे अस्पताल का रुख़ किया.

    कुछ विधायकों ने देर रात अस्पतालों में पहुंच कर सैंपल दिया.

    स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि एक दर्जन से अधिक विधायकों ने अपनी कोरोना जांच कराई है.

    उम्मीद की जा रही है कि शनिवार को इन सभी विधायकों की जांच रिपोर्ट आ जाएगी.

  6. कोरोना वायरस की वैक्सीन से दुनिया अभी कितनी दूर?

    टीवी स्क्रीन पर आकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ये दावा करते हैं कि उनके वैज्ञानिकों ने कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ कारगर वैक्सीन तैयार कर ली है.

    रूस ने इस वैक्सीन को नाम दिया स्पुतनिक 5.

    लेकिन कोरोना वैक्सीन को लेकर पुतिन के दावों पर वैज्ञानिकों को संदेह है.

    रूस ने ये वैक्सीन लगभग 76 लोगों पर आज़माई, जबकि परीक्षण का तीसरा दौर बाक़ी है जिसमें किसी वैक्सीन को हज़ारों लोगों पर आज़माकर परखा जाता है.

    रूस भले ही अपने देश में इस वैक्सीन का इस्तेमाल करे, लेकिन दुनिया के बाकी देश इस पर अपनी मंज़ूरी की मोहर नहीं लगाना चाहेंगे.

    दुनियाभर के वैज्ञानिक कोरोना वायरस की वैक्सीन बनाने की कोशिशों में दिन-रात जुटे हुए हैं.

    इस हफ्ते दुनिया जहान में हम ये सवाल पूछ रहे हैं कि कोरोना वायरस की वैक्सीन से दुनिया अभी कितनी दूर हैं?

    प्रोड्यूसर- संदीप सोनी

    प्रजेंटर- मोहन लाल शर्मा

  7. महामारी की शुरूआत के बाद से न्यूयॉर्क में अब तक के सबसे कम मामले

    न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्र्यू कूमो ने कहा है कि न्यूयॉर्क में लंबे वक्त के बाद संक्रमण के सबसे कम मामले दर्ज किए गए हैं.

    एक बयान जारी कर कूमो ने कहा कि राज्य में कोरोना संक्रमण की दर शुक्रवार को कम हो कर 0.65 फीसदी तक हो गई है. बीते तीन सप्ताह से यहां संक्रमण की दर लगातार एक फीसदी से कम रही है.

    कूमो ने इसके लिए न्यूयॉर्क निवासियों का धन्यवाद किया और कहा कि संक्रमण की कम होती दर इस बात का सबूत है कि मास्क लगाने, सोशल डिस्टेन्सिग के नियमों का पालन करने और हाथ धोने के नियम को मानने से "वाकई में फर्क पड़ता है."

    उन्होंने कहा, "बीते चौबीस घटों के आंकड़ों को देखें तो पता चलता है कि हमने टेस्टिंग तो बढ़ाई है लेकिन अब हम कम पॉज़िटिव मामले दर्ज कर रहे हैं. ये अच्छी बात है. ऐसा नहीं है कि हम पूरी तरह से ख़तरे से बाहर हैं. हमें सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करने रहना होगा."

    न्यूयॉर्क अमरीका में कोरोना महामारी का केंद्र रह चुका है.

    शुक्रवार को यहां में 97,826 कोरोना टेस्ट किए गए जिनमें कुल 636 लोगों के नतीजे पॉज़िटिव आए. शुक्रवार को यहां कोरोना के कारण 3 लोगों की मौत हुई है.

    शुक्रवार तक न्यूयॉर्क में कोरोना संक्रमण के कुल 432,767 मामले दर्ज किए गए हैं जबकि यहां अब तक 25,312 मौतें कोरोना के कारण हुई हैं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  8. विदेश से आने वालों के लिए अपनी सीमाएं बंद करेगा हंगरी

    हंगरी में कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, EPA

    हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बान के कैबिनेट प्रमुख ने कहा है कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए वो एक सितंबर से विदेश से आने वालों के लिए अपनी सीमाएं बंद करेगा.

    प्रधानमंत्री के चीफ़ ऑफ़ स्टॉफ़ गर्गेली गुल्याज़ ने कहा, "देश में फिलहाल जितने मामले दर्ज किए जा रहे हैं वो विदेश से आए लोगों से संबंधित हैं."

    दुनियाभर में कोरोना वायरस के तेज़ी से बढ़ते आंकड़ों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, "हंगरी अब तक हरा है जहां संक्रमण के कम मामले हैं, जबकि दूसरे देश अब तक संक्रमण के धिक मामलों के कारण लाल रंग के हो गए हैं."

    गुल्याज़ ने कहा, "जो नागरिक विदेश से लौट रहे हैं उन्हें देश में आने की इजाज़त इसी शर्त पर दी जाएगी कि वो कोरोना वायरस के लिए दो टेस्ट के नतीजे पेश करें और 14 दिनों के क्वारंटीन पर जाने को तैयार हों."

    उन्होंने कहा कि देश की सीमाएं एक महीने के लिए बंद रखी जाएंगी, इस संबंध में और पाबंदियों के बारे में सरकार बाद में घोषणा करेगी.

    दूसरे यूरोपीय देशों की तुलना में अब तक हंगरी काफी बेहतर स्थिति में है. यहां अब तक कोरोना संक्रमण के 5,500 मामले दर्ज किए गए हैं जबकि इस वायरस के कारण 600 मौतें हुई हैं.

  9. जहां कोविड-19 का पहला मामला दर्ज हुआ वहां की प्रमुख 'निलंबित'

    डॉक्टर ली वेनलियांग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वुहान सेंट्रल हॉस्पिटल में काम करने वाले डॉक्टर ली वेनलियांग ने सबसे पहले दुनिया को कोरोना वायरस के बारे में चेताया था. बाद में इस वायरस के कारण उनकी मौत हो गई थी.

    कैरी ऐलेन

    बीबीसी मॉनिरिंग, चीनी मीडिया विश्लेषक

    चीनी मीडिया में आ रही ख़बरों के अनुसार चीन के जिस अस्पताल में दुनिया का सबसे पहला कोरोना संक्रमण का मामला दर्ज किया गया था वहां की प्रमुख को निलंबित कर दिया गया है.

    कोरोना वायरस फैलने के शुरूआती दौर में जिस तरह स्थिति को लंभाला गया उसकी चीन में और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी आलोचना हुई.

    स्वतंत्र मीडिया में आ रही ख़बरों के मुताबिक़ इसी कारण उन्हें निलंबित किया गया है.

    काएक्सिन समाचार वेबसाइट के अनुसार वुहान सेंट्रल हॉस्पिटल की पार्टी सेक्रेटरी चाई ली को उनकी भूमिका से "निलंबित" कर दिया गया है.

    इसी साल फरवरी में यहां काम करने वाले नेत्र-विशेषज्ञ डॉक्टर ली वेनलियांग की मौत हो गई थी. 30 दिसंबर को उन्होंने अपने साथी डॉक्टरों को चेताया था कि उन्होंने कुछ मरीज़ों में सार्स जैसे वायरस के लक्षण देखे हैं.

    हालांकि इसके बाद स्थानीय पुलिस ने उनसे मुँह बंद रखने को कहा था. साथ ही कहा था कि वे लोगों को भ्रमित ना करें. लेकिन बाद में जब डॉक्टर ली की बात सही साबित हुई तो चीनी सोशल मीडिया में उन्हें 'हीरो' बताया जाने लगा.

    कई लोगों ने कहा कि उन्होंने समय रहते लोगों को सतर्क करने का काम किया.

    हू वेईफेंग

    इमेज स्रोत, BTV

    इमेज कैप्शन, हू वेईफेंग

    इसी साल जनवरी में हू वेईफेंग कोरोना पॉज़िटिव पाए गए थे. जून में इसी अस्पताल में डॉक्टर हू वेईफेंग की मौत हो गई.

    इसके बाद से चीनी सोशल मीडिया पर अस्पताल की प्रमुख चाई ली की जांच किए जाने और उन्हें बर्ख़ास्त किए जाने की मांग की जा रही थी.

    आलोचकों का कहना है कि शुरूआती दौर में वायरस के बारे में चेतावनी देने में देरी करने और अस्पताल में कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था न करने के लिए चाई ली ज़िम्मेदार हैं.

    वुहान में मौजूद एक जानकार ने जून में रेडियो फ्री एशिया को बताया कि चाई ली डॉक्चर ज़रूर हैं लेकिन वो उससे अधिक एक सरकारी अधिकारी हैं और "कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जो फ़ैसले लिए वो ऊपर से मिले आदेश के आधार पर थे."

  10. कांग्रेस नेता एच वसंतकुमार की कोरोना से मौत

    तमिलनाडु के कन्याकुमारी से कांग्रेस के मंत्री एच वसंतकुमार की चेन्नई के एक अस्पताल में मौत हो गई है. वो कोरोना संक्रमित थे.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  11. नमस्कार! बीबीसी हिंदी पर कोरोना वायरस संक्रमण पर लाइव अपडेट्स और विश्लेषण का सिलसिला शनिवार को भी जारी है. शुक्रवार को देश-दुनिया में कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर क्या कुछ हुआ, आप इस लिंक पर क्लिक करके देख सकते हैं.