कोरोना अपडेट: मोहर्रम में जुलूस निकालने की इजाज़त देने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार

अदालत का कहना है कि इससे कोरोना फैलाने का आरोप लगाकर एक विशेष समुदाया को निशाना बनाया जा सकता है.

लाइव कवरेज

  1. दुनिया भर में अब तक क्या-क्या हुआ

    स्पेन में कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, REUTERS/Nacho Doce

    • स्पेन दो हज़ार सैनिकों को ख़ास ट्रेनिंग देने की योजना बना रहा है. इन सैनिकों को उन लोगों को ट्रैक करने के काम में लगाया जाएगा जो कोरोना वायरस के संपर्क में आए हों.
    • यूरोपीय देशों में कोरोना की दूसरी लहर को रोकने की कोशिशें तेज़ हुईं. फ्रांस ने सिनेमा और थियटरों में भीतर भी मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है. वहीं जर्मनी ने अधिक सफाई बरतने को लेकर नए नियम जारी किए हैं.
    • इटली ने एक बार फिर कहा है कि वायरस पर लगाम लगाने के लिए लोगों को सोशल डिस्टेन्सिंग का पालन करना चहिए.
    अमरीका में कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, REUTERS/Erin Scott

    • अमरीका में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार कम हो रहे हैं. जानकारों का कहना है कि इसकी एक वजह अधिक लोगों का मास्क पहनना है. हालांकि उनका ये भी कहना है कि टेस्टिंग की संख्या कम करना भी इसकी एक बड़ी वजह है.
    • अमरीका की पब्लिक हेल्थ एजेंसी सीडीसी ने टेस्टिंग को लेकर पहले जारी की गई अपनी सलाह में बदलाव किया है. अब इसमें कहा गया है कि अगर कोई व्यक्ति किसी ऐसे व्यक्ति के संपर्क में आए हैं जिनको कोरोना संक्रमण हुआ था तो ज़रूरी नहीं कि वो अपना टेस्ट कराएं.
    यूक्रेन में कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, REUTERS/Alexander Ermochenko

    • यूक्रेन ने कहा है कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए वो एक महीने तक देश की सभी सीमाएं बंद कर देगा.
    • इसके बाद विदेश से आने वाले अधिकांश लोगों को देश में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. हालांकि अंतरराष्ट्रीय मानवता मिशन समेत केवल कुछ ज़रूरी काम में जुटे लोगों को आवाजाही की इजाज़त दी जाएगी.
    • अगले महीने की शुरूआत से कैथलिक ईसाईयों के धर्मगुरु पोप फ्रांसिस छोटी सार्वजनिक सभाएं करना शुरू करेंगे. इन सभाओं में केवल पांच सौ लोगों को शामिल होने की अनुमति दी जाएगी और ये सभा अपॉस्टिकल पैलेस के बगीचे में आयोजित की जाएगी.
    न्यूयॉर्क में म्यूज़ियम ऑफ़ मॉडर्न आर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, न्यूयॉर्क में म्यूज़ियम ऑफ़ मॉडर्न आर्ट
    • कोरोना संक्रमण के कम होते मामलों के बीच गुरुवार से न्यूयॉर्क में म्यूज़ियम ऑफ़ मॉडर्न आर्ट आम लोगों के लिए खोला जाएगा.
    • वहीं अर्जेन्टीना कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं और यहां टैन्गो वर्ल्ड चैंपिनशिप देखने के लिए उत्सुक लोग अब इसे केवल ऑनलाइन ही देख सकेंगे.
  2. रूस एक और कोरोना वैक्सीन के अप्रूवल की कर रहा तैयारी

    रूस की कोरोना वैक्सीन

    इमेज स्रोत, RDIF/Andrey Rudakov Handout via REUTERS

    स्पुत्निक 5 नाम की कोरोना वैक्सीन लांच करने के बाद रूस अब एक और कोरोना वैक्सीन को अप्रूवल की तैयारी कर रहा है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार बुधवार को देश की डिप्टी प्रधानमंत्री तात्याना गोलिकोवा ने कहा कि सितंबर के आख़िर या अक्तूबर तक इसकी तैयारी पूरी कर ली जाएगी.

    टेलीविज़न पर प्रसारित एक सरकारी बैठक में गोलिकोवा ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बताया कि साइबेरिया में मौजूद वेक्टर वाइरोलॉजी इंस्टीट्यूट के बनाए इस वैक्सीन का क्लिनिकल ट्रायल सितंबर के आख़िर तक पूरा कर लिया जाएगा.

    उन्होंने कहा कि, "पहले और दूसरे चरण में जिन्हें ये वैक्सीन दी गई हैं उनमें इस कारण कोई कॉम्लिकेशन दिखाई नहीं दिए हैं."

    इसी महीने रूस पहला ऐसा देश बन गया था जहां नियामकों ने दो महीने से भी कम वक्त के ह्युमन ट्रायल के बाद गेमालेया इंस्टीट्यूट के बनाए कोविड-19 वैक्सीन के बड़े पैमाने पर उत्पादन को मंज़ूरी दी थी.

    अंतरिक्ष में छोड़े गए सोवियत संघ के पहले उपग्रह स्पुत्निक की याद में इस वैक्सीन का नाम स्पुत्निक 5 दिया गया है.

    रूसी अधिकारियों का कहना है कि ये वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और कारगर है. हालांकि पश्चिम देशों के जानकारों ने स्पुत्निक 5 के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दी है और कहा है कि इसका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परीक्षण किया जाना चाहिए.

    रूसी डायरेक्ट इंवेस्टमेंट फंड ने बुधवार को कहा कि स्पुतनिक 5 के क्लिनिकल ट्रायल का आख़िरी चरण शुरू होने वाला है. इस ट्रायल में चालीस हज़ार लोग हिस्सा लेंगे और ऐसे ही ट्रायल पांच और देश में भी चलाए जाएंगे.

  3. नमस्कार! बीबीसी हिंदी पर कोरोना वायरस संक्रमण पर लाइव अपडेट्स और विश्लेषण का सिलसिला गुरुवार को भी जारी है. बुधवार को देश-दुनिया में कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर क्या कुछ हुआ, आप इस लिंक पर क्लिक करके देख सकते हैं.