कोरोना अपडेट: दुनिया भर में 8 लाख से अधिक की मौतें, अमरीका में 1 लाख 75 हज़ार से ज़्यादा मौतें

दुनिया भर में कोरोना वायरस के होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है.

लाइव कवरेज

  1. झारखंड के एक और मंत्री कोरोना पॉज़िटिव पाए गए

    झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख

    इमेज स्रोत, Ravi Prakash

    इमेज कैप्शन, झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख

    रवि प्रकाश

    राँची से, बीबीसी हिन्दी के लिए.

    झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख भी कोरोना पॉज़िटिव हो गए हैं. उनके मंत्रिमंडल के सदस्य और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्होंने अपनी जाँच करायी थी.

    झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के 11 सदस्यीय मंत्रिमंडल में वो तीसरे ऐसे मंत्री हैं, जिनमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है.

    मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश के बाद शेष मंत्री अभी होम क्वारंटीन हैं. मुख्यमंत्री समेत कुछ मंत्रियों की जाँच करायी जानी अभी बाकी है. मुख्यमंत्री की जाँच सोमवार को की जाएगी.

    स्वास्थ्य मंत्री के कोरोना संक्रमिक होने के बाद मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को कोरोना जाँच कराने का निर्देश दिया गया था क्योंकिये एक मंत्री को छोड़कर बाकी के सभी मंत्री उस कैबिनेट मीटिंग में शामिल हुए थे, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता मौजूद थे. उस बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री की जाँच रिपोर्ट आई थी. उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई थी.

    इस बीच झारखंड में कोरोना संक्रमण का आँकड़ा 29000 से ऊपर चला गया है. मरने वालों की संख्या भी 310 हो गई है.

  2. दुनियाभर में कोरोना वायरस के कारण क्या हैं हालात..

    महिलाएं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कोरोना वायरस का क़हर लगातार जारी है. इसके कारण पूरी दुनिया में हर रोज़ कुछ नई तब्दीलियां आ रही हैं. आइये कुछ बड़ी ख़बरों पर नज़र डालते हैं.

    • जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के अनुसार, पूरी दुनिया में कोविड-19 के कारण मौत का आंकड़ा 8 लाख के पार जा चुका है जबकि 2.3 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं. अमरीका में 1,75,000 लोगों की मौत हुई है. उसके बाद ब्राज़ील, मेक्सिको, भारत और ब्रिटेन में मौतें हुई हैं.
    • विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख ने कहा है कि कोविड-19 की महामारी दो सालों के अंदर समाप्त हो जाएगी. हालांकि, ब्रिटेन के एक वैज्ञानिक ने चेताया है कि वायरस ‘हमारे साथ अलग रूप मेंभी हमेशा रह सकता है.’
    • WHO ने 12 साल से अधिक बच्चों के लिए नए नियम जारी करते हुए कहा है कि उन्हें भी बड़ों की तरह फ़ेस-मास्क पहनना चाहिए.
    • क्रोएशिया से आने वाले यात्रियों को अब ब्रिटेन में दो हफ़्ते क्वारंटीन में बिताने होंगे जिसे क्रोएशियाई अधिकारियों ने ठीक नहीं कहा है.
    • वायरस को दोबारा फैलने से रोकने के लिए दक्षिण कोरिया में नए राष्ट्रव्यापी प्रतिबंध लागू किए हैं.
  3. नमस्कार! बीबीसी हिंदी पर कोरोना वायरस संक्रमण पर लाइव अपडेट्स और विश्लेषण का सिलसिला रविवार को भी जारी है. शनिवार को देश-दुनिया में कोरोना संक्रमण को लेकर क्या कुछ हुआ, उसे आप इस लिंक पर क्लिक करके देख सकते हैं.