झारखंड के एक और मंत्री कोरोना पॉज़िटिव पाए गए
रवि प्रकाश
राँची से, बीबीसी हिन्दी के लिए.
झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख भी कोरोना पॉज़िटिव हो गए हैं. उनके मंत्रिमंडल के सदस्य और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्होंने अपनी जाँच करायी थी.
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के 11 सदस्यीय मंत्रिमंडल में वो तीसरे ऐसे मंत्री हैं, जिनमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है.
मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश के बाद शेष मंत्री अभी होम क्वारंटीन हैं. मुख्यमंत्री समेत कुछ मंत्रियों की जाँच करायी जानी अभी बाकी है. मुख्यमंत्री की जाँच सोमवार को की जाएगी.
स्वास्थ्य मंत्री के कोरोना संक्रमिक होने के बाद मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को कोरोना जाँच कराने का निर्देश दिया गया था क्योंकिये एक मंत्री को छोड़कर बाकी के सभी मंत्री उस कैबिनेट मीटिंग में शामिल हुए थे, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता मौजूद थे. उस बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री की जाँच रिपोर्ट आई थी. उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई थी.
इस बीच झारखंड में कोरोना संक्रमण का आँकड़ा 29000 से ऊपर चला गया है. मरने वालों की संख्या भी 310 हो गई है.