कोरोना काल में भारत में 1.89 करोड़ लोगों की गई नौकरियां: सीएमआईई

कोरोना को लेकर दुनिया भर से ख़बरों और विश्लेषण से जुड़े ताज़ा अपडेट्स.

लाइव कवरेज

  1. चीनी कंपनी को भरोसा साल के अंत तक मिलेगी वैक्सीन

    कोरोना वैक्सीन

    इमेज स्रोत, Reuters

    केरी एलेन

    बीबीसी मॉनिटरिंग, चीनी मीडिया एनालिस्ट

    चीन की एक फ़ार्मा कंपनी सिनोफ़ार्म ने घोषणा की है कि इस साल के अंत तक वो कोरोना वायरस की वैक्सीन बना लेगी.

    सिनोफ़ार्म के चेयरमैन लिउ जिंगझेन ने मीडिया को बताया कि वैक्सीन का तीसरे चरण का ट्रायल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में चल रहा है और इसके दिसंबर तक बाज़ार में आने की उम्मीद है.

    वैक्सीन के ट्रायल के तौर पर लिउ जिंगझेन ने ख़ुद इसके दो डोज़ लिए हैं. उन्होंने ग्लोबल टाइम्स को बताया कि अब तक उन्हें इसके“कोई भी साइड इफ़ेक्ट” महसूस नहीं हुए हैं.

    चीन के बीज़िंग और वुहान शहरों में ऐसी वर्कशॉप हैं जहां एक साल में क्रमश: 10.2 करोड़ और 10 करोड़ वैक्सीन का उत्पादन हो सकता है. इस वैक्सीन के दो डोज़ की कीमत 1000 युआन यानी करीब 10700 रुपये होगी.

    चीन में वैक्सीन की कीमत को लेकर कुछ लोगों ने चिंता जाहिर की है. चीनी सोशल मीडिया साइट सीना वीबो पर बहुत से लोगों ने लिखा कि इस कीमत पर वैक्सीन चीन के ग्रामीण इलाकों में रहने वालों के लिए बहुत महंगी साबित होगी और वो इसे नहीं ले पाएंगे.

    हालांकि जो आंकड़े सामने आ रहे हैं उनके मुताबिक चीन में संक्रमण के घरेलू मामले अब नहीं हैं, यहां सिर्फ़ बाहर से आने वालों में कोरोना संक्रमण के लक्षण मिल रहे हैं, ऐसे में ग्रामीण इलाकों तक संक्रमण पहुंचने के आसार कम ही हैं.

    वर्तमान में दुनियाभर में करीब 200 कोरोना वैक्सीन का ट्रायल चल रहा है और 20 से अधिक वैक्सीन ह्यूमन ट्रायल के लिए तैयार होने के स्तर पर हैं.

  2. अमरीका में संक्रमितों के संख्या एक करोड़ के पार जाएगी: WHO

    कोरोना

    इमेज स्रोत, EPA

    कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर मंगलवार को दुनिया में जो कुछ देखने को मिला उसमें प्रमुख बातें निम्नांकित रहीं-

    • फ्रांस ने ऐलान किया है कि एक से ज़्यादा कर्मचारियों वाले दफ़्तरों में मास्क का इस्तेमाल अनिवार्य किया जा रहा है. यह प्रावधान आने वाले एक सितंबर से लागू हो जाएगा.
    • विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 20 से लेकर 40 साल के युवा कोरोना का संक्रमण दुनिया भर में फैला रहे हैं. उन्हें सतर्कता बरतने की जरूरत है.
    • विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक अमरीका में कोरोना संक्रमण के मामले एक करोड़ 15 लाख तक पहुंचने की आंशका है और इतना ही नहीं इस दौरान चार लाख लोगों की मौत की आशंका भी है.
    • जर्मनी की चांसलर एंगेला मर्केल ने कहा है कि बीते तीन सप्ताह में कोरोना संक्रमण के मामलों में दोगुनी वृद्धि को देखते हुए अब लॉकडाउन के प्रावधानों में रियायत नहीं दी जाएगी.
    • चीन की फर्मास्यूटिकल कंपनी सिनोफार्म ने साल के अंत तक कोरोना वैक्सीन तैयार करने की उम्मीद जताई है.
  3. नमस्कार! बीबीसी हिंदी पर कोरोना को लेकर लाइव अपडेट्स का सिलसिला जारी है. आप यहां दुनिया भर से आने वाले तमाम अपडेट्स के साथ विश्लेषण पढ़ सकते हैं, वीडियो देख सकते हैं. मंगलवार को क्या कुछ हुआ, जानने के लिए यहां क्लिक करें.