कोरोना वायरसः प्रणब मुखर्जी वेंटिलेटर पर, हालत चिंताजनक

दुनिया भर में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर दो करोड़ हो गई है. कोरोना महामारी पर दिन भर के अहम अपडेट्स.

लाइव कवरेज

  1. मार्च से अब तक संक्रमण के मामले 200 गुना बढ़े

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दुनिया भर में कोरोना संक्रमण के मामले दो करोड़ के पार पहुंच गए हैं. जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक़ दुनिया भर में फिलहाल कोरोना संक्रमण के 20,004,254 मामले हैं.

    सिर्फ़ छह हफ़्तों में दुनियाभर में संक्रमण के मामले दो गुने हो गए हैं. यही नहीं, मार्च के मध्य के बाद से संक्रमण के मामले 200 गुना बढ़े हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, दुनिया भर में अब तक सात लाख तीस हज़ार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं.

    अमरीका में रविवार को संक्रमण का कुल आँकड़ा 50 लाख के पार पहुंच गया. यहां संक्रमितों की कुल संख्या दुनियाभर में संक्रमण के कुल आंकड़ों की एक चौथाई है. यह दुनिया का सबसे प्रभावित देश है जहां कोरोना संक्रमण और इसकी वजह से मौत के मामले सबसे अधिक हैं.

    अमरीका में हर 65 में से एक शख़्स कोरोना पॉज़िटिव है जबकि संक्रमण की शुरुआत से ही हर 2000 में से एक शख़्स इस वायरस की वजह से जान गँवा रहा है.

  2. कोरोना संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार

    जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के ताज़ा आँकड़ों के अनुसार दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या दो करोड़ को पार कर गई है.

    सबसे ज़्यादा संक्रमित अमरीका में हैं जिनकी संख्या 5,085,821 है. दूसरे नंबर पर ब्राज़ील है जहां 3,057,470 लोग कोरोना पॉज़िटिव हैं.

    भारत तीसरे नंबर पर हैं जहां कोरोना संक्रमितों की तादाद बढ़कर 2215,074 हो गई है.

  3. अमरीका में अब तक साढ़े छह करोड़ लोगों का टेस्ट हुआ: ट्रंप

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि अमरीका में अब तक साढ़े छह करोड़ लोगों का कोरोना टेस्ट हो चुका है.

    उनके अनुसार कोई भी दूसरा देश कोरोना टेस्ट के मामले में अमरीका के आस पास भी नहीं है.

    उन्होंने कहा कि भारत दूसरे नंबर पर है जहां अब तक एक करोड़ दस लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ है.

    उन्होंने कहा कि भारत की आबादी क़रीब 150 करोड़ है इसलिए कोरोना टेस्टिंग के मामले में अमरीका पहले नंबर पर है.

    ट्रंप ने कहा कि अमरीका में कोरोना की टेस्टिंग भी दूसरे जगहों की तुलना में ज़्यादा बेहतर तरीक़े से हो रही है.

    उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि साल के अंत तक कोरोना की वैक्सीन तैयार हो जाएगी.

  4. फ़्रांस के अस्पतालों में कोरोना मरीज़ों की संख्या में इज़ाफ़ा

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार फ़्रांस में लॉकडाउन हटाने के बाद से कोरोना मरीज़ों की संख्या अस्पतालों में बढ़ती हुई दिख रही है.

    फ़्रांस के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस समय फ़्रांस में 5045 कोरोना संक्रमित लोग अस्पतालों में इलाज करवा रहे हैं.

    मंत्रालय के मुताबिक़ अभी 396 लोग अस्पताल के आईसीयू में दाख़िल हैं.

    अप्रैल के मध्य से फ़्रांस में कोरोना मामलों में कमी देखी जा रही थी. उसके बाद सरकार ने लॉकडाउन में ढील दी.

    उसके बाद से ये पहली बार देखा जा रहा है जब अस्पतालों में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है.

  5. छत्तीसगढ़: कोरोना से मौत के बाद अंतिम संस्कार में परेशानियाँ

    आलोक पुतुल

    रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिये

    छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमितों की मौत के बाद उनके अंतिम संस्कार को लेकर परेशानियाँ शुरु हो गई हैं.

    राजधानी रायपुर में एक शमशान घाट में संक्रमितों के अंतिम संस्कार से पहले कांग्रेस के विधायक विकास उपाध्याय के विरोध के बाद ज़िला प्रशासन के लोगों को शव को लेकर वापस होना पड़ा.

    सोमवार को बिलासपुर शहर में भी कोरोना के कारण अपनी जांन गँवाने वालों के अंतिम संस्कार के दौरान एक शमशान घाट में लोगों ने प्रदर्शन किया.

    राज्य में अब तक कोरोना से सौ लोगों की मौत हो चुकी है.

    इस बीच राज्य सरकार ने आने वाले दिनों में अंतिम संस्कार को लेकर विवाद और गहराने की आशंका के बीच रायपुर और बिलासपुर में कोरोना संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत होने की स्थिति में रायपुर या बिलासपुर में ही अंतिम संस्कार की अनिवार्यता को ख़त्म करने के निर्देश जारी किये हैं.

    राज्य सरकार ने कहा है कि मृतकों के अंतिम संस्कार के लिये अब उनके शव को गृह ज़िलों में भेजा जायेगा.

    इस दौरान अंतिम संस्कार की व्यवस्था ज़िला प्रशासन की ओर से की जायेगी.

    हालाँकि अंतिम संस्कार के समय मृतक के दो परिजनों को मौक़े पर रहने की अनुमति होगी लेकिन वे शव को छू नहीं सकेंगे.

    इसके साथ ही सभी ज़िलों में अंतिम संस्कार स्थल को चिन्हांकित करने के निर्देश भी जारी किये गये हैं.

  6. पाकिस्तान: स्कूल, कॉलेज, शादी हॉल और बहुत कुछ खुल गए

    पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Reuters

    पाकिस्तान में सोमवार से स्कूल, कॉलेज और दूसरे शिक्षण संस्थान खुल गए हैं.

    इसके अलावा शादी घर, शॉपिंग मॉल और सिनेमा घरों के अलावा मनोरंजन की दुनिया से जुड़े दूसरी जगहें भी सोमवार से खुल गई हैं.

    कारोबार भी खोल दिए गए हैं. हालांकि सरकार ने सभी तरह की संस्थानों के लिए गाइडलाइन जारी किए हैं जिनका पालन करना ज़रूरी है.

    जुलाई में पाकिस्तान में कोरोना के मामलों में काफ़ी कमी देखने को मिली थी और अगस्त के पहले हफ़्ते में भी कोरोना संक्रमण के मामले क़ाबू में बताए जा रहे हैं.

    इसी के कारण सरकार ने अर्थव्यवस्था को दोबारा पटरी पर लाने के लिए सभी क्षेत्रों को कुछ शर्तों के साथ खोलने की इजाज़त दे दी.

  7. बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    हम यहाँ दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़ी सभी ज़रूरी ख़बरें और सभी बड़े अपडेट्स से आपको अवगत कराएंगे. लेकिन पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए आप चाहें तो यहां क्लिक कर सकते हैं.