मार्च से अब तक संक्रमण के मामले 200 गुना बढ़े
दुनिया भर में कोरोना संक्रमण के मामले दो करोड़ के पार पहुंच गए हैं. जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक़ दुनिया भर में फिलहाल कोरोना संक्रमण के 20,004,254 मामले हैं.
सिर्फ़ छह हफ़्तों में दुनियाभर में संक्रमण के मामले दो गुने हो गए हैं. यही नहीं, मार्च के मध्य के बाद से संक्रमण के मामले 200 गुना बढ़े हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, दुनिया भर में अब तक सात लाख तीस हज़ार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं.
अमरीका में रविवार को संक्रमण का कुल आँकड़ा 50 लाख के पार पहुंच गया. यहां संक्रमितों की कुल संख्या दुनियाभर में संक्रमण के कुल आंकड़ों की एक चौथाई है. यह दुनिया का सबसे प्रभावित देश है जहां कोरोना संक्रमण और इसकी वजह से मौत के मामले सबसे अधिक हैं.
अमरीका में हर 65 में से एक शख़्स कोरोना पॉज़िटिव है जबकि संक्रमण की शुरुआत से ही हर 2000 में से एक शख़्स इस वायरस की वजह से जान गँवा रहा है.