जर्मनी में कोरोना से जुड़े प्रतिबंधों के ख़िलाफ़ बड़ा प्रदर्शन

भारत में अब तक 36 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, दुनिया भर से क्या हैं कोरोना को लेकर ताज़ा अपडेट.

लाइव कवरेज

  1. अब तक क्या-क्या हुआ

    टेड्रॉस अडहॉनम गीब्रिएसुस

    इमेज स्रोत, Reuters

    • विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेड्रॉस अडहॉनम गीब्रिएसुस ने चेतावनी दी है कि कोरोना महामारी का असर दुनिया दशकों तक महसूस करेगी. शुक्रवार को विश्व भर में कोरोना संक्रमण के 292,527 मामले दर्ज किए गए हैं.
    • हॉन्ग कॉन्ग में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनज़र चीफ़ एक्सीक्यूटिव के पद के लिए होने वाले चुनावों को फिलहाल टाल दिया गया है.
    • शुक्रवार को वियतनाम में कोरोना के कारण हुई एक मौत के बाद एक और व्यक्ति की मौत दर्ज की गई. मार्च और अप्रैल के महीने में जब दुनिया के सौ से अधिक देश महामारी के बढ़ते मामलों से जूझ रहे थे वियतनाम ने महामारी को फैलने से रोकने में सफलता पाई थी. लेकिन हाल के दिनों में यहां संक्रमण के मामले दर्ज किए गए. जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के डैशबोर्ड के अनुसार अब तक यहां संक्रमण के 546 मामले दर्ज किए गए हैं.
    आइसलैंड

    इमेज स्रोत, Inspired by Iceland/ PA Wire

    • आइसलैंड में कोरोना संक्रमण के दो क्लस्टर के सामने आने के बाद वहां सरकार ने लोगों के लिए सोशल डिस्टेन्सिंग के नियमों को लागू कर दिया है. सामाजिक कार्यक्रम के लिए अधिक लोगों के एक जगह पर एकत्र होने पर भी पाबंदी लगा दी गई है.
    • स्पेन में लॉकडाउन हटाने के बाद शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड मामले दर्ज किए गए. अधिकारियों के अनुसार यहां शुक्रवार को संक्रमण के 1,525 ताज़ा मामले दर्ज किए गए हैं. स्पेन ने बीते महीने लॉकडाउन हटाया था.
    • जर्मनी के स्पेन के तीन इलाक़ों- कैटलोनिया, आर्गन और नवार्रे को हाई रिस्क इलाकों की सूची में शामिल किया है. इन जगहों से जर्मनी आने वाले लोगों को अब 14 दिन के क्वारंटीन में रहना होगा या तब तक क्वारंटीन में रहना होगा जब तक कोरोना टेस्ट की उनकी रिपोर्ट निगेटिव नहीं आती.
    स्पेन

    इमेज स्रोत, Reuters

    • ब्रितानी प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कोरोनो वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनज़र लॉकडाउन में राहत देने के फ़ैसले को कम से कम दो सप्ताह के लिए आगे बढ़ा दिया है. उन्होंने कहा कि फिलहाल हमारे लिए अधिक सावधानी बरतने का समय है.
    • ब्रितानी सरकार संग्रहालयों और पूजा स्थलों पर लोगों के लिए चेहरा ढंकना अनिवार्य करने जा रही है. इस संबंध में आठ अगस्त को क़ानून बनाया जाएगा.
  2. ब्रेकिंग न्यूज़, एक दिन में संक्रमण के रिकॉर्ड 292,527 मामले

    भारत में कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, REUTERS/Francis Mascarenhas

    विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार शुक्रवार को दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बड़ा उछाल देखा गया है.

    शुक्रवार को एक ही दिन में संक्रमण के 292,527 मामले दर्ज किए गए हैं जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है. वहीं शुक्रवार को कोरोना के कारण दुनिया भर में 6,812 लोगों की जान गई है.

    इससे पहले 24 जुलाई को संक्रमण के 284,196 मामले दर्ज किए गए थे.

    जिन देशों में संक्रमण के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए हैं उनमें अमरीका, ब्राज़ील, भारत और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं.

    शुक्रवार को कहां संक्रमण के कितने मामले दर्ज किए गए-

    • ब्राज़ील - 69,074 मामले
    • अमरीका - 65,406 मामले
    • भारत - 55,078 मामले
    • दक्षिण अफ्रीका - 11,046 मामले
    • कोलंबिया- 8,670 मामले
  3. नमस्कार! बीबीसी हिंदी पर कोरोना संक्रमण को लेकर विशेष कवरेज़ का सिलसिला शनिवार को भी जारी है. आप इस पन्ने पर दुनिया भर के तमाम अपडेट्स के अलावा विश्लेषण और जानकारी से भरे वीडियो देख सकते हैं. शुक्रवार के तमाम अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.