ट्विटर ने डोनाल्ड ट्रंप के बेटे पर लगाई 12 घंटे की पाबंदी

इमेज स्रोत, DonaldJTrumpJr FB Page
ट्विटर ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बड़े बेटे के ट्वीट करने पर 12 घंटे की पाबंदी लगाई है.
यह पाबंदी उन पर एक वीडियो पोस्ट करने के चलते लगाई गई है जिसमें हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन के फ़ायदे बताए गए हैं.
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित कुछ लोगों ने मलेरिया की इस दवा को कोरोना वायरस में फ़ायदेमंद बताया है, हालांकि मेडिकल स्टडी में इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है.
ट्विटर के मुताबिक ट्रंप जूनियर का वीडियो कोविड-19 को लेकर ग़लत सूचनाओं के नियम का उल्लंघन है.
ट्विटर ने बीबीसी से कहा है कि उन लोगों ने अपनी नीति के तहत कार्रवाई की है.
हालांकि इस दौरान डोनाल्ड ट्रंप जूनियर अपने एकाउंट को ब्राउज कर पाएंगे और सीधे मैसेज भेज सकते हैं.
