कोरोना वायरस: नगालैंड के दीमापुर में आठ दिनों का टोटल लॉकडाउन

स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक़ नगालैंड में कोरोना के करीब 1,339 मरीज़ हैं जिनमें से सबसे ज़्यादा 527 मरीज़ दीमापुर जिले में हैं.

लाइव कवरेज

  1. उत्तर कोरिया ने कहा, उसके यहां कोविड-19 का पहला संदिग्ध मरीज़ मिला

    उत्तर कोरिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    उत्तर कोरिया ने कहा है कि अवैध रूप से दक्षिण कोरिया में गए और पिछले हफ़्ते लौटकर आया उसका एक नागरिक कोविड-19 का संदिग्ध मरीज़ पाया गया है.

    सरकारी मीडिया ने कहा है कि देश के शीर्ष नेता किम जॉन्ग उन ने एक आपातकालीन बैठक की है और जिस सीमावर्ती शहर गेसंग में संदिग्ध मरीज़ पाया गया है उसमें लॉकडाउन लगा दिया गया है.

    उत्तर कोरिया जिसकी सीमाएं हमेशा सील रहती हैं उसका कहना था कि उसके यहां एक भी कोरोना वायरस का मामला नहीं है. इस दावे को विशेषज्ञ ख़ारिज कर चुके हैं.

  2. भारत में बीते 24 घंटों में 4 लाख से अधिक टेस्ट

    जांच

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि बीते 24 घंटों में देश में कोरोना वायरस की जांच के लिए 4,42,031 सैंपल टेस्ट किए गए हैं.

    पहली बार सरकारी लैब्स ने नया रिकॉर्ड बनाते हुए 3,62,153 सैंपल की जांच की है. वहीं निजी लैब्स ने 79,878 सैंपल की जांच की है.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, स्निफ़र डॉग कर सकते हैं कोरोना वायरस की पहचान: जर्मन स्टडी

    कोरोना

    इमेज स्रोत, EPA

    जर्मनी की रिसर्चरों की मानें तो स्निफ़र डॉग ट्रेनिंग दिए जाने के बाद इस बात का पता लगा लेते हैं कि कौन शख़्स कोरोना संक्रमित है.

    ये बात सुनने में अजीब भले लग रही हो लेकिन यूनिवर्सिटी ऑफ़ वेटनरी मेडिसीन हेनोवर के वैज्ञानिकों ने अपने अध्ययन में यह पता लगाया है कि स्निफ़र डॉग ट्रेनिंग हासिल करने के बाद बेहद दक्षता से कोरोना संक्रमितों की पहचान कर लेते हैं.

    इस रिसर्च स्टडी के लिए जर्मन आर्मी के आठ स्निफ़र डॉग को लिया गया और एक सप्ताह की ट्रेनिंग के बाद ये कुत्ते म्यूकस और सेल्विया के आधार पर कोरोना संक्रमितों की पहचान करने में कामयाब रहे.

    वेटनरी मेडिसीन विभाग के चेयर पर्सन होल्गर वोल्क के मुताबिक यह एक पायलट अध्ययन था लेकिन अब इसे विस्तृत रूप दिया जाएगा ताकि स्निफ़र डॉग का इस्तेमाल कोरोना संक्रमितों की पहचान के लिए किया जाए.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना पर रविवार सुबह 5.30 बजे दुनिया का हाल

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Reuters

    कोरोना वायरस का संक्रमण दुनिया भर में लगातार फैल रहा है. रविवार की सुबह साढ़े पांच बजे तक दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या एक करोड़ 59 लाख से ज़्यादा हो चुकी है. जबकि इस महामारी की चपेट में आकर छह लाख 43 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

    अमरीका में संक्रमण का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. अमरीका में संक्रमितों की कुल संख्या 41 लाख 74 हज़ार से ज़्यादा हो चुकी है जबकि अब तक अमरीका में एक लाख 46 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है.

    दूसरे पायदान पर खड़े ब्राज़ील में संक्रमितों की कुल संख्या 24 लाख के पास पहुंच हई है हालांकि देश में मरने वालों की संख्या 85 हज़ार से ज़्यादा हो चुकी है.

    तीसरे पायदान पर भारत है जहांं अब तक 13 लाख 37 हज़ार से ज़्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि मरने वालों की संख्या 31 हज़ार से ज़्यादा हो चुकी है.

    उधर ब्रिटेन ने स्पेन से आने वाले लोगों को दो सप्ताह तक होम क्वारंटीन में रहने का नियम बनाया है. स्पेन में पिछले कुछ दिनों में लगातार मामले बढ़ रहे हैं. माना जा रहा है कि ब्रिटेन ने एहतियातन ये क़दम उठाया है.

  5. कोरोना को लेकर क्या है दुनिया भर की सुर्ख़ियां

    कोरोना

    इमेज स्रोत, AFP

    कोरोना संक्रमण को लेकर शनिवार को दुनिया भर से सुर्खियां कुछ इस तरह से रहीं-

    इंग्लैंड में इंडोर जिम, स्विमिंग पूल और दूसरे इंडोर स्पोर्ट्स फैसिलिटीज को शनिवार से खोला गया. मार्च के बाद पहली बार इन चीज़ों को आम लोगों के लिए खोला गया.

    स्पेन के कैटालोनिया इलाक़े में नाइटलाइफ़ की सभी सुविधाओं को बंद कर दिया गया है. पिछले कुछ दिनों से कैटालोनिया में लगातार मामले बढ़ रहे हैं. माना जा रहा है कि स्पेन में कोरोना वायरस की दूसरी बार लहर चल रही है.

    भारत में कोरोना संक्रमण के मामले का लगातार बढ़ना जारी है. बीते दो दिनों में देश भर में करीब एक लाख नए मामले सामने आए हैं. भारत में कोरोना संक्रमित लोगों की कुल संख्या 13 लाख 36 हज़ार से ज़्यादा हो चुकी है जबकि अब तक देश भर 31 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

    ब्राज़ील के राष्ट्रपति जाएर बोलसोनारो ने कहा है कि उनके कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट नेगेटिव आयी है. दो सप्ताह पहले बोलसोनारो कोरोना संक्रमित पाए गए थे.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी वर्ल्ड हेल्थ आर्गेनाइजेशन के मुताबिक अफ्रीकी देशों में अब तक दस हज़ार से ज़्यादा स्वास्थ्यकर्मी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं. संगठन के मुताबिक हालात काफ़ी ख़राब हैं.

    इंग्लैंड के एक्सपर्टों के मुताबिक मोटापे और ज़्यादा वजन वाले लोगों के लिए कोरोना वायरस कहीं ज़्यादा ख़तरनाक है. ऐसे लोगों के लिए कोरोना की चपेट में आने पर गंभीर रूप से बीमार होने या फिर मौत होने की आशंका ज़्यादा पायी गई है.

  6. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस विशेष पन्ने पर कोरोना वायरस को लेकर दुनिया भर के अपडेट्स का सिलसिला जारी रहेगा. हमारे इस विशेष कवरेज में कोरोना को लेकर तमाम अपडेट्स के अलावा सटीक विश्लेषण और दिलचस्प वीडियो भी आप देख सकते हैं. शनिवार को दिनभर का कोरोना वायरस अपडेट्स देखने के लिए आप यहां क्लिक करें.