You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कोरोना: अमरीका में हर घंटे कोरोना संक्रमण के 2600 नए मामले
दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या डेढ़ करोड़ से ज़्यादा हो गई है, और अब तक छह लाख 17 हज़ार से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं.
लाइव कवरेज
बक़रीद से पहले भोपाल में 10 दिन का लॉकडाउन
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 24 जुलाई की रात 8 बजे से 10 दिन का लॉकडाउन लगाया जा रहा है. राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि लोगों के पास दो दिन हैं, वो 10 दिन का ज़रूरी सामान ले लें.
मध्य प्रदेश में बीबीसी के सहयोगी पत्रकार शुरैह नियाज़ी के मुताबिक़, सरकार के इस फ़ैसले का विरोध भी शुरू हो गया है. कांग्रेस विधायक आरिफ़ मसूद ने कहा है कि त्योहारों पर लॉकडाउन करने के ख़िलाफ़ आदोंलन किया जाएगा. उधर, शहर काज़ी ने कहा है कि वो भी आज इस पर बैठक करेंगे. 1 अगस्त को ईद है और कई लोगों का मानना है कि यह कदम लोगों को ईद मनाने से रोकने के लिए लिया गया है.
राजधानी भोपाल में कोरोना वायरस के 215 नए मरीज़ भी मिले हैं, इसी के साथ वहां संक्रमितों का आकड़ा 5000 के पार चला गया है. वहीं प्रदेश का आकड़ा 24842 पहुंच गया है और कुल 770 मौतें हो चुकी हैं.
राज्य के एक कैबिनेट मंत्री भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं. इन्होंने कैबिनेट बैठक में भी शिरकत की थी. रिपोर्ट पॉज़िविट आने के बाद अरविंद भदौरिया को भोपाल के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
सहकारिता मंत्री भदौरिया बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में शामिल हुए थे इसके साथ ही वे लखनऊ में राज्यपाल लालजी टंडन के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए थे.
भारत में संक्रमित 12 लाख के पार
भारत में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 12 लाख के पार चली गई है.
सिर्फ पिछले 24 घंटे में ही 45 हज़ार 720 नए मामले दर्ज किए गए हैं, साथ ही 1,129 और लोगों की मौत हो गई है.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 12 लाख 38 हज़ार 635 हो गया है. वहीं मरने वालों की कुल संख्या 29 हज़ार 861 हो गई है.
देश में इस वक़्त कोरोना वायरस के 4 लाख 26 हज़ार 167 सक्रिय मामले हैं. जबकि 7 लाख 82 हज़ार 606 लोग इस बीमारी को मात देकर ठीक हो चुके हैं.
कोरोना संकटः कैसा होगा आने वाले दिनों में हवाई सफ़र
तमिलनाडु में भी प्लाज़्मा बैंक
दिल्ली की तरह ही तमिलनाडु में भी प्लाज़्मा बैंक शुरू किया गया है.
तमिलनाडु के प्रधान स्वास्थ्य सचिव जे राधाकृष्णन ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के आदेश पर एक प्लाज़्मा बैंक बनाया गया है.
उन्होंने बताया कि राज्य में अबतक 1.25 लाख से ज़्यादा लोग ठीक हो चुके हैं और अब वो संक्रमित लोगों को प्लाज़्मा देकर उनकी बड़ी मदद कर सकते हैं.
ब्राज़ील के राष्ट्रपति दोबारा कोरोना पॉज़िटिव
ब्राज़ील के राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो दोबारा कोरोना पॉज़िटिव पाए गए हैं.
उनके कार्यालय ने बुधवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने अपने क्वारंटीन को और दो हफ़्ते के लिए बढ़ा दिया है और उन्होंने अपनी तमाम यात्रा स्थगित कर दी है.
इससे पहले वो सात जुलाई को हुए कोरोना टेस्ट में पहली बार पॉज़िटिव पाए गए थे. उसके बाद से ही वो राष्ट्रपति आवास में सेल्फ़ आइसोलेशन में आराम कर रहे थे.
लेकिन बुधवार को उनका दोबारा कोरोना टेस्ट हुआ और वो एक बार फिर पॉज़िटिव हैं.
राष्ट्रपति पहले कोरोना को पूरी तरह नज़रअंदाज़ करते रहे हैं और वो कोरोना को मामूली बुख़ार कह चुके हैं.इसके लिए उनकी काफ़ी आलोचना हुई थी.
कोरोना महामारी से होने वाले नुक़सान के मामले में अमरीका के बाद ब्राज़ील दूसरे नंबर पर है.
ब्राज़ील में अबतक क़रीब 22 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 80 हज़ार से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं.
कोरोना से लड़ने के लिए पाकिस्तान को 25 करोड़ डॉलर का लोन
चीन समर्थित एशियन इन्फ़्रास्ट्रक्चर इंवेस्टमेंट बैंक (एआईआईबी) ने बुधवार को कहा कि वो कोरोना से निपटने के लिए पाकिस्तान को 25 करोड़ डॉलर का लोन देगा.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार एआईआईबी के अलावा विश्व बैंक भी इस लोन में हिस्सेदार होगा. बैंक ने बयान जारी कर कहा कि इस लोन से पाकिस्तान कोरोना महामारी से निपटने के लिए अपने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर कर सकेगा.
इससे पहले एआईआईबी ने पाकिस्तान को 50 करोड़ डॉलर का लोन दिया था. मौजूदा लोन और पिछला लोन दोनों ही एआईआईबी के 10 अरब डॉलर के फ़ंड का हिस्सा हैं जो बैंक ने कोरोना महामारी से निपटने के लिए अलग कर रखा है.
कोरोना को लेकर इस वक़्त क्या हैं दुनिया भर के ताज़ा अपडेट्स
· जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार अब तक डेढ़ करोड़ से ज़्यादा लोगों के संक्रमित होने और छह लाख 18 हज़ार से ज़्यादा लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो गई है.
· विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि कोरोना की वैक्सीन बनाने के मामले में काफ़ी प्रगति हो रही है, लेकिन अगले साल से पहले वैक्सीन के इस्तेमाल की उम्मीद नहीं की जा सकती है.
· अमरीका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में मेयर ने सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने को अनिवार्य घोषित कर दिया है.
· ब्राज़ील के राष्ट्रपति बोलसोनारो दोबारा कोरोना पॉज़िटिव निकले हैं. दो हफ़्ते पहले उन्होंने कहा था कि कोरोना टेस्ट की जाँच में वो पॉज़िटिव पाए गए हैं.
· मानवाधिकार के क्षेत्र में काम करने वाली दो संगठनों ने चेतावनी दी है कि लंबे लॉकडाउन के कारण दक्षिण और दक्षिणपूर्वी एशियाई देशों में बच्चों ख़ासकर लड़कियों के शोषण की आशंका बढ़ गई है. प्लैन इंटरनेशनल और सेभ द चिल्ड्रेन नामक संस्था का कहना है कि क़रीब एक करोड़ बच्चे कोरोना महामारी के ख़त्म होने के बाद भी शायद कभी दोबारा स्कूल का मुँह नहीं देख सकेंगे.
2021 से पहले कोरोना के वैक्सीन की कोई उम्मीद नहीं: WHO
विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि अगले साल यानी 2021 से पहले कोरोना वायरस की वैक्सीन बनने की कोई उम्मीद नहीं है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन के कार्यकारी निदेशक माइक रेयान ने कहा कि कोरोना वायरस की वैक्सीन बनाने के मामले में शोधकर्ताओं को सही कामयाबी मिल रही लेकिन साल 2021 के शुरुआती दिनों से पहले उसकी उम्मीद नहीं की जा सकती है.
उन्होंने ये भी कहा कि ये ज़रूरी है कि वैक्सीन की सुरक्षा मानकों में कोई कमी नहीं की जाए, भले ही वैक्सीन बनने की गति थोड़ी धीमी हो जाए.
उन्होंने कहा, "हमें अपनी आँखों में देखने की हिम्मत होनी चाहिए और लोगों से आँख मिलाने की भी हिम्मत होनी चाहिए. आम लोगों को ये वैक्सीन देने से पहले, हमें उन्हें सुनिश्चित करना है कि वैक्सीन को सुरक्षित और प्रभावी बनाने के लिए हमने हर संभव एहतियात बरता है. हम ये करने में थोड़ा कम समय ले सकते हैं लेकिन वास्तव में देखा जाए तो अगले साल के पहले हिस्से में ही हम लोगों को वैक्सीनेट करना शुरू कर सकेंगे."
उन्होंने कहा कि कई संभावित वैक्सीन अपने ट्रायल के तीसरे फ़ेज़ में हैं और कोई भी वैक्सीन सुरक्षा मानकों या प्रभावी होने में अभी तक फ़ेल नहीं हुई है.
बीबीसी हिंदी के कोरोना लाइव पेज पर आपका स्वागत है.
कोरोना से जुड़ी दुनिया भर की ख़बरें, विश्लेषण, ताज़ा अपडेट्स और वो सबकुछ जो आप जानना चाहेंगे, आपको यहां मिलेगा.
और अगर आप जानना चाहते हैं कि पिछले 24 घंटों में दुनिया भर में कोरोना के मामले में क्या हुआ तो आप उसके लिए यहां क्लिक कर सकते हैं.