You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोनाः दिल्ली में प्रत्येक चार शख़्स में एक कोविड-19 संक्रमित: सरकारी सर्वे

कोरोना महामारी पर भारत समेत दुनिया भर की हलचलों पर बीबीसी हिन्दी का लाइव पन्ना.

लाइव कवरेज

  1. चीन में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 11 नए मामले

    चीन में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 11 नए मामले सामने आए हैं. इससे एक दिन पहले कोरोना वायरस के 22 नए केस आए थे.

    हेल्थ कमीशन ने इन नए मामलों की जानकारी देते हुए कहा कि इन 11 मामलों में से 8 केस शिन्जियांग प्रांत में हैं. इसके अलावा जो तीन अन्य केस हैं वे ऐसे लोगों में मिले हैं जो बाहर से लौटे हैं.

    कोरोना वायरस संक्रमण की शुरुआत चीन से हुई थी लेकिन चीन में संक्रमण के मामले तुलनात्मक तौर पर कई देशों से काफी कम हैं.

    जॉन्स हॉपकिन्स वेबसाइट के अनुसार, चीन में संक्रमण के 85 हज़ार 314 मामले हैं जबकि यहां 4,644 लोगों के मौत की पुष्टि की गई है.

  2. ब्राज़ील में कोरोना वायरस से अब तक 80 हज़ार से अधिक मौतें

    ब्राज़ील दुनिया का दूसरा सबसे अधिक प्रभावित देश है.

    जॉन्स हॉपकिन्स डैशबोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक़, ब्राज़ील में संक्रमित लोगों की संख्या 21 लाख 18 हज़ार से अधिक है वहीं मरने वालों की संख्या भी 80 हज़ार के पार पहुंच गई है.

    ब्राज़ील के राष्ट्रपति ज़ायर बोल्सोनारो भी कोरोना वायरस संक्रमित हैं.

    इसके अलावा ब्राज़ील सरकार के दो अन्य मंत्रियों के भी संक्रमित होने की बात सामने आयी है.

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स की ख़बर के अनुसार, सिटिज़नशिप मंत्री ऑनिक्स लोरेंज़ोनी और नव-निर्वाचित शिक्षा मंत्री मिल्टन रिबेरो ने सोशल मीडिया पर अपने-अपने कोरोना पॉज़ीटिव होने की ख़बर शेयर की है.

  3. मास्क पहनने पर ट्रंप ने कहा, उनसे बड़ा देशभक्त कोई नहीं है

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मास्क पहने हुए अपने फ़ोटो ट्वीट करते हुए लिखा है, “हम अदृश्य चाइना वायरस को हराने के लिए एकजुट हैं और कई लोग कहते हैं कि अगर सोशल डिस्टेंसिंग नहीं की जा सकती है तो मास्क पहनना देशभक्ति का काम है. फिर यहां पर मेरे से बड़ा देशभक्त कोई नहीं है, आपका पसंदीदा राष्ट्रपति.”

    हाल के दिनों में ट्रंप ने कोविड-19 पर लगाम लगाने के लिए मास्क की ज़रूरत पर अलग-अलग बयान दिए हैं जिसके बाद उनके विपक्षी डेमोक्रेट्स और कई वैज्ञानिक सलाहकारों ने उनकी आलोचना की थी.

    फ़ॉक्स न्यूज़ को रविवार को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वो मास्क पहनने में विश्वास रखते हैं लेकिन उनका मानना है कि इससे समस्याएं भी होती हैं.

    उन्होंने यह भी कहा कि विशेषज्ञ मास्क को ज़रूरी मानते हैं लेकिन इसको लेकर उनमें मतभेद भी हैं.

  4. ब्राज़ील में मरने वालों का आंकड़ा 80,000 के पार

    ब्राज़ील के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि 20,000 से अधिक नए मामलों की पुष्टि होने के साथ-साथ देश में कुल मौतों का आंकड़ा 80,000 से अधिक हो चुका है.

    अमरीका के बाद ब्राज़ील कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित देश है.

    वहीं, देश के शिक्षा मंत्री भी कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं. वो ब्राज़ीली सरकार के ऐसे चौथे शख़्स हैं. राष्ट्रपति ज़ाएर बोलसोनारो और उनकी कैबिनेट के दो सदस्य पहले ही संक्रमित पाए गए थे.

  5. वैक्सीन पर WHO ने कहा, अभी लंबा रास्ता तय करना बाकी

    कोरोना वायरस की वैक्सीन को लेकर सकारात्मक परिणाम मिलने के बादविश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसका स्वागत किया है लेकिन कहा है कि कोविड-19 के फैलते संक्रमण से लड़ने के लिए अभी भी काम करने की ज़रूरत है.

    जेनेवा में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में WHO के आपातकालीन कार्यक्रम के निदेशक डॉक्टर माइक रेयान ने कोरोना वायरस की वैक्सीन बना रहे ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों को बधाई दी और कहाकि “यह सकारात्मक परिणाम हैं लेकिन अभी लंबा रास्ता तय करना बाकी है.”

    उन्होंने कहा कि अब ‘असली दुनिया’का ट्रायल भी बड़े पैमाने पर होना चाहिए.

    कोरोना को लेकर अभी तक दुनियाभर में 23 वैक्सीन पर काम चल रहा है.

    डॉक्टर रेयान ने कहा, “बहुत सारा डाटा और इलाज खोजने की दिशा में बहुत सारी वैक्सीन पर काम होते देखना अच्छा है.”

    WHO के प्रमुख डॉक्टर टेड्रोस एदनहोम गेब्रेयासिस ने इस बात पर ज़ोर दिया कि कोई भी सफल वैक्सीन सबको मिलनी चाहिए.

    उन्होंने कहा कि कई देश वैक्सीन बनाने की दिशा में इसे ‘एक वैश्विक सार्वजनिक सेवा’के रूप में देख रहे हैं जबकि कुछ ‘उलटी दिशा में जा रहे हैं.’

    WHO प्रमुख ने वैक्सीन पर कहा, “जब इस पर आम सहमति नहीं होगी तो यह उनके पास होगी जिनके पास पैसा होगा और इसको लेने की जिनमें क्षमता नहीं होगी उनको वैक्सीन नहीं मिल पाएगी.”

    उन्होंने कहा कि जब तक वैक्सीन पर शोध चल रहा है “हमें ज़िंदगियों को बचाना होगा.”

    “हमें अपने साधनों पर काम करते हुए और उन्हें बरक़रार रखते हुए वैक्सीन के शोध की रफ़्तार को बनाए रखना होगा.”

  6. कोरोना वायरस के कारण दुनियाभर में कैसे हैं हालात..

    कोविड-19 महामारी के कारण पूरी दुनिया में पल-पल हालात बदल रहे हैं. आइये नज़र डालते हैं, बड़ी ख़बरों पर..

    • जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के अनुसार, पूरी दुनिया में संक्रमण के कुल मामले 1.45 करोड़ से अधिक हो चुके हैं.
    • अमरीका में संक्रमण के सबसे अधिक 37 लाख मामले हैं. उसके बाद ब्राज़ील, भारत और रूस में सबसे अधिक मामले हैं.
    • ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय जिस कोरोना वायरस की वैक्सीन पर काम कर रहा है उसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं. जो सुरक्षित है और इम्यून सिस्टम की प्रतिक्रिया को बढ़ाता है. इसके अलावा पूरी दुनिया में 23 वैक्सीन पर क्लीनिकल ट्रायल जारी है.
    • फ़्रांस और जर्मनी के नेताओं का कहना है कि 27 यूरोपीय संघ के नेता कोरोना वायरस राहत पैकेज के समझौते पर पहुंच सकते हैं इसको लेकर वे बेहद आशावादी हैं.
    • कोरोना वायरस महामारी में बेहद ख़राब कामकाजी परिस्थितियों और स्टाफ़ की कमी के कारण इसराइल की नर्सें हड़ताल कर रही हैं.
    • रविवार को संक्रमण के नए मामले मिलने के बाद हॉन्गकॉन्ग कई और कड़े क़दम उठा रहा है. प्रशासन ने लोगों को बंद सार्वजनिक जगहों पर भी फ़ेस मास्क लगाने के आदेश दिए हैं.
    • फ़्रांस ऐसा पहला देश है जिसने दुकान, रेस्टॉरेंट और बैंक जैसी बंद जगहों पर भी मास्क पहनना ज़रूरी कर दिया है. सार्वजनिक परिवहन में यह पहनना ज़रूरी है. इन आदेशों को न मानने वालों पर 135 यूरो का जुर्माना भी लग सकता है.
  7. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिनभर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स, वीडियो और विश्लेषण देंगे.

    पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.