विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार बीते चौबीस
घंटों में दुनिया भर में कोरोना संक्रमण के दो लाख साठ हज़ार मामले दर्ज किए गए
हैं जो महामारी की शुरूआत के बाद से एक दिन में सबसे अधिक है.
संक्रमण के सबसे अधिक मामले अमरीका, ब्राज़ील, भारत और
दक्षिण अफ्रीका में दर्ज किए गए हैं.
संगठन के अनुसार अमरीका में बीते चौबीस
घंटोंमें संक्रमण के 71,484 नए मामले दर्ज
किए गए हैं. वहीं ब्राज़ील में 45,403, भारत में 34,884 और दक्षिण अफ्रीका में मामले दर्ज किए गए
हैं.
संगठन के अनुसार पहली बार एक दिन में
संक्रमितों की संख्या ढाई लाख के पार गई है. यही नहीं बीते चौबीस घंटों में दुनिया
भर में कोरोना से 7,360 लोग मारे गए हैं जो 10 मई के बाद एक दिन में सबसे अधिक है.
जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी डैशबोर्ड के
अनुसार दुनिया में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले अब 1.42 करोड़ से अधिक हो चुके हैं जबकि इस कारण मरने वालों का आंकड़ा 601,213 हो चुका है.
अमरीका में फ्लोरिडा बना महामारी का केंद्र
अमरीका के दक्षिणी राज्यों, ख़ास कर फ्लोरिडा, टेक्सस और ऐरिज़ोना में संक्रमण के मामले
लगातार बढ़ रहे हैं. इन राज्यों ने पहले कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिएलॉकडाउन लगाने से इनकार किया था लेकिन हाल में यहां फेस मास्क पहनना अनिवार्य कर
दिया गया है.
फ्लोरिडा फिलहाल अमरीका में महामारी का
केंद्र बना हुआ है. शनिवार को यहां कोरोना से 90 लोगों की
मौत हुई जबकि दस हज़ार से अधिक कोरोना पॉज़िटिव पाए गए.
बीते कुछ सप्ताह में अमरीका में मास्क को
लेकर बहस तेज़ हुई है. जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है वो इस बात से सहमत
नहीं कि पूरे देश में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया जाए, लोगों के पास कुछ आज़ादी
होनी ही चाहिए.
हालांकि संक्रामक रोग विशेषज्ञ और स्वास्थ्य
प्रमुख डॉ. फाउची ने राजनेताओं से अपील की है कि जितना अधिक संभव हो सके लोगों को
मास्क पहनने के लिए कहा जाए.
'भारत में अभी
पीक आना बाक़ी है'
भारत के बारे में वैज्ञानिकों का कहना है कि
यहां भी कोरोना संक्रमण का पीक आना बाक़ी है, लेकिन भारत
में संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों के कारण ये दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश
बन गया है.
यहां कई शहरों में अस्पतालों में मरीज़ों की
संख्या बढ़ रही है और उन पर दवाब बढ़ रहा है. महाराष्ट्र में तो संक्रमितों का
आंकड़ा 3 लाख पार कर चुका है जिसमें से 1 लाख मामले सिर्फ़ मुंबई में ही हैं.
बीते 24 घंटों में
यहां कोरोना के 34,884 नए मामले दर्ज किए गए हैं जबकि 671 मौतें हुई हैं.
वहीं बुरी तरह कोरोना की चपेट में रहे
पश्चिमी यूरोप में अब दुकान-बाज़ार खुलने लगे हैं और ये देश अपनी सीमाएं खोलने पर
विचार कर रहे हैं. लेकिन कुछ जगहों पर संक्रमण के मामले अप्रत्याशित रूप से बढ़
रहे हैं.
स्पेन के उत्तरपूर्वी इलाके कैटलोनिया में एक
दिन में संक्रमण के 1000 से ज़्यादा मामले दर्ज किए गए हैं.
वहीं
बार्सीलोना, ला नोगुएरा और एल सेग्रिया में कम से कम 40 लाख लोगों को 15 दिनों के आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया
है. यहां एक बार फिर कड़ी पाबंदियां लगा दी गई हैं.
ब्रिटिश
प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा है कि अगर सर्दियों में कोरोनो वायरस की दूसरी
लहर आती है तो एक बार फिर देशव्यापी तालाबंदी लागू करना नहीं चाहते. उन्होंने कहा
कि वो वायरस को फैलने से रोकने के लिए छोटे-छोटे उपाय करने का बारे में विचार करेंगे.