यूगोस्लाविया
के टूटने के बाद 1990 में बाल्कन प्रायद्वीप का बोस्निया-हर्ज़ेगोविना देश अस्तित्व
में आया था.
नस्लीय आधार पर यहां पर दो सत्ताएं अस्तित्व में हैं, एक
फ़ेडरेशन ऑफ़ बोस्निया और हर्जेगोविना, दूसरी रेपुब्लिका सर्प्सका की. इन दोनों का
ही अपना संविधान और अपने प्रधानमंत्री हैं.
हालांकि, अब यहां पर एक चीज़ समान है और वो है कि इन दोनों
ही सत्ताओं के प्रधानमंत्री कोरोना वायरस पॉज़िटिव पाए गए हैं.
बोस्निया के प्रधानमंत्री फ़ादिल
नोवालिक एक समारोह के दौरान बीमार हो गए. अब वो अस्पताल में भर्ती हैं और स्राजेवो
के कोरोना वायरस वॉर्ड में हैं.
वहीं उनके समकक्ष रेपुब्लिका
सर्प्सका के प्रधानमंत्री रैडोवन विस्कोविच बुधवार को कोरोना वायरस टेस्ट में
पॉज़िटिव पाए गए हैं.
बाल्कन प्रायद्वीप के बहुत से देशों में बीते हफ़्तों में
कोरोना वायरस के मामलों में तेज़ी देखने को मिली है. इसमें बोस्निया भी शामिल है.
जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के
अनुसार, देश में इस समय 7,411 संक्रमण के मामले हैं जबकि 235 लोगों की मौत हुई है.
नेल्सन मंडेला की बेटी का निधन
वहीं, दक्षिण अफ़्रीका के
लोकतांत्रिक रूप से चुने गए पहले राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला और नस्लभेद विरोधी
कार्यकर्ता विनी मडिकिज़ेला मंडेला की सबसे छोटी बेटी ज़िंद्ज़ी मंडेला की मौत हो
गई है. वो 59 वर्ष की थीं.
अब पाया गया है कि वो कोरोना वायरस
पॉज़िटिव थीं.
उनके बेटे ज़ोंड्वा मंडेला ने
सरकारी टीवी चैनल एसएबीसी से कहा है कि यह अभी तक साफ़ नहीं है कि उनकी मौत किस
वजह से हुई थी, परिवार अभी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतज़ार कर रहा है.
उन्होंने बताया कि उनकी मां को
शुक्रवार को दफ़नाया जाएगा.