कोरोना अभी भी दुश्मन नंबर एक, लेकिन नहीं समझ रहे हैं कुछ देश और वहां के नागरिक: WHO

अमरीका में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है और दुनिया भर से क्या हैं कोरोना को लेकर अपडेटस.

लाइव कवरेज

  1. 104 साल की महिला ने अस्पताल में भर्ती हुए बिना कोरोना को हराया

    ग्रेस ग्रीनवुड

    इमेज स्रोत, CRYSTAL APOLLONIA

    इंग्लैंड के केन्ट में रहने वाली 104 साल की एक महिला ने कोरोना के ख़िलाफ़ जंग जीत ली है.

    ग्रेस ग्रीनवुड का इलाज उनके घर पर ही हो रहा था. वो बीते तीन सप्ताह से अपने बिस्तर से उठ तक नहीं सकी थीं. उन्हें सास लेने में दिक्कत पेश आ रही थी.

    लेकिन अपनी उम्र के बावजूद उन्हें अस्पताल जाने की ज़रूर नहीं पड़ी और अब वो पूरी तरह ठीक हो गई हैं.

    ग्रेस के परिवार का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में काफी मुश्किल वक्त काटा है और अपने जीवन का अधिकतर हिस्सा उन्होंने बीमारों की सेवा में गुज़ारा है, इसलिए उनमें चुनौतियों से लड़ने की हिम्मत है.

    ग्रेस का जन्म बर्मा (म्यांमार) में हुआ था. उन्होंने भारत में बतौर नर्स कुछ वक्त के लिए काम किया जिसके बाद लंबा समुद्री रास्ता तय करते हुए वो 1946 में इंग्लैंड आ गईं.

    ग्रेस ग्रीनवुड

    इमेज स्रोत, CRYSTAL APOLLONIA

    लंदन में मेक-अप आर्टिस्ट के तौर पर काम करने वाली उनकी पोती क्रिस्टल अपोलोनिया कहती हैं, "कुछ हफ्ते पहले वो बीमार पड़ गईं. जब डॉक्टरों ने हमें उनके स्वास्थ्य के बारे में बताया तो हम काफी डर गए थे. हमें पता था कि हम जहां रहते हैं वहां कई लोगों की मौत कोरोना से हुई है."

    वो कहती हैं, "लेकिन जब उन्हें पता चला कि वो करोना पॉज़िटिव हैं तो उन्हें इस बात से कोई फर्क ही नहीं पड़ा."

    क्रिस्टल कहती हैं कि उनकी दादी उम्मीद से भरी मज़बूत इरादे वाली महिला हैं और वो अपने रोज़ाना से एक्सरसाइज़ के रूटीन को चालू रखना चाहती हैं.

  2. फ्लोरिडा में तेज़ी से बढ़ रहे हैं संक्रमण के मामले

    फ्लोरिडा में तेज़ी से बढ़ रहे हैं संक्रमण के मामले

    इमेज स्रोत, EPA

    अमरीका में फ्लोरिडा में बीते चौबीस घंटों में संक्रमण के क़रीब 15,300 नए मामले सामने आए हैं.

    ये आंकड़ा बीते चौबीस घंटों में पूरे अमरीका में दर्ज किए गए संक्रमण का लगभग एक चौथाई है. यहां कल एक दिन में संक्रमण के 10,360 नए मामले सामने आए थे.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार बीते चौबीस घंटों में दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड 230,370 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 66,281 नए मामले अमरीका में कोरोना के सामने आए हैं.

    अमरीका के इस राज्य में देश की कुल आबादी का केवल 7 फीसदी हिस्सा रहता है लेकिन संक्रमण के मामलों में ये राज्य अब दूसरों से आगे बढ़ गया है.

    यहां बीते चौबीस घंटों में कोरोना के कारण 45 मौतें हुई हैं.

    फ्लोरिडा में तेज़ी से बढ़ रहे हैं संक्रमण के मामले

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मई के महीने में फ्लोरिडा ने कोरोना को फैलने से रोकने के लिए लगाए लॉकडाउन में राहत देना शुरु किया था. माना जा रहा है ये फ़ैसला पर्यटन और बुज़ुर्ग आबादी के लिए जोखिम भर साबित हुआ है.

    फ्लोरिडा के करीब 40 अस्पतालों का कहना है कि उनके आईसीयू अपनी क्षमता के अनुसार पूरी तरह मरीज़ों से भरे हुए हैं.

    यहां संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच कल वॉल्ट डिज़्नी का मैजिक किंगडम और ऐनिमल किंगडम को सैलानियों के लिए खोल दिया गया है. हालांकि आने वालों के लिए मास्क पहनना और दूसरे सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य कर दिया गया है.

    इससे पहले पिछले महीने राज्य के गवर्नर रॉन डीसेन्टिस ने कुछ बार को खुलने की इजाज़त दी थी. सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने को बाध्यकारी बनाने से भी उन्होंने इनकार कर दिया था.

    उस वक्त देश में कोरोना वायरस टास्क फोर्स के प्रमुख और व्हाइट हाऊस के सलाहकार डॉक्टर एंथोनी फाउची ने लॉकडाउन में राहत देने के राज्य के फ़ैसले की ये कह कर आलोचना की थी कि कोरोना से जुड़ा डेटा लॉकडाउन में राहत देने के पक्ष में नहीं है.

  3. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.