104 साल की महिला ने अस्पताल में भर्ती हुए बिना कोरोना को हराया
इंग्लैंड के केन्ट में रहने वाली 104 साल की एक महिला ने कोरोना के ख़िलाफ़ जंग जीत ली है.
ग्रेस ग्रीनवुड का इलाज उनके घर पर ही हो रहा था. वो बीते तीन सप्ताह से अपने बिस्तर से उठ तक नहीं सकी थीं. उन्हें सास लेने में दिक्कत पेश आ रही थी.
लेकिन अपनी उम्र के बावजूद उन्हें अस्पताल जाने की ज़रूर नहीं पड़ी और अब वो पूरी तरह ठीक हो गई हैं.
ग्रेस के परिवार का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में काफी मुश्किल वक्त काटा है और अपने जीवन का अधिकतर हिस्सा उन्होंने बीमारों की सेवा में गुज़ारा है, इसलिए उनमें चुनौतियों से लड़ने की हिम्मत है.
ग्रेस का जन्म बर्मा (म्यांमार) में हुआ था. उन्होंने भारत में बतौर नर्स कुछ वक्त के लिए काम किया जिसके बाद लंबा समुद्री रास्ता तय करते हुए वो 1946 में इंग्लैंड आ गईं.
लंदन में मेक-अप आर्टिस्ट के तौर पर काम करने वाली उनकी पोती क्रिस्टल अपोलोनिया कहती हैं, "कुछ हफ्ते पहले वो बीमार पड़ गईं. जब डॉक्टरों ने हमें उनके स्वास्थ्य के बारे में बताया तो हम काफी डर गए थे. हमें पता था कि हम जहां रहते हैं वहां कई लोगों की मौत कोरोना से हुई है."
वो कहती हैं, "लेकिन जब उन्हें पता चला कि वो करोना पॉज़िटिव हैं तो उन्हें इस बात से कोई फर्क ही नहीं पड़ा."
क्रिस्टल कहती हैं कि उनकी दादी उम्मीद से भरी मज़बूत इरादे वाली महिला हैं और वो अपने रोज़ाना से एक्सरसाइज़ के रूटीन को चालू रखना चाहती हैं.