You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रूस का दावा, उसने कोरोना की वैक्सीन का सफल परीक्षण किया

भारत में रूस के दूतावास ने ट्वीट किया है कि सेकनोफ़ यूनिवर्सिटी ने वॉलंटियर्स पर कोविड-19 की वैक्सीन का सफल परीक्षण कर लिया है.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच खुला फ्लोरिडा का डिज़्नी वर्ल्ड

    जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के डैशबोर्ड के अनुसार अमरीका में बीते चौबीस घटों में कोरोना संक्रमण के 66,600 नए मामले दर्ज किए गए हैं और यहां कोरोना वायरस के कारण अब तक 134,580 लोगों की मौत हो चुकी है.

    जिन राज्यों में कोरोना तेज़ी से फैलता देखा जा रहा है उनमें फ्लोरिडा, इलिनॉय और साउथ कैरोलाइना शामिल हैं. वहीं कैलिफोर्निया, टेक्सस, एरिज़ोना और इलिनॉय में कोरोना के कारण मौतों की संख्या भी बढ़ी है.

    फ्लोरिडा में बीते चौबीस घंटों में संक्रमण के 10,360 नए मामले सामने आए हैं. यहां अब तक कोरोना संक्रमण के दो लाख पचास हज़ार मामले सामने आ चुके हैं और 4,197 लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है.

    कोरोना महामारी को फैलने से रोकने के लिए साउथ कैरोलाइना के गवर्नर हेनरी मैकमास्टर ने एक आदेश जारी कर बार और रेस्त्रां के रात के 11.00 बजे के बाद शराब बेचने पर पाबंदी लगा दी है.

    फिर खुला डिज़्नी वर्ल्ड

    कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच फ्लोरिडा के ऑरलैंडो में मौजूद वॉल्ट डिज़्नी का मैजिक किंगडम और ऐनिमल किंगडम को सैलानियों के लिए खोल दिया गया है.

    महामारी के बावजूद सैंकड़ों की संख्या में लोग शनिवार को डिज़्नी वर्ल्ड की तरफ जाते दिखे.

    यहां आने वालों के लिए मास्क पहनना और दूसरे सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य कर दिया गया है. साथ ही यहां होने वाले परेड और आतिशबाज़ी के शो को भी फिलहाल रोक दिया गया है. सोशल डिसटेन्सिंग के नियमों का पालन करने के लिए कंपनी ने सीमित संख्या में टिकट बेचने का फ़ैसला किया है.

    अमरीका में कोरोना महामारी के फैलना शुरू होने के शुरूआती दौर में मार्च के महीने में फ्लोरिडा के डिज़्नी वर्ल्ड को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था.

    अमरीका के जिन राज्यों में कोरोना संक्रमण तेज़ी से फैला उनमें न्यूयॉर्क और कैलिफोर्निया शामिल हैं. संक्रमण के मामले अधिक न होने के कारण मई में फ्लोरिडा ने लॉकडाउन में राहत देना शुरू किया. जिसके बाद हाल में सप्ताह में यहां वायरस तेज़ी से फैलता दिख रहा है.

    फ्लोरिडा में कुछ सप्ताह पहले डिज़्नी के प्रतियोगी युनिवर्सल ऑरलैंडों और सीवर्ल्ड ऑरलैंडों ने भी पर्यटकों के लिए अपने रिज़ॉर्ट खोलने का फ़ैसला लिया था.

    डिज़्नी ने एशिया के अपने चार पार्क भी पर्यटकों के लिए खोल दिए हैं. कोरोना के कारण लगाए लॉकडाउन के कारण कंपनी को तीन महीनों के भीतर 1.4 अरब डॉलर का नुक़सान हुआ है.

    न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में डिज़्नी थीम पार्क के चेयरमैन जोश डीमेरो ने कहा कि "हमारे चारों तरफ दुनिया बदल रही है और हमें लगता है कि हम ज़िम्मेदारी और सुरक्षा के साथ फिर से लोगों का मनोरंजन कर सकते हैं."

    उन्होंने कहा, "कोविड सच्चाई है और यही न्यू नॉर्मल है. हम पर ये ज़िम्मेदारी है कि हम कैसे सुरक्षा के बेहतर उपायों के साथ काम करें."

  2. फिर से लॉकडाउन का जोखिम नहीं ले सकता ईरान- रूहानी

    ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने स्वीकार किया कि देश में कोरोना संक्रमण तेज़ी से फैल रहा है. हालांकि उन्होंने कहा कि देश एक और बार अपनी अर्थव्यवस्था पर लॉकडाउन लगाने का जोखिम नहीं ले सकता.

    अधिकारियों के अनुसार बीते चौबीस घंटों में देश में कोरोना के कारण 188 लोगों की मौत हुई है जबकि संक्रमण के 2,397 नए मामले सामने आए हैं.

    ईरान पहले ही अमरीका के लगाए आर्थिक प्रतिबंधों से जूझ रहा है और यहां कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन को अप्रैल में हटा लिया गया था.

  3. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.