You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बेंगलुरु में 14 जुलाई से एक सप्ताह का लॉकडाउन

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने ट्वीट करके बताया है कि कोरोना वायरस महामारी को रोकने के लिए यह क़दम उठाया गया है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, यूरोपीय संघ की कोरोना वैक्सीन मुहिम से अलग रहेगा ब्रिटेन

    यूरोपीय संघ के लिए ब्रिटेन के राजदूत सर टिम बैरो ने कहा है कि ब्रिटेन यूरोपीय संघ की कोरोना वैक्सीन मुहिम का हिस्सा नहीं बनेगा.

    यूरोपीय कमिशन के महासचिव को लिखी एक चिट्ठी में उन्होंने कहा कि ब्रिटेन इस मुहिम का हिस्सा नहीं बनना चाहता क्योंकि ऐसा करने पर उसे "कोरोना वैक्सीन बना रही उन कंपनियों के साथ जारी अपनी बातचीत बीच में ही रोकनी होगी जिनसे साथ यूरोपीय संघ ने चर्चा शुरू की है."

    यूरोप के देशों के लिए कोरोना वैक्सीन सुनिश्चित करने की संघ की इस मुहिम के बारे में यूरोपीय कमीशन ने पहले कहा था कि "वैक्सीन पाने की इस मुहिम में अहम फ़ैसलों में ब्रिटेन की निर्णायक स्थिति रहना संभव नहीं है. इस फ़ैसलों में उत्पादन करने वाली कंपनियों के साथ वैक्सीन की कीमत, संख्या और वैक्सीन की डिलीवरी को लेकर बातचीत शामिल है."

    सर टिम बैरो ने संघ से कहा है कि इसके बावजूद यूरोपीय संघ और ब्रिटेन "संभावित वैक्सीन से जुड़े शोध के बारे में जानकारी साझा करने, वैक्सीन के ट्रायल और वैक्सीन का उत्पादन बढ़ाने के लिए निवेश" के मामले में हाथ मिला सकते हैं.

    इस पूरे मुद्दे पर ब्रितानी स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने कहा है कि यूरोपीय संघ की वैक्सीम मुहिम में शामिल होने पर देश को वैक्सीन पाने की अपनी कोशिशों को रोकना पड़ेगा जिससे देश को नुक़सान होगा क्योंकि इस मामले में ब्रिटेन दूसरों से आगे है.

    उनका कहना है कि यूरोपीय संघ की "एक शर्त" को मानना ब्रिटेन के लिए संभव नहीं है क्योंकि "ऐसा कर के उसे अपने स्तर पर जारी बातचीत बंद कर संघ के ज़रिए ही बातचीत करनी होगी, जिसके लिए ब्रिटेन तैयार नहीं है."

    उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि "इस तरह ब्रिटेन दूसरों से आगे रह सकता है."

  2. क्या हवा से फैल सकता है कोरोना वायरस?

    WHO के वैज्ञानिक उस शोध का अध्ययन कर रहे हैं जिसमें कहा गया है कि कोरोनावायरस हवा में मौजूद कणों से फैल सकता है.

    अगर नए शोध की पुष्टि हुई तो वायरस को फैलने से रोकने के लिए जारी दिशानिर्देश बदल सकते हैं.

    बीबीसी के विज्ञान संपादक डेविड शुकमन की रिपोर्ट.

  3. लॉकडाउन खोलने में हुई जल्दबाज़ी- डॉक्टर एंथोनी फाउची

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि बीते 24 घंटों में दुनिया में कोरोना वायरस के 228,102 ताज़ा मामले दर्ज किए गए हैं.

    संगठन के अनुसार संक्रमण के सबसे अधिक मामले अमरीका, ब्राज़ील, भारत और दक्षिण अफ्रीका में दर्ज किए गए हैं.

    इससे पहले एक दिन में सबसे अधिक मामले चार जुलाई को दर्ज किए गए थे जब चौबीस घंटों के भीतर कोरोना संक्रमण के 212,326 मामले सामने आए थे.

    जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के डैशबोर्ड के अनुसार अब तक दुनिया भर में 1.237 करोड़ लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं.

    कोरोना से बुरी तरह प्रभावित अमरीका में संक्रमण के 31.58 लाख मामले हैं और यहां अब तक 1,33,777 लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है.

    वहीं अमरीका के बाद बुरी तरह कोरोना की चपेट में आए ब्राज़ील में मरने वालों का आंकड़ा 70 हज़ार के क़रीब पहुंच चुका है.

    लॉकडाउन खोलने में हुई जल्दबाज़ी- डॉक्टर एंथोनी फाउची

    अमरीका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ अलर्जी एंड इंफेक्शियस डिज़ीज़ के प्रमुख डॉक्टर एंथोनी फाउची ने कहा है कि देश के कुछ राज्यों ने लॉकडाउन में राहत देने में जल्दबाज़ी दिखाई है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार शुक्रवार को इंटरनेशनल एड्स सोसाइटी की एक बैठक में शिरकत करते हुए फाउची ने कहा कि फिलहाल इस पर सवाल है लेकिन संभव है कि कुछ हद तक हवा से ये वायरस फैलता हो.

    इससे पहले गुरुवार को उन्होंने कहा था कि इस मामले में फिलहाल पुख्ता सबूत नहीं हैं लेकिन संभव है कि हवा के ज़रिए भी संक्रमण फैल रहा हो.

    जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के डैशबोर्ड के अनुसार अमरीका में बीते 24 घंटों मे कोरोना संक्रमण के 63,247 ताज़ा मामले दर्ज किए गए हैं.

  4. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें