यूपी में कल रात 10 बजे से 13 जुलाई की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन

उत्तर प्रदेश सरकार ने 10 जुलाई रात 10 बजे से लेकर 13 जुलाई सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन लागू करने का एलान किया है.

लाइव कवरेज

  1. पश्चिम बंगालः बीते 24 घंटे में कोविड-19 से 23 लोगों की मौत, 986 नए मरीज मिले

    प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए

    संजय दास

    इमेज स्रोत, संजय दास

    पश्चिम बंगाल में कोरोना संक्रमण के 986 नये मामलों के साथ रिकॉर्ड वृद्धि हुई है. प्रदेश में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या भी 827 तक पहुँच गई है.

    संक्रमण पर काबू पाने के लिए सरकार ने गुरुवार शाम पाँच बजे से कोलकाता समेत राज्य के नौ जिलों के क़रीब 175 कंटेनमेंट ज़ोन एक सप्ताह के लिए लॉक करने का निर्णय लिया है.

    उत्तर दिनाजपुर औऱ मालदा ज़िलों के कुछ इलाकों में तो बुधवार से ही 14 दिनों का लॉकडाउन लागू कर दिया गया है.

    इस लॉकडाउन के दौरान लोगों के घर से निकलने पर पाबंदी रहेगी. तमाम बाज़ार बंद रहेंगे.

    इन इलाकों के तमाम सरकारी और ग़ैर-सरकारी दफ़्तर भी इस दौरान बंद रहेंगे.

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य सचिवालय में पत्रकारों को बताया कि “संक्रमण में आई तेज़ी को ध्यान में रखते हुए कंटेनमेंट जोन में दोबारा एक सप्ताह के लिए सख्त लॉकडाउन लागू करने का फैसला किया गया है. एक सप्ताह बाद परिस्थिति की समीक्षा करके आगे का फैसला लिया जाएगा.”

    राज्य सरकार की अपील पर 10 जुलाई से दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद से आने वाली ट्रेनों की तादाद भी घटाने का निर्णय हुआ है.

    ऐसी तीन दैनिक ट्रेनें अब सप्ताह में एक ही दिन चलेंगी. देश के चार राज्यों के छह शहरों से कोलकाता आने वाली उड़ानें छह जुलाई से ही दो सप्ताह के लिए रोक दी गई हैं.

  2. असम में 24 घंटे के भीतर 10 कोविड मरीज़ों की मौत, 14,032 पॉज़िटिव मामले

    दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    Dilip Kumar Sharma

    इमेज स्रोत, Dilip Kumar Sharma

    इमेज कैप्शन, कोरोना संक्रमित रोगियों से बात करते असम के स्वास्थ्य मंत्री

    असम में बीते 24 घंटो के भीतर दस कोविड-19 मरीज़ों की मौत हुई है. यह प्रदेश में एक दिन के भीतर कोविड से मरने वालों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है.

    असम में अब कोविड-19 से मरने वालों की कुल संख्या 24 हो गई है.

    असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक ट्वीट में लिखा है कि "असम में बुधवार को कोविड-19 के 696 नए मामले सामने आये हैं जिनमें 423 मामले गुवाहाटी के हैं. इस समय राज्य में कोरोना संक्रमित मरीज़ों की कुल संख्या 14,032 है."

    स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार गुवाहाटी महानगर में बीते केवल 11 दिनों में कोरोनो वायरस संक्रमण के मामले 63 से क़रीब 3,000 तक पहुँच गए हैं.

  3. झारखंड मुक्ति मोर्चा का दफ़्तर बंद, बीजेपी और कांग्रेस के कार्यालयों में भी प्रवेश पर रोक

    रवि प्रकाश, राँची से बीबीसी हिन्दी के लिए

    Ravi Prakash

    इमेज स्रोत, Ravi Prakash

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के होम क्वारंटीन होने के बाद उनकी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा का केंद्रीय कार्यालय भी अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है.

    कहा गया है कि स्थिति सामान्य होने के बाद कार्यालय खोला जाएगा.

    दरअसल, कोरोना संक्रमित पाए गए पार्टी विधायक मथुरा महतो कार्यालय भी गए थे, इसलिए यह निर्णय लिया गया है.

    इसके बाद भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी के दफ़्तरों में भी प्रवेश पर रोक लगा दी गई है.

    इधर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का समेत मुख्यमंत्री कार्यालय के कई अधिकारियों ने खुद को क्वारंटीन किया है. कोरोना पाजिटिव पाए गए पेयजल व स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर और विधायक मथुरा महतो ने मुख्यमंत्री से मुलाक़ात की थी.

    इस कारण उन्हें क्वारंटीन होने की सलाह दी गई थी.

    पेयजल विभाग का दफ़्तर भी सील किया गया है. मुख्यमंत्री आवास में भी बाहरी लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है.

    कोविड अस्पताल में इलाजरत मंत्री मिथिलेश ठाकुर के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है. रिम्स के अधीक्षक डॉ विवेक कश्यप ने बताया कि उनकी स्थिति नियंत्रण में है.

  4. अमरीका: एक दिन में कोरोना संक्रमण के 60 हज़ार से ज़्यादा नए मामले

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमरीका में संक्रमण के मामले कम होते नहीं दिख रहे हैं. न्यूयॉर्क टाइम्स और रॉयटर्स के आंकड़ों के मुताबिक़, बुधवार को अमरीका में रिकॉर्ड संख्या में संक्रमण के मामले आए.

    रॉयटर्स के मुताबिक़, बीते 24 घंटे में संक्रमण के 60 हज़ार से अधिक नए मामले सामने आए. अमरीका के ज़्यादातर राज्य कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित हैं.

    राष्ट्रपति ट्रंप का कहना है कि इतनी अधिक संख्या में मामले सामने इसलिए आ रहे हैं क्योंकि टेस्ट बड़े स्तर पर हो रहे हैं. हालांकि अमरीका में अप्रैल के महीने की तुलना में मृत्यु दर में बेशक कमी आयी है. अप्रैल में यहां मरने वालों की दर सबसे अधिक थी.

    रॉयटर्स लगातार दूसरे दिन भी मरने वालों की संख्या 900 से अधिक बतायी है. अप्रैल में जहां रोज़ाना औसतन मृत्यु दर 2,255 थी वहीं अभी यह 585 है.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत: एक दिन में क़रीब 25 हज़ार नये मामले, अब तक का सबसे बड़ा नंबर

    AFP via Getty Images

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में एक दिन के भीतर कोरोना वायरस संक्रमण के नये मामले सामने आने का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा दर्ज हुआ है.

    बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 24,879 नये मामले दर्ज किये गए हैं और 487 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई है.

    • नये मामलों को शामिल करने के बाद भारत में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 7 लाख 67 हज़ार 296 हो गए हैं.
    • इनमें से 2 लाख 69 हज़ार 789 लोगों फ़िलहाल कोरोना एक्टिव हैं यानी इन लोगों में संक्रमण के लक्षण अभी दिख रहे हैं.
    • वहीं 4 लाख 76 हज़ार 378 रोगी संक्रमण से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है.
    • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या अब 21,129 हो गई है.
  6. कनाडा ने अमरीका से कहीं बेहतर ढंग से संभाली स्थिति- पीएम ट्रुडो

    REUTERS/Patrick Doyle

    इमेज स्रोत, REUTERS/Patrick Doyle

    कनाडा ने कोरोना वायरस संक्रमण को अपने कई सहयोगी देशों की तुलना में बेहतर तरीक़े से संभाला है. कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो का कहना है कि 'कनाडा ने इस मुश्किल स्थिति को यहाँ तक की अमरीका से भी कहीं बेहतर तरीक़े से संभाला है.'

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स की ख़बर के मुताबिक़, ट्रुडो का यह बयान अपने आप में काफ़ी महत्वपूर्ण है क्योंकि बहुत ही कम मौक़ों पर वे अमरीका को लेकर कोई सीधी टिप्पणी करते हैं.

    कनाडा की आबादी अमरीका की आबादी के दसवें हिस्से के बराबर है. कनाडा में अभी तक आठ हज़ार से ज़्यादा लोगों की संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है और क़रीब एक लाख 6 हज़ार से अधिक मामले हैं.

    प्रधानमंत्री ट्रुडो का कहना है कि 'परिस्थितियाँ धीरे-धीरे बेहतर और संतुलित हो रही हैं लेकिन कनाडा में अभी भी कुछ जगहें हॉट-स्पॉट हैं.'

    वहीं अमरीका में अब तक संक्रमण के 30 लाख से अधिक मामलों की पुष्टि हुई हैं और कोविड-19 से मरने वालों की संख्या एक लाख 30 हज़ार से अधिक हो चुकी है.

  7. ब्रिटेन में बाहर खाने पर मिलेगा 50% डिस्काउंट

    corona

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ब्रिटेन में अगस्त के महीने के दौरान रेस्त्रां में खाने वाले लोगों को बिल में 50% की छूट मिलेगी. हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को संभालने के लिए ब्रितानी सरकार की योजना के तहत ये कदम उठाया जा रहा है.

    देश के वित्त मंत्री ऋषि सुनक के मुताबिक़, अगस्त में असीमित बार इस डिस्काउंट का लाभ उठाया जा सकता है और देश भर में इस योजना का हिस्सा बनने वाले रेस्त्रां, केफे और पब में इस छूट का फायदा मिलेगा.

    कोरोना वायरस महामारी के बीच देश की अर्थव्यवस्था को फिर से शुरू करने के उपाय के तौर पर वित्त मंत्री ऋषि सुनक ने 'इट आउट टू हेल्प आउट' डिस्काउंट की घोषणा की.

    इस डील का मतलब ये हुआ कि अगर लोग सोमवार से बुधवार तक बाहर खाते हैं तो प्रति व्यक्ति उनके £10 बचेंगे. हालांकि ये डिस्काउंट शराब पर लागू नहीं होगा. लेकिन खाने और सॉफ्ट ड्रिंक्स पर ये पैसे बचाए जा सकेंगे.

    corna

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सुनक ने ये भी बताया कि हॉस्पिटैलिटी और पर्यटन पर वैट घटाकर 5% कर दिया जाएगा. पहले ये 20% था. घटा हुआ वैट अगले छह महीने तक लागू रहेगा.

    यहां पब और रेस्त्रां तीन महीने के बाद शनिवार को खुलने जा रहे हैं. सुनक ने लोगों को भरोसा दिलाया कि बाहर खाना सुरक्षित होगा.

    उन्होंने कहा, मैं जानता हूं कि लोग बाहर जाने को लेकर सावधानी बरत रहे हैं. लेकिन हमने प्रतिबंध हटाए ही नहीं होते, अगर हमें लगता कि हम ये सुरक्षित तरीक़े से नहीं कर पाएंगे. सुनक ने कहा कि इस योजना का मकसद लोगों को वापस रेस्त्रां, केफे और पब की ओर लाना और 1.8 मीलियन लोगों को काम पर वापस लौटाना है.

    लेकिन इस योजना की आलोचना भी हो रही है. कहा जा रहा है कि ब्रितानी लोग कोरोना वायरस से मर रहे हैं और आर्थिक रूप से संघर्ष कर रहे हैं, जबकि इस बीच बाहर खाने पर सब्सिडी दी जा रही है.

  8. ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में दोबारा लॉकडाउन लागू

    corona

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ऑस्ट्रेलिया के दूसरे सबसे बड़े शहर मेलबर्न में कोरोना संक्रमण में वृद्धि को देखते हुए दूसरी बार लॉकडाउन लगाया गया है.

    नए आदेश के तहत करीब 50 लाख मेलबर्नवासियों को अपने घरों से निकलने की अनुमति नहीं होगी, हालांकि आवश्यक सेवाओं के लिए वे घर से निकल पाएंगे.

    स्थानीय पुलिस के मुताबिक शहर के चारों तरफ़ घेराबंदी की जा रही है, जिसमें कई चेकप्वाइंट भी बनाए गए हैं. मंगलवार को ही विक्टोरिया की दूसरे राज्यों से सटी सीमा को बंद कर दिया गया है.

    मेलबर्न विक्टोरिया की राजधानी है. ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मारिशन ने बुधवार को मेलबर्नवासियों के लिए कहा, “आप लोग अभी जो सह रहे हैं, उसकी क़ीमत पूरा देश जानता है. आप केवल अपने और अपने परिवार के लिए यह नहीं सह रहे हैं बल्कि पूरे ऑस्ट्रेलियाई समुदाय के लिए ये पाबंदी सह रहे हैं.”

    corona

    इमेज स्रोत, Getty Images

    विक्टोरिया के प्रीमियर डेनियल एंड्रूज ने मंगलवार को मेलबर्न में लॉकडाउन लगाने की घोषणा की थी. मंगलवार को शहर में कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 191 मामले सामने आए थे. जबकि बुधवार को मेलबर्न में कोरोना संक्रमण के 134 नए मामले सामने आए हैं.

    यह ऑस्ट्रेलिया के दूसरे शहरों की तुलना में बहुत ज़्यादा है.

    अब तक ऑस्ट्रेलिया में कोरोना संक्रमण के 9000 से ज़्यादा मामले सामने आए हैं जबकि 106 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है.

  9. अमरीका में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 30 लाख के पार

    corona

    इमेज स्रोत, Getty

    जॉन्स हॉप्किंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक़, अमरीका में कोरोना संक्रमितों की संख्या तीस लाख के पार चली गई है. वहीं एक लाख 31 हज़ार मौतें दर्ज की गई हैं.

    मंगलवार को तो अमरीका में एक दिन में सामने आए मामलों के सभी रिकॉर्ड टूट गए. कैलिफ़ोर्निया और टेक्सास में मंगलवार को एक दिन में दस हज़ार से ज़्यादा मामले दर्ज किए गए थे.

    मामले लगातार बढ़ने के बावजूद व्हाइट हाउस चाहता है कि स्कूलों समेत कुछ जगहों को खोला जाए. व्हाइट हाउस में कोरोना वायरस टास्क फोर्स का नेतृत्व कर रहे अमरीका के उप-राष्ट्रपति माइक पेंस ने कहा कि नियम 'बहुत ज़्यादा कड़े' नहीं होने चाहिए.

    उन्होंने कहा कि मामले कम हो रहे हैं. वहीं कोरोना वायरस को लेकर व्हाइट हाउस के सलाहकार और संक्रामक रोग विशेषज्ञ एंथनी फाउची ने कहा है कि कोरोना वायरस की सिर्फ पहली लहर में ही देश घुटनों पर आ गया है.

    corona

    इमेज स्रोत, Getty Images

    लेकिन बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में पेंस ने महामारी से निपटने के ट्रंप प्रशासन के तरीक़े का बचाव किया और अपना मास्क नीचे करते हुए कहा, "हम शोक में डूबे लोगों के साथ हैं. देश भर में हमारे स्वास्थ्य कर्मियों ने असाधारण काम किया है. देश की औसत मृत्यु दर लगातार कम और स्थिर है."

    साथ ही उन्होंने कहा कि अमरीका का सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन यानी सीडीसी स्कूल खोलने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी करेगा.

    इससे पहले ट्रंप ने एक्सपर्ट बॉडी की एक योजना की ये कहते हुए आलोचना की थी कि वो "बहुत कड़ी और महंगी है". साथ ही उन्होंने ये धमकी भी दी कि जो स्कूल पतझड़ के मौसम के बाद नहीं खुलेंगे, उनकी फंडिंग रोक दी जाएगी.

  10. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.