कोरोना संक्रमित पाये जाने के बावजूद बोलसोनारो ने मास्क उतारा

इमेज स्रोत, ब्राज़ील टीवी
सोशल मीडिया पर ब्राज़ील के राष्ट्रपति जाएर बोलसोनारो के एक वीडियो की काफ़ी आलोचना हो रही है जिसमें वे प्रेस से बातचीत के दौरान बड़े ही नाटकीय ढंग से मास्क उतारकर बोलते हुए दिखाई देते हैं.
इस वीडियो में दिखाई देता है कि मीडियाकर्मियों के किसी सवाल पर वे एक क़दम पीछे हटते हैं और मास्क उतारकर बोलते हैं, “सब कुछ ठीक है. मैं उन लोगों को शुक्रिया कहना चाहूँगा जिन्होंने मेरे लिए प्रार्थना की है. मैं बिल्कुल ठीक हूँ.”
ब्राज़ील में सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे हैं कि ‘बोलसोनारो ऐसी हरक़तों से क्या साबित करना चाहते हैं.’
इसी सप्ताह सोमवार को उन्होंने मास्क लगाने से जुड़े नियमों में बदलाव किया था. बोलसोनारो ने ब्राज़ील में लोगों के बीच होने पर (सार्वजनिक जगहों पर) मास्क पहनने को अनिवार्य कर दिया था.
मास्क उतारने से कुछ सेकेंड पहले ही उन्होंने मीडिया को बताया था कि ‘वे कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गए हैं.’
बोलसोनारो ने बताया, “टेस्ट में मुझे कोरोना पॉज़िटिव पाया गया है. अब तक क्या हुआ, मैं आपको बता दूं – मुझे रविवार को कुछ अजीब महसूस होना शुरू हुआ था. सोमवार शाम तक परेशानी काफ़ी बढ़ गई. मुझे बुखार था. थकान महसूस हो रही थी और मासपेशियों में दर्द था और सोमवार शाम तक बुखार तेज़ हो गया. इन्हें देखते हुए मुझे कोविड-19 का शक़ हुआ. मेरे डॉक्टर और मैंने निर्णय किया कि हम ब्रासीलिया स्थित आर्मी अस्पताल जाएंगे और सीटी स्कैन करायेंगे. सीटी स्कैन में मेरे फेफड़े एकदम साफ पाये गए. फिर मेरी टीम ने मुझे हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन दी. हालांकि रात में मुझे बेचैनी की वजह से कई बार उठना पड़ा. 12 घंटे बाद मैंने एक बार फिर हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन की डोज़ ली. और अब मैं कह सकता हूँ कि मुझे अच्छा लग रहा है.”
और ये कहते हुए बोलसोनारो ने मास्क उतारकर लोगों को बताया कि ‘देखिए सब ठीक है.’
बोलसोनारो कोविड-19 महामारी की शुरुआत से ही इसे एक ‘सामान्य फ़्लू’ बताते रहे हैं जिसके लिए उनकी काफ़ी आलोचना हुई है.
दुनिया में संक्रमण के मामले में ब्राज़ील फ़िलहाल दूसरे स्थान पर है, जहाँ अब तक साढ़े 16 लाख से ज़्यादा लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है.
कोविड-19 से होने वाली मौतों के मामले में भी ब्राज़ील दूसरे स्थान पर हैं. वहाँ 66,741 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई है.








