कोरोना महामारी: ग़रीबों की नौकरियां गईं, अमीरों का पैसा बढ़ा
अगर आप कोरोना महामारी के दौरान घर से काम कर रहे हैं तो इस बात की अधिक संभावनाएं हैं कि आप दफ्तर आने जाने और बाहर खाने के खर्च बचा रहे हैं.
लेकिन वहीं दूसरी तरफ इस महामारी को फैलने से रोकने के लिए लगाए लॉकडाउन के कारण हज़ारों ग़रीब मज़दूरों की नौकरियां चली गई हैं औऱ आय के स्रोत पूरी तरह ख़त्म हो गए हैं.
अर्थशास्त्री कहते हैं कि इस महामारी के कारण ऐसी अजीब स्थिति पैदा हुई है जो आज से पहले किसी महामारी के दौरान नहीं हुई थी.
कैपिटल इकोनॉमिक्स के प्रमुख अर्थशास्त्री नील शीरिंग कहते हैं कि इस महामारी ने "परिवारों की आय को अजीब तरह से बदल दिया है."
वो कहते हैं, "एक तरफ हज़ारों लोगों की आय का स्रोत ख़त्म हो गया है या वो इस डर में ज़िदगी गुज़ार रहे हैं कि उनकी नौकरी कभी भी जा सकती है और दूसरी तरफ कुछ लोगों की आय में अनचाहे तौर पर इज़ाफा हो गया है, उनके खर्च कम हुए हैं और सोविंग्स बढ़ गई हैं."