प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए
पश्चिम बंगाल में कोरोना संक्रमितों की संख्या में हुई तेज़ वृद्धि को ध्यान
में रखते हुए ममता बनर्जी सरकार ने केंद्र से संक्रमित इलाक़ों से उड़ानें और
ट्रेनें राज्य में नहीं भेजने को कहा है.
मुख्य सचिव राजीव सिन्हा ने केंद्रीय उड्डयन मंत्रालय को भेजे पत्र में छह
जुलाई से दो सप्ताह तक देश के आठ सबसे ज्यादा संक्रमित शहरों से कोलकाता या
बागडोगरा की उड़ानें बंद रखने को कहा है.
इसके अलावा दूसरे शहरों से आने वाली उड़ानों को भी 31 जुलाई तक सप्ताह में एक
दिन ही संचालित करने को कहा है.
इस बीच, सौ दिनों
तक बंद रहने के बाद सुरक्षा उपायों के साथ बुधवार को कोलकाता का मशहूर कालीघाट
मंदिर दर्शन के लिए खोल दिया गया.
वहाँ गेट के पास एक सैनिटाइजिंग टनल भी लगाया गया है.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि “राज्य
सरकार ने जिन शहरों से उड़ानों की आवाजाही रोकने को कहा है उनमें दिल्ली, मुंबई, पुणे, नागपुर, चेन्नई, इंदौर, अहमदाबाद और सूरत
शामिल हैं. राज्य में संक्रमण तेज़ी से बढ़ रहा है और ज़्यादातर मामले इन शहरों से
लौट रहे लोगों में ही सामने आ रहे हैं. हमने केंद्र से प्रभावित इलाक़ों से 31
जुलाई तक ट्रेनों की आवाजाही रोकने को कहा है.”
बीते 24 घंटे में 652 नए मामलों के साथ राज्य में कोरोना के मरीज़ों की संख्या
बढ़कर 18,559 और
मृतकों की संख्या 668 तक पहुँच गई है.
बीते तीन दिनों से लगातार छह सौ से ज़्यादा मरीज़ सामने आए हैं.