अमरीका के कई हिस्सों में मामले फिर बढ़े, सख़्ती लागू
अमरीका में कोरोना संक्रमित रोगियों की संख्या बढ़कर 25 लाख से ऊपर हो गई है.
सबसे ज़्यादा मामले फ़्लोरिडा और टेक्सस राज्यों से आए हैं जहाँ हाल के हफ़्तों में पाबंदियों में ढील दी जाने लगी थी.
शनिवार को फ़्लोरिडा में लगातार दूसरे दिन 9,000 से ज़्यादा मामले आए. वहाँ अब तक कुल 132,000 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 3,300 लोगों की मौत हो चुकी है.
मामलों में फिर से तेज़ी के बाद शनिवार को फ़्लोरिडा में प्रशासन ने एक बार फिर से सख़्ती लागू कर दी है.
शुक्रवार को टेक्सस में भी एक बार फिर से पाबंदियाँ लगा दी गई थीं.
अमरीका में कोरोना संक्रमण से अब तक 125,000 लोगों की मौत हो चुकी है जो दुनिया में सबसे ज़्यादा है.