You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना संक्रमित मरीज़ों की संख्या 90 लाख के पार, 4 लाख 69 हज़ार से ज़्यादा मौतें

दुनिया भर में कोरोना से क़रीब 90 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं और क्या है भारत का ताज़ा अपडेट.

लाइव कवरेज

  1. न्यूज़ीलैंड ने क्रूज़ शिप के आने पर प्रतिबंध बढ़ाया

    न्यूज़ीलैंड ने सोमवार को देश में आने वाले क्रूज़ शिप पर प्रतिबंध बढ़ा दिया है.

    प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हम क्रूज़ शिप देश में आने पर लगे प्रतिबंध को आगे बढ़ा रहे हैं. यह 30 जून को ख़त्म होने वाला था."

    न्यूज़ीलैंड दुनिया के उन सबसे कामयाब देशों में से एक है जहां कोरोना वायरस महामारी से लड़ाई में सफलता मिली है. यहां देश के अंदर सभी तरह के प्रतिबंध हटा लिए गए हैं लेकिन सीमा पर प्रतिबंध बरकरार हैं.

    महामारी की शुरुआत में क्रूज़ शिप के जरिए संक्रमण फैलने के मामले सामने आए थे.

    कई शिप हफ़्तों तक समंदर में रहे या फिर क्वारंटीन किए गए जिसके बाद यात्रियों को बाहर जाने की अनुमति मिली.

  2. केजरीवाल बोले- दिल्ली में तीन गुना हुई कोरोना टेस्टिंग

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि राजधानी में अब रोजाना हो रहे कोरोना टेस्ट की संख्या तीन गुना हो गई है.

    उन्होंने कहा कि पहले एक दिन में पांच हज़ार टेस्ट होते थे लेकिन अब एक दिन में 18000 टेस्ट हो रहे हैं.

    केजरीवाल ने कहा कि अब लोगों को टेस्ट कराने में कोई परेशानी नहीं होगी.

    उन्होंने कहा, "जनता के साथ मिलकर, केंद्र सरकार के साथ मिलकर हम इसे काबू करने की कोशिश कर रहे हैं. आज दिल्ली में कोरोना के 25000 सक्रिय मामले हैं. अस्पतालों में करीब छह हज़ार लोग हैं और करीब 12 हजार लोगों का इलाज घर में चल रहा है."

    केजरीवाल ने कहा कि कोरोना में मरीज़ों को सांस लेने में समस्या होती है इसलिए दिल्ली सरकार अब होम आइसोलेशन वाले मरीज़ों को घरों में पल्स ऑक्सीमीटर देगी जिससे लोग समय समय पर ऑक्सीजन का लेवल चेक कर सकते है, और अगर ज़रूरत होती है तो संपर्क कर आप ऑक्सीजन मँगा सकते हैं.

    अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कोरोना से लड़ाई में केंद्र सरकार से काफ़ी सहयोग मिल रहा है और यह वक़्त राजनीति का नहीं है. ये समय आपस में लड़ने का नहीं है.

    केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में फिलहाल 6200 बेड अस्पतालों में भरे हुए हैं. इसके साथ ही 7000 बेड सरकारी और निजी अस्पतालों में खाली हैं.

  3. जापान ने विकसित किया कोरोना टेस्ट, घर बैठे कर सकेंगे जांच

    कोरोना वायरस के टेस्ट के लिए नाक से स्वैब लिया जाता है. इसमें कोई नुकसान नहीं है लेकिन बहुत से लोगों को ये मुश्किल लगता है.

    जापान में शोधकर्ताओं की एक टीम ने सलाइवा टेस्ट यानी लार से टेस्ट का एक तरीक़ा विकसित किया है जिससे 25 मिनट में कोरोना टेस्ट का रिजल्ट पता चल जाएगा.

    जापानी विश्वविद्यालयों के साथ काम कर रही एक मेडिकल फर्म ने बताया है कि वो टेस्ट के लिए काम कर रही है और इससे लोग खुद घर बैठे अपनी जांच कर सकेंगे.

    ब्रिटेन में भी ऐसी ही सलाइवा टेस्टिंग का ट्रायल चल रहा है. इसमें 14000 से अधिक स्वास्थ्यकर्मी हिस्सा ले रहे हैं.

  4. ब्रिटेन में पब खोलने को लेकर कल हो सकती है घोषणा

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन मंगलवार को घोषणा कर सकते हैं कि चार जुलाई से पब, रेस्टोरेंट और होटेल खुलेंगे या नहीं और क्या दो मीटर की दूरी बनाए रखने के नियम में छूट मिल सकती है या नहीं.

    प्रधानमंत्री ने सोशल डिस्टेंसिंग के लिए निर्धारित दो मीटर की दूरी को लेकर रिव्यू के आदेश दिए हैं.

    स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने कहा कि इंग्लैंड लॉकडाउन के प्रतिबंध हटाने के सही रास्ते पर है.

  5. दक्षिण कोरिया में फिर सख़्त किये जाएंगे प्रतिबंध

    दक्षिण कोरिया का पाँचवाँ सबसे बड़ा शहर दाइज्योंग एक बार फिर अपने यहां प्रतिबंधों और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को सख़्त करने जा रहा है.

    कोरोना वायरस के क्लस्टर मामलों को देखते हुए यह फ़ैसला लिया गया है.

    दक्षिण कोरिया में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 17 मामलों की पुष्टि हुई है. जिनमें से छह मामले विदेश से आए लोगों के थे.

    लेकिन अधिकारी अब भी एहतियात बरत रहे हैं. ख़ासतौर पर दाइज्योंग शहर को लेकर जो कि सोल से सिर्फ़ 50 मील की दूरी पर है. लोगों के सामूहिक तौर पर जमा होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.

  6. बीजिंग में घटे संक्रमण के नए मामले

    बीजिंग में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 9 नए मामले सामने आए हैं.

    इससे एक दिन पूर्व बीजिंग में संक्रमण के 22 नए मामलों की पुष्टि की गई थी.

    बीते दस दिनों में ऐसा पहली बार हुआ है जब संक्रमण के नए मामले एक संख्या में आए हैं.

    संक्रमण के मामलों में दोबारा आई तेज़ी के दौरान बीजिंग में क़रीब 230 नए मामले आए.

    इनमें से ज़्यादातर मामले एक बड़े फ़ूड मार्केट से जुड़े हुए थे.

    माना जा रहा है कि लॉकडाउन में ढील और पड़ोसी शहरों को लेकर लगाए गए यातायात प्रतिबंधों को हटाए जाने के कारण मामले बढ़े.

  7. गोवा में कोविड19 से पहली मौत

    गोवा में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण एक 85 वर्षीय महिला की मौत हो गई है. गोवा में संक्रमण के कारण होने वाली यह पहली मौत है.

    गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर ज़रूरी क़दम उठा रही है.

    स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक़, भारत में संक्रमण के कुल चार लाख 25 हज़ार से अधिक मामले हैं. देश में अभी तक 13,699 लोगों की मौत हो चुकी है.

    गोवा में संक्रमण के 754 मामले हैं और अभी तक 129 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं.

  8. भारत में 24 घंटे में लगभग 15 हज़ार नए मामले

    भारत में पिछले एक दिन में कोरोना संक्रमण के 14,821 नए मामले दर्ज किए गए हैं और 445 लोगों की मौत हुई है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी नए आँकड़ों के अनुसार देश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 4 लाख 25 हज़ार से अधिक हो गए हैं.

    देश में अभी तक कोरोना वायरस से 13 हज़ार 699 लोगों की मौत हो चुकी है.

    वहीं 2 लाख 37 हज़ार से अधिक लोग इलाज के बाद ठीक हुए हैं.

  9. दुनिया भर में एक दिन में अब तक के सर्वाधिक मामले

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बीते 24 घंटे में अब तक के सबसे अधिक नए मामले दर्ज किए हैं.

    संगठन ने बीते 24 घंटे में एक लाख 83 हज़ार नए मामलों की पुष्टि की है. इनमें से 60 फ़ीसदी से अधिक मामले उत्तरी और दक्षिणी अमरीका के हैं.

    ये मामले ऐसे समय आए हैं जब कई देशों में धीरे-धीरे लॉकडाउन में ढील दिया जाने लगा है.

    अमरीका अब भी दुनिया का सबसे अधिक प्रभावित देश है. वहाँ अब तक संक्रमण के कुल 22 लाख 79 हज़ार मामले आ चुके हैं.

    ब्राज़ील दूसरा सबसे अधिक प्रभावित देश है. वहाँ संक्रमण के मामले क़रीब 11 लाख हैं जबकि मरने वालों की संख्या 50 हज़ार से अधिक.

    दुनिया भर में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 89 लाख से अधिक हो चुकी है.

    मरने वालों की संख्या 4 लाख 67 हज़ार से अधिक है.

  10. ब्राज़ील में कोविड19 से अब तक 50 हज़ार से अधिक लोगों की मौत

    दुनिया भर में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 89 लाख 26 हज़ार से अधिक हो गए हैं. मरने वालों की संख्या 4 लाख 67 हज़ार से अधिक है.

    अमरीका के बाद ब्राज़ील दुनिया का सबसे अधिक प्रभावित देश है. ब्राज़ील में संक्रमण के क़रीब 11 लाख मामले हैं और मरने वालों की संख्या 50 हज़ार से अधिक हो गई है.

    ब्राज़ील में शनिवार को रिकॉर्ड 54 हज़ार संक्रमण के नए मामले आए.

    विशेषज्ञों का मानना है कि ये आंकड़े और अधिक हो सकते हैं क्योंकि अभी टेस्टिंग की कमी के चलते बहुत से मामले सामने ही नहीं आ रहे हैं.

  11. बीते 24 घंटे के प्रमुख अपडेट

    लंदन में कॉमर्शियल फ़्लाइट शुरू

    लंदन में रविवार से कॉमर्शियल फ़्लाइट शुरू हो रही है. कोविड-19 के चलते लंदन में पिछले तीन महीनों से उड़ान सेवा पर पाबंदी लगी हुई थी.

    क्या कोरोना की दूसरी लहर आएगी?

    कोरोना महामारी के ख़त्म होने के आसार अभी नज़र नहीं आ रहे. कुछ देश इस महामारी की चपेट में बुरी तरह जूझ रहे हैं लेकिन वायरस की दूसरी लहर को लेकर भी चिंतित हैं. एक सदी पहले आए स्पैनिश फ्लू की दूसरी लहर पहले के मुकाबले अधिक जानलेवा थी.

    सोशल डिस्टेंसिंग पर नया प्रस्ताव

    कोरोना महामारी के बीच ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने कहा है कि इंग्लैंड में सोशल डिस्टेन्सिंग के नियमों को दो मीटर से कम कर करने से जुड़ा एक प्रस्ताव सरकार इस सप्ताह ला सकती है.

    शीर्ष वैज्ञानिक ने क्वारंटीन पॉलिसी को बताया बेकार

    लंदन स्कूल ऑफ़ हाइजीन एंड ट्रॉपिकल मेडिसिन के प्रो. पीटर पाएट ने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों को 14 दिन क्वारंटीन करने के लिए जो नियम ब्रिटेन अपना रहा है उन्हें तुरंत छोड़ देना चाहिए.

    फुटबॉलर की कोरोना से मौत

    इराक़ के बेहतरीन फ़ुटबॉल खिलाड़ी अहमद राधी निधन हो गया है. वह कोरोना पॉजिटिव थे. उनकी उम्र 56 साल थी.

    दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री की सेहत में सुधार

    दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की स्वास्थ्य स्थिति में सुधार हुआ है. प्लाज़्मा थेरेपी के बाद उनका बुख़ार कम हुआ है और आक्सीजन स्तर भी बेहतर हुई है. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक उन्हें सोमवार को ज़नरल वार्ड में शिफ्ट किया जा सकता है.

    स्पेन जा सकते हैं विदेशी टूरिस्ट

    स्पेन ने टूरिज्म इंडस्ट्री को फिर से शुरू करने के लिए विदेशी यात्रियों के लिए रास्ते खोल दिए हैं. स्पेन ने पर्यटकों के लिए लगाए गए यात्रा प्रतिबंध हटा दिए हैं. स्पेन में फिलहाल यूरोपीय संघ, शेंजेन ज़ोन और ब्रिटेन के लोगों को आने की अनुमति होगी.

    चीन में फिर बढ़ रहे हैं संक्रमण के मामले

    चीन में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 25 नए मामले सामने आए हैं. इनमें से 22 मामले राजधानी बीजिंग में मिले हैं और तीन मामले पड़ोसी प्रांत हेबेई में मिले.

  12. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.