ब्रिटेन के शीर्ष वैज्ञानिक ने क्वारंटीन पॉलिसी को बताया बेकार

क्या कहना है ब्रिटेन के शीर्ष वैज्ञानिकों में शुमार पीटर पाएट का, कोरोना को लेकर क्वारंटीन पॉलिसी को उन्होंने किसी काम का नहीं बताया है.

लाइव कवरेज

  1. दक्षिण कोरिया में एक दिन में 48 नए मामले सामने आए

    कोरोना कोरिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दक्षिण कोरिया में कोरोना संक्रमण के 48 नए मामले रविवार को मिले हैं. बीते दिन के मुक़ाबले रविवार को संक्रमण के नए मामलों में कमी आई है.

    कोरिया सेंटर्स फॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (केसीडीसी) के मुताबिक़, बाहर से आने वाले मामलों में कमी आई है लेकिन स्थानीय स्तर पर संक्रमण के मामले बढ़े हैं. राजधानी सोल और सेंट्रल सिटी डेजॉन में संक्रमण तेज़ी से फैला है.

    संक्रमण के नए मामलोें में से 40 स्थानीय संक्रमण के हैं और 8 मामले बाहर से आए लोगों में है.

    इसी के साथ यहां संक्रमण के कुल मामले 12421 हो गए हैं. यहां फ़िलहाल कोई नई मौत नहीं हुई इसलिए मरने वालों का कुल आंकड़ा 280 है.

  2. चीन में फिर बढ़ रहे हैं कोरोना संक्रमण के मामले

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चीन में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 25 नए मामले सामने आए हैं.

    इनमें से 22 मामले राजधानी बीजिंग में मिले हैं और तीन मामले पड़ोसी प्रांत हेबेई में मिले.

    चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के मुताबिक़, राजधानी में अब तक 23 लाख लोगों के सैंपल लिए गए हैं. साथ ही वायरस को फैलने से रोकने के लिए यहां सबसे बड़ा फ़ूड मार्केट बंद कर दिया गया है.

    चीन में अब तक संक्रमण के कुल मामले 84553 हैं और 4639 लोगों की मौत हो चुकी है.

  3. राजस्थान में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 14537

    राजस्थान में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 14537 हो गए हैं. यहां अब तक 11274 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं.

    राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक़, अब तक कुल 683017 सैंपल लिए गए हैं. इनमें से 664383 सैंपल नेगेटिव मिले हैं. राज्य में अब तक 337 लोगों की मौत कोरोना संक्रमण की वजह से हुई है.

  4. भारत में एक दिन में 15,000 से अधिक रिकॉर्ड मामले

    महिलाएं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के ताज़ा आंकड़ों के बाद भारत में कोरोना संक्रमित मरीज़ों की संख्या 4 लाख के पार जा चुकी है.

    भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 15,413 मामले सामने आए हैं जबकि 306 लोगों की मौत हुई है. भारत में कुल मौतों का आंकड़ा 13,254 हो चुका है.

    भारत में इस समय कुल संक्रमण की संख्या 4,10,461 हो चुकी है जबकि इससे ठीक हुए मरीज़ों की संख्या 2.27 लाख से अधिक है.

  5. 'कोरोना के कारण दुनिया को योग की ज़रूरत महसूस हुई'

    मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि कोविड-19 महामारी के दौर में योग रोग प्रतिरोधक शक्ति को मज़बूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.

    उन्होंने कहा, “योग के प्रति उत्साह बढ़ रहा है और यह कितना व्यापक है यह योग के वीडियो दिखाते हैं. यह परिवार की नज़दीकी बढ़ाने का भी दिन है. कोरोना महामारी के कारण दुनिया योग की ज़रूरत को पहले से भी गंभीरता से महसूस कर रही है. अगर हमारी इम्युनिटी मज़बूत हो तो इस बीमारी को हराने में बहुत मदद मिलती है. इम्युनिटी को बढ़ाने के लिए योग की अनेक विधियां हैं.”

    “अनेक प्रकार के आसन हैं जो हमारे शरीर की स्ट्रेंग्थ को बढ़ाते हैं, मेटाबॉलिज़्म को मज़बूत करते हैं. कोविड-19 ख़ासौतर पर हमारे श्वसन तंत्र पर हमला करता है. हमारे श्वसन तंत्र को मज़बूत करने में प्राणायाम से काफ़ी मदद मिलती है. यह एक ब्रीथिंग एक्सरसाइज़ है. सामान्य तौर पर अनलोम-विलोम, प्राणायाम प्रभावी है. प्राणायाम के अनेक प्रकार हैं.”

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनका आग्रह है कि एक्सरसाइज़ के साथ प्राणायाम भी ज़रूर करें.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन एकजुटता और सार्वभौमिक भाईचारे का दिन है.

    उन्होंने कहा कि यह विश्व बंधुत्व के संदेश का दिन है. प्रधानमंत्री ने कहा कि जो हमें जोड़े साथ लाए वही योग है, जो दूरियों को ख़त्म करे वही योग है.

  6. सऊदी अरब हटाएगा राष्ट्रव्यापी कर्फ़्यू

    मक्का

    इमेज स्रोत, AFP

    सऊदी अरब ने घोषणा की है कि वो रविवार से राष्ट्रव्यापी कर्फ़्यू हटाने जा रहा है लेकिन बहुत सी पाबंदियां अभी भी बनी रहेंगी.

    प्रशासन का कहना है कि सभी आर्थिक और व्यावसायिक गतिविधियां शुरू की जाएंगी लेकिन अंतरराष्ट्रीय यात्रा और धार्मिक यात्रा पर प्रतिबंध जारी रहेगा.

    सऊदी अरब ने अभी तक जुलाई में शुरू होने वाली हज यात्रा को लेकर कोई घोषणा नहीं की है.

    हालांकि, मलेशिया और इंडोनेशिया जैसे कई देश कह चुके हैं कि वो अपने लोगों को हज यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं देगा.

    हज की सालाना धार्मिक यात्रा के लिए हर साल 25 लाख श्रद्धालु मक्का शहर जाते हैं

    जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के अनुसार, सऊदी अरब में अब तक 1.55 लाख संक्रमण के मामलों का पता चला है. इसके अलावा 1,230 लोगों की मौत हुई है.

  7. बीबीसी हिंदी के कोरोना वायरस अपडेट्स में आपका स्वागत है

    बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज में आप सबका स्वागत है. हम यहां दिनभर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के सभी बड़े और ज़रूरी अपडेट्स से आपको रूबरू कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.