दिल्ली में कोविड-19 के मामले में नया आदेश आया

दिल्ली के उप-राज्यपाल अनिल बैजल ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनज़र नया आदेश जारी किया है.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना वायरस की वैक्सीन जल्द आ सकती है

    कोरोनी वैक्सीन

    इमेज स्रोत, Reuters

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने उम्मीद जताई है कि इस साल के अंत तक कोरोना वायरस वैक्सीन के हज़ारों डोज़ उपलब्ध हो जाएंगे जिससे बेहद कमज़ोर और प्रभावित लोगों को बचाया जा सकेगा.

    कोरोना वायरस की कोई भी वैक्सीन अब तक नहीं बनी है लेकिन WHO की वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन ने कहा कि दुनियाभर के विशेषज्ञ 200 से अधिक संभावनाओं पर काम कर रहे हैं. करीब 10 वैक्सीन का इंसानों पर ट्रायल चल रहा है.

    उन्होंने कहा, ‘‘वैक्सीन बनाना एक जटिल काम है. इसमें कई तरह की आशंकाएं और अच्छी बातें भी है. हमारे पास कई वैक्सीन है. अगर हम एक बार फेल होते हैं तो दोबारा प्रयास करते हैं, फिर फेल होते हैं तो उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए. हम हार नहीं मान सकते.’’

    वो कहती हैं, अगर सब ठीक रहा तो इस साल के अंत तक हमें एक या दो सफल वैक्सीन मिल जाएंगी. वैक्सीन सबसे पहले फ्रंटलाइन वर्कर्स जैसे डॉक्टर और फिर उन मरीज़ों को जो गंभीर रूप से बीमार और कमज़ोर हैं, उन्हें दी जाएगी.

  2. अमरीका में फिर से लॉकडाउन की ज़रूरत नहीं: डॉ. फ़ाउची

    डॉ. एंथनी फ़ाउची

    इमेज स्रोत, Reuters

    अमरीका के शीर्ष स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. एंथनी फ़ाउची ने कहा है कि देश में अब बड़े स्तर के लॉकडाउन की ज़रूरत नहीं है.

    हालांकि अमरीका में संक्रमण के मामले अब भी बढ़ रहे हैं.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएफ़पी से कहा, "मुझे नहीं लगता हम फिर से लॉकडाउन लागू करने के बारे में बात करने वाले हैं. हम इस पर चर्चा करेंगे कि कैसे उन इलाकों में संक्रमण पर काबू पाया जाए जहां यह अधिक फैला है."

    अमरीका में संक्रमण के सबसे अधिक मामले न्यूयॉर्क में सामने आए. हालांकि अब यहां संक्रमण पर काबू पा लिया गया है लेकिन दूसरे हिस्सों में मामले अब भी बढ़ रहे हैं.

    डॉ. फ़ाउची ने कहा कि देश में अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने के लिए स्थानीय स्तर पर लोगों को प्रयास करने होंगे.

    उन्होंने कहा कि जहाँ संक्रमण के मामले नहीं है वहाँ स्कूल खोले जा सकते हैं.

  3. भारत: 24 घंटों में संक्रमण के 13,586 नए मामले

    भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 13,586 नए मामले सामने आए हैं.

    यह एक दिन में आए नए मामलों का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है. 24 घंटों में संक्रमण से 336 लोगों की मौत ही पुष्टि हुई है.

    भारत में कोरोना संक्रमित लोगों की कुल संख्या अब 3,80,532 हो गई है. इनमें से 1,63,248 मामले सक्रिय हैं और 2,04,710 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं.

    अब तक संक्रमण की वजह से कुल 12,573 लोगों की मौत हुई है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत-चीन में भारी तनाव के बीच अमरीका-चीन में सुलह की कोशिश

    अमरीका और चीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत और चीन में भले तनाव चरम पर है लेकिन अमरीका और चीन के रिश्तों में जमी बर्फ़ को पिघलाने की कोशिश जारी है. चीन के शीर्ष डिप्लोमैट यांग जिची और अमरीकी विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो की बुधवार को सात घंटे तक हवाई में बैठक हुई. दोनों डिनर पर मिले और सात घंटों तक बात की.

    पर्यवेक्षकों का मानना है कि भले सब कुछ ठीक नहीं हो लेकिन भारी तनाव का माहौल हल्का हो सकता है और कोई बीच का रास्ता निकल सकता है. दोनों देशों के बीच की इस बैठक को इस रूप में भी देखा जा रहा है कि अमरीका और चीन तनाव को बढ़ने नहीं देना चाहते हैं. चीन ने इस मुलाक़ात को रचनात्मक कहा है.

    यांग ने अमरीका से कहा है कि वो हॉन्ग कॉन्ग, ताइवान और शिन्जियांग मामले में कोई दखल ना दे क्योंकि यह उसका आंतरिक मामला है. पॉम्पियो ने कहा है कि कोविड-19 महामारी को लेकर चीन सूचना साझा करने के मामले में पूरी पारदर्शिता दिखाए. दूसरी तरफ़ 20 भारतीय सैनिकों की चीनी सरहद पर मौत को लेकर अमरीका की तरफ़ से कोई आधिकारिक बयान नहीं है.

  5. कोरोना वायरस की महामारी से ज़ुड़े अभी तक के बड़े अपडेट्स

    चीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    • चीन की राजधानी बीजिंग में कोरोना वायरस के संक्रमण की रिपोर्टिंग को लेकर अमरीका ने सवाल खड़ा किया है. अमरीका ने पूरे मामले को लेकर तटस्थ आकलन करने की बात कही है. चीन ने बीजिंग में कोविड-19 की दूसरी लहर के डर को देखते हुए लॉकडाउन लगा दिया है. बीजिंग में पिछले हफ़्ते एक मार्केट में संक्रमण के कई मामले मिलने के बाद से अब तक कुल 158 संक्रमितों की पहचान हुई है. अमरीका के विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने पूरे मामले में पारदर्शिता की मांग की है. माइक पॉम्पियो ने कहा, ''मैं उम्मीद करता हूं कि वुहान की तुलना में बीजिंग में संक्रमण की रिपोर्टिंग ज़्यादा ईमानदारी से होगी.''
    • ब्राज़ील में कोरोना वायरस की चपेट में आकर मरने वालों की कुल सख्या 50 हज़ार के क़रीब पहुंच गई है और अब तक लगभग 10 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं. मिस्र में कोरोन वायरस से अब तक 50 हज़ार से ज़्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं.
    • गुरुवार को मिस्र में कोरोना के 1,218 नए मामले सामने आए. मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि यहां संक्रमितों की कुल संख्या 50,437 हो गई है और मरने वालों की कुल तादाद 1,938 है. मिस्र मार्च से ही स्कूल, रेस्तरां और अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा बंद है.
    • कोरोना वायरस से दुनिया भर में अब तक 450,716 लोगों की मौत हो चुकी है.
    • कनाडा में कोरोना वायरस से अब तक कुल एक लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं. कनाडा कोरोना वायरस से संक्रमितों के मामले में दुनिया भर में 17वें नंबर पर है.
    • ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार यहां कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 10 हज़ार के क़रीब पहुंच गई है. ईरान में क़रीब दो लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं.
    • WHO को उम्मीद है कि इस साल लाखों की संख्या में कोरोना वायरस की वैक्सीन बनेगी. WHO की प्रधान वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन ने कहा है, ''मैं आशान्वित हूं. लेकिन वैक्सीन बनने की प्रक्रिया काफ़ी जटिल होती है. काफ़ी अनिश्चितता भरा सफ़र होता है. अच्छी बात यह है कि हमारे पास कई वैक्सीन और प्लेटफॉर्म हैं. अगर पहली नाकाम होती है या दूसरी नाकम होती है तब भी उम्मीद ख़त्म नहीं होगी.''
    ब्राज़ील

    इमेज स्रोत, Getty Images

  6. बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज में आप सबका स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के सभी बड़े और ज़रूरी अपडेट्स से आपको अवगत कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.