कोरोना वायरस की वैक्सीन जल्द आ सकती है
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने उम्मीद जताई है कि इस साल के अंत तक कोरोना वायरस वैक्सीन के हज़ारों डोज़ उपलब्ध हो जाएंगे जिससे बेहद कमज़ोर और प्रभावित लोगों को बचाया जा सकेगा.
कोरोना वायरस की कोई भी वैक्सीन अब तक नहीं बनी है लेकिन WHO की वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन ने कहा कि दुनियाभर के विशेषज्ञ 200 से अधिक संभावनाओं पर काम कर रहे हैं. करीब 10 वैक्सीन का इंसानों पर ट्रायल चल रहा है.
उन्होंने कहा, ‘‘वैक्सीन बनाना एक जटिल काम है. इसमें कई तरह की आशंकाएं और अच्छी बातें भी है. हमारे पास कई वैक्सीन है. अगर हम एक बार फेल होते हैं तो दोबारा प्रयास करते हैं, फिर फेल होते हैं तो उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए. हम हार नहीं मान सकते.’’
वो कहती हैं, अगर सब ठीक रहा तो इस साल के अंत तक हमें एक या दो सफल वैक्सीन मिल जाएंगी. वैक्सीन सबसे पहले फ्रंटलाइन वर्कर्स जैसे डॉक्टर और फिर उन मरीज़ों को जो गंभीर रूप से बीमार और कमज़ोर हैं, उन्हें दी जाएगी.