You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सभी स्वास्थ्यकर्मियों को समय से वेतन देने का निर्देश, नहीं तो होगी कार्रवाई

दुनिया भर में 83 लाख से ज़्यादा लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं और अब तक क़रीब साढ़े चार लाख लोग मारे जा चुके हैं.

लाइव कवरेज

  1. ब्रिटेन का आरोप- चीन, रूस और ईरान महामारी का ग़लत फ़ायदा उठा रहे हैं

    ब्रिटेन के विदेश मंत्री डॉमिनिक राब ने आरोप लगाया है कि रूस, चीन और ईरान अपने वैश्विक हितों को आगे बढ़ाने के लिए कोरोना महामारी का ग़लत फायदा उठा रहे हैं.

    स्काई न्यूज़ से बातचीत में उन्होंने कहा, इस वायरस से कई देशों को मौके मिले हैं. ये मौके साइबर और दूसरे अन्य तरीकों से मिले हैं.

    उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है हमने हॉन्गकॉन्ग के संबंध में यह देखा है. मुझे लगता है कुछ लोग राष्ट्रीय सुरक्षा कानून को आगे रखकर मौके का फायदा उठा रहे हैं जबकि दुनिया का ध्यान कोरोना वायरस पर है.’’

    डॉमिनिक राब ने रूस पर इंटरनेट और दूसरे माध्यमों के जरिए व्यवस्थित रूप से ग़लत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया है.

    हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि विदेशों में नेता जो भी कर रहे हैं उसका असर ब्रिटेन पर नहीं हुआ. राब ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि स्वास्थ्य के मामले में उन्होंने हमसे कुछ अलग या बेहतर किया है.’

  2. जर्मनी में बूचड़खाने में फैला कोराना, हज़ारों लोग क्वारंटीन

    जर्मनी में एक बूचड़खाने में कोरोना संक्रमण फैलने के बाद हज़ारों लोगों को क्वारंटीन रहने के लिए कहा गया है.

    देश के उत्तर-पश्चिम में स्थित गुटरस्लो में मीट प्रोसेसिंग प्लांट में अब तक 650 से अधिक लोग कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव मिले हैं.

    यहां बुधवार दोपहर के बाद से काम बंद कर दिया गया है.

    अब तक करीब 1000 कामगारों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है जबकि हज़ारों का टेस्ट होना बाकी है.

  3. WHO ने हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन से जुड़े शोध पर रोक लगाई

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कोरोना वायरस के इलाज के लिए मलेरिया की दवा हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन के असर को लेकर जारी रिसर्च पर रोक लगा दी.

    संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी ने कहा कि हालिया पड़तालों में पता चला है कि हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन अस्पतालों में भर्ती कोरोना मरीजों की मौत के आंकड़े कम करने में सक्षम नहीं है.

    हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन को लेकर दुनियाभर में काफ़ी दिलचस्पी रही है. इसे संक्रमण से बचाने की दवा के साथ ही संक्रमित लोगों के इलाज में भी इस्तेमाल किया जा रहा है.

    इस दवा का इस्तेमाल मुख्य रूप से मलेरिया और जोड़ों के दर्द के इलाज में किया जाता है लेकिन कोविड 19 के इलाज में इसके प्रभावी होने को कोई सबूत नहीं है.

    द लैंसेट में इस शोध की रिपोर्ट छपने के बाद इस दवा को लेकर दुनियाभर में चल रहे ट्रायल पर रोक लग गई है.

    शोध में दावा किया गया है कि इस दवा की वजह से मरने वालों की संख्या बढ़ी है और कुछ मरीज़ों में दिल से जुड़ी समस्याएं बढ़ी हैं.

    शोध सामने आने के बाद WHO और दूसरी संस्थाओं ने इसे लेकर परीक्षण रोक दिए.

    हालांकि, द लैंसेट ने बाद में शोध को वापस ले लिया जब यह पाया गया कि इसमें काफी गंभीर कमियां हैं.

  4. दिल्ली में कोरोना टेस्ट अब 2400 रुपये में

    दिल्ली सरकार ने कोरोना टेस्ट की फीस 2400 रुपये तय कर दी है. अब तक यह टेस्ट 4500 रुपये में होता था.

    उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने यह जानकारी दी.

    दिल्ली में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 47000 से अधिक हैं. महाराष्ट्र और तमिलनाडु के बाद संक्रमण के मामले में दिल्ली तीसरे स्थान पर है.

  5. बीजिंग में फिर आए संक्रमण के रिकॉर्ड मामले

    चीन में एक दिन में कोरोना संक्रमण के 28 नए मामले सामने आए हैं. इनमें से 21 मामले राजधानी बीजिंग में मिले हैं. बीते कुछ दिनों से बीजिंग में संक्रमण से मामले तेजी से बढ़ रहे हैं.

    संक्रमण के नए मामले बढ़ने की वजह से बीजिंग के कई इलाकों को सील किया जा रहा है और कई तरह के प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं. माना जा रहा है कि संक्रमण फिर से फैलने का केंद्र यहां का बड़ा फूड मार्केट है.

    नए मामले सामने आने से पहले बीजिंग में 57 दिनों तक संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया था.

  6. अमेज़न वर्षावन के स्वदेशी रक्षक की कोरोना से मौत

    अमेज़न वर्षावन के स्वदेशी रक्षक के तौर पर जाने जाने वाले पॉलिन्हो पैकन की कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से मौत हो गई है. पॉलिन्हो करीब 65 साल के थे और कायापो समुदाय के प्रमुख थे.

    वो साल 1980 में तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए जब उन्होंने ब्राजील के एक हाइड्रोप्रोजेक्ट का विरोध किया था. यह दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा डैम है.

    साल 1998 में उन्हें 18 साल की एक लड़की के बलात्कार के मामले में दोषी पाया गया था. उनकी पत्नी को पीड़ित की हत्या का दोषी ठहराया गया था.

    हालांकि उनके समर्थकों का कहना था कि यह सब उन्हें फंसाने और शांत कराने की साजिशें हैं.

  7. भारत में 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 12,881 नए मामले

    भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 12,881 नए मामले सामने आए हैं. यह एक दिन में नए मामलों का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है. 24 घंटों में संक्रमण से 334 लोगों की मौत ही पुष्टि हुई है.

    भारत में कुल कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या अब 3,66,946 हो गई है. इनमें से 1,60,384 मामले सक्रिय हैं और 1,94,325 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं.

    अब तक संक्रमण की वजह से कुल 12,237 लोगों की मौत हुई है.

  8. संक्रमण के मामले में इटली से आगे निकला पेरू

    पेरू में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब इटली से भी आगे निकल गए हैं. यहां अब 240908 मामले हो गए हैं. एक समय पूरे यूरोप में कोरोना संक्रमण से सबसे ज्‍यादा इटली प्रभावित था.

    संक्रमण के मामले में ब्राज़ील के बाद पेरू दूसरे नंबर पर है. यहां अब तक 7257 लोगों की मौत हुई है जबकि ब्राज़ील में 45000 लोग मारे जा चुके हैं.

    लातिन अमरीका फिलहाल इस महामारी का केंद्र बना है जहां 40 लाख से अधिक लोग संक्रमित हैं. पेरू ने देश में लॉकडाउन को 30 जून तक बढ़ा दिया है.

  9. कोरोना से एक लाख 30 हज़ार और लोगों की हुई मौत, बीबीसी की पड़ताल

    बीबीसी की एक पड़ताल में पता चला है कि दुनिया भर में कोरोना वायरस से हुई अधिकारिक 4,44,000 मौतों के अतिरिक्त कम से कम एक लाख तीस हज़ार मौतें और हुई हैं. ये नतीजे 27 देशों से मिले शुरुआती मौतों के आंकड़ों पर आधारित हैं.

    सामान्य औसत मौतों के अतिरिक्त हुई मौतों का आंकड़ा बताता है कि कोरोना वायरस की मानवीय क्षति सरकारों की ओर से दिए गए अधिकारिक आंकड़ों से कहीं ज़्यादा है.

    इनमें से कुछ मौतें ऐसी हैं जो कोविड-19 के तहत दर्ज नहीं हो पाईं, लेकिन बहुत सी मौतें ऐसी हैं जो हेल्थकेयर सिस्टम पर पड़े दबाव की वजह से हुई हैं.

  10. डेक्सामेथासोन दवा को WHO ने भी बताया फ़ायदेमंद

  11. कोरोना वायरस से जंग जीत लेने वाले शख़्स की कहानी

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े अब तक के बड़े अपडेट्स

    • विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हाइड्रॉक्सिक्लोरोक्विन के ट्रायल पर रोक लगा दी है. मलेरिया की इस दवाई को अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कोरोना संक्रमण को रोकने के मामले में गेमचेंजर कहा था. WHO ने कहा है कि कई देशों में इसकी टेस्टिंग इसलिए रोक दी गई है क्योंकि इससे कोई फ़ायदा नहीं दिख रहा था. दो दिन पहले अमरीका ने भी इसके आपातकालीन इस्तेमाल को बंद करने का फ़ैसला किया था. कोरोना संक्रमितों में इसके इस्तेमाल से कोई फ़ायदे नहीं दिखे बल्कि इसका गंभीर साइड इफेक्ट हो रहा था.
    • ब्राज़ील में बुधवार को कोविड-19 से 1,269 लोगों की मौत हुई. इसके साथ ही ब्राज़ील में कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 46,510 पहुंच गई है. कोरोना से अमरीका के बाद सबसे ज़्यादा लोगों की जान ब्राज़ील में ही गई है. ब्राज़ील के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना के 32,188 नए मामले सामने आए हैं. ब्राज़ील में अब तक कुल 955,377 लोग संक्रमित हो चुके हैं. मृतकों के साथ संक्रमितों के मामले में भी ब्राज़ील अमरीका के बाद दूसरे नंबर पर है.
    • दुनिया भर में कोरोना वायरस से मरने वालों की कुल संख्या पाँच लाख के क़रीब पहुंच गई है. इसके अलावा विश्व भर में अब तक 82 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं. जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार पूरी दुनिया में कोरोना से 445,000 से ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है. दुनिया भर में कोरोना से जितनी मौतें हुई हैं उनमें हर चार में से एक अमरीकी है.
    • अमरीका के शीर्ष के स्वास्थ्य विशेषज्ञ ने कहा है कि अमरीका अभी कोरोना वायरस की चपेट की पहली लहर में ही है और दूसरी लहर बाक़ी है. लॉकडाउन में लगातार जारी ढील के बीच छह अमरीकी राज्यों में संक्रमण के मामलों में तेज़ी से बढ़ोतरी हुई है. 16 जून को न्यूयॉर्क में कोरोना से 17 लोगों की मौत हुई. न्यूयॉर्क में कोरोना त्रासदी की शुरुआत से अब तक हर दिन मरने वालों की यह सबसे छोटी तादाद है.
    • कोरोना वायरस की दूसरी लहर को देखते हुए जर्मनी अगले चार महीनों तक बड़े जलसों पर प्रतिबंध लगाने को लेकर सहमत हो गया है. चांसलर एंगेला मर्केल ने सभी 16 राज्यों के प्रमुखों की साथ बैठक की थी. इसी बैठक में बड़े समारोहों पर अक्टूबर के आख़िर तक पाबंदी को लेकर सहमति बनी.
    • चीन की राजधानी बीजिंग में कोरोना के नए मामलों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण लाखों लोग कई तरह की पाबंदियों में रह रहे हैं. बीजिंग में बुधवार को कोरोना के 31 नए मामले सामने आए.
    • ब्रिटेन में कोरोना संक्रमितों की संख्या तीन लाख पार कर गई है. अब तक कुल 300,717 लोग संक्रमित हो चुके हैं. ब्रिटेन में कोरोना से कुल 42,238 लोगों की मौत हुई है.
  13. बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज में आपका स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े सभी बड़े और ज़रूरी अपडेट्स से आपको अवगत कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स देखने के लिए यहां क्लिक करें.