You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

तनाव के बीच चीनी स्मार्टफ़ोन कंपनी ओपो ने भारत में लाइव ऑनलाइन लॉन्च किया रद्द

ओपो ने पहले से ही घोषणा कर रखी थी कि वो बुधवार को भारत में नए X2 स्मार्टफ़ोन को लॉन्च करेगा. चार बजे शाम में यूट्यूब का लिंक लाइव होना था लेकिन लाइव नहीं हुआ.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, तनाव के बीच चीनी स्मार्टफ़ोन कंपनी ओपो ने लाइव ऑनलाइन लॉन्च रद्द किया

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार चीनी मोबाइल कंपनी ओपो ने बुधवार को भारत में ऑनलाइन लाइन लॉन्चिंग कार्यक्रम रद्द कर दिया. चीन और भारत के बीच सीमा पर तनाव के बीच यह हुआ है. दोनों देशों में सरहद पर तनाव के कारण भारत में सोशल मीडिया पर चीनी उत्पाद के बहिष्कार की भी मांग हो रही है.

    सोमवार की रात पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में चीन और भारत की सेना के बीच झड़प हुई थी. इसमें भारत के 20 सैनिकों की मौत हो गई थी. दोनों देशों के बीच सीमा पर 1967 के बाद इस स्तर की यह पहली झड़प थी. भारत में चीनी निवेशकों को लेकर पहले से ही संदेह बढ़ रहा था. कोरोना वायरस के कारण पहले से ही कई तरह के सवाल उठाए जा रहे थे. भारत ने चीन से आने वाले निवेश का ऑटोमैटिक रूट भी बंद कर दिया था.

    चीनी कंपनी ग्रेट वॉल, SAIC और बाइटडांस ने भारत में बड़े स्तर पर निवेश किए हैं. अलीबाबा ने भी कई स्टार्टअप शुरू किए हैं. चीनी स्मार्टफ़ोन ओपो, श्याओमी जैसे ब्रैंड्स भारत में हर दस में से आठ बिकने वाले स्मार्टफ़ोन हैं. ओपो का भारत में एक फ़ोन-असेंबली प्लांट भी है. ओपो ने पहले से ही घोषणा कर रखी थी कि वो बुधवार को नए X2 स्मार्टफ़ोन को लॉन्च करेगा. चार बजे शाम में यूट्यूब का लिंक लाइव होना था लेकिन लाइव नहीं हुआ.

    कंपनी ने फ़ोन लॉन्च करने बजाय 20 मिनट का एक वीडियो अपलोड कर दिया जिसमें बताया गया है कि ओपो भारत को कैसे कोरोना वायरस की लड़ाई में मदद कर रहा है. लाइव लॉन्च प्रोग्राम को रद्द करने को लेकर रॉयटर्स ने पूछा तो ओपो की तरफ़ से कोई जवाब नहीं आया.

    लेकिन कहा जा रहा है कि तनाव के माहौल में सोशल मीडिया पर कंपनी निशाने पर आ जाती इसलिए इसे टाल दिया गया. रॉयटर्स से लॉ फर्म फ़ोनिक्स के सह-संस्थापक अभिषेक सक्सेना ने कहा कि भारत की वर्तमान सरकार चीन से आने वाले नए प्रपोजल को मंज़ूरी देने की बिल्कुल जल्दी में नहीं है.

  2. ओडिशा के दो सिपाहियों के परिवार को मिलेंगे 25-25 लाख: नवीन पटनायक

    ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घोषणा की है कि भारत-चीन सीमा पर हुई झड़प में मारे गए ओडिशा के दो सिपाहियों के परिवार को 25-25 लाख रुपए दिए जाएंगे.

    स्थानीय पत्रकार सुब्रत कुमार पति ने बताया कि मुख्यमंत्री ने जवानों की बहादुरी की तारीफ़ करते हुए कहा कि उन्होंने अपने देश के लिए क़ुर्बानी दी है.

    मयूरभंज के नायब सूबेदार नुदुराम सोरेन और कंधमाल के सिपाही चंद्रकांत प्रधान लद्दाख में भारत-चीन सीमा पर दोनों देशों की सेनाओं के बीच हुई हिंसक झड़प में मारे गए हैं.

  3. सीमा मामलों की देखरेख के लिए अलग मंत्रालय की ज़रूरत

    इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के सेवानिवृत्त डीआईजी जेवीएस चौधरी का कहना है कि भारत की तमाम सीमा से जुड़े मामलों की देखरेख के लिए एक अलग मंत्रालय की ज़रूरत है.

    बीबीसी संवाददाता जुगल पुरोहित से ख़ास बातचीत में उन्होंने कहा कि गृहमंत्रालय को बहुत सारी चीज़ों का ध्यान रखना पड़ता है और इसलिए वो इस मामले में न्याय नहीं कर सकता है.

    भारत-चीन सीमा पर हुई हिंसक झड़प के बारे में उन्होंने कहा कि लाइन ऑफ़ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी) पर दो बॉर्डर पोस्ट के बीच क़रीब 20 किलोमीटर का फ़ासला होता है जबकि पहाड़ों और जंगलों में कई बार कुछ मीटर की दूरी पर भी एक दूसरे को देखना मुश्किल होता है.

    उन्होंने कहा कि एलएसी की ठीक तरह से निगरानी रखने के लिए अभी की तुलना में तीन गुना सैनिकों की ज़रूरत है.

    उन्होंंने कहा कि मौजूदा बजट में आधुनिक हथियार और दूसरे साज़-अो-सामान का मिलना असंभव है.

    उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के जवानों को हल्के हथियार और ऊंचाई पर तैनाती के हिसाब से कपड़े और खाने-पीने की चिज़ें मुहैया कराई जानी चाहिए.

    उनके अनुसार सबके लिए एक ही तरह का रवैया सही नहीं है.

    चीन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वो अपनी ज़रूरत और उस जगह के अनुसार अपनी तैयारी करते हैं.

    उन्होंने कहा कि चीन के सैनिक जितनी आसानी के साथ एक से दूसरी जगह जा सकते हैं और उनकी तैनाती हो सकती है, भारतीय सैनिकों के पास वो सब कुछ नहीं है.

    उन्होंने कहा कि सेना चाहती है कि आईटीबीपी उसके अंदर काम करे लेकिन ऐसा नहीं है और ऐसा होना भी नहीं चाहिए.

    उन्होंने कहा कि सेना का ऐसा सोचना ग़लत है और इस तरह की कोशिश को रोका जाना चाहिए.

  4. भारत-चीन सीमा विवाद: डंडों और पत्थरों से संघर्ष के बाद असाधारण तनाव

  5. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर'

    बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर' सुनिए सर्वप्रिया सांगवान से.

  6. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर'

    बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर' सुनिए सर्वप्रिया सांगवान से.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, विदेश मंत्रियों की बातचीत में शांति स्थापित करने पर ज़ोर

    भारत-चीन के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प के बाद मौजूदा तनाव की स्थिति के बीच भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से बुधवार को फ़ोन पर बातचीत की है.

    भारत सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारत ने सोमवार की रात हुई हिंसा की घटना को लेकर विरोध जताते हुए कहा कि यह घटना चीन के उकसावे और पहले से सोची समझी रणनीति के तहत हुई है, जिसके चलते हिंसा हुई और भारतीय सैनिकों की मौत हुई है.

    वहीं चीन के विदेश मंत्री ने इस पूरे मामले पर चीन का पक्ष रखा है. दोनों नेताओं ने बातचीत में ज़ोर देते हुए कहा कि भारत और चीन को नरेंद्र मोदी- शी जिनपिंग में बनी सहमति का पालन करना चाहिए. बयान में कहा गया है कि दोनों पक्षों ने गलवान घाटी में हुए हिंसक झड़प के बाद उत्पन्न हालात से ठीक से निपटने पर सहमति जताई है.

    दोनों देश इस बात पर तैयार हैं कि सैन्य स्तर की बातचीत में बनी सहमति के मुताबिक ही अब क़दम उठाए जाएंगे. दोनों पक्षों ने सीमा पर शांति बनाए रखने पर सहमति जताई और किसी भी तरफ़ से आक्रामक क़दम उठाए जाने से इनकार किया है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, राहुल गांधी ने राजनाथ सिंह से पूछे पाँच सवाल

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट पर राजनाथ सिंह के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए पाँच सवाल पूछे हैं.

    उन्होंने पूछा है-

    1. आपने अपने ट्वीट में चीन का नाम नहीं लिख कर भारतीय सेना का अपमान क्यों किया?

    2. श्रदांजलि देने में दो दिन क्यों लगे?

    3. जब सैनिक मर रहे थे तब आप रैली को क्यों संबोधित कर रहे थे?

    4. आप छुप क्यों रहे हैं और अपने 'क्रोनी' मीडिया से सेना को क्यों बदनाम करवा रहे हैं?

    5. बिकी हुई मीडिया से भारत सरकार के बजाए सेना को क्यों बदनाम करवा रहे हैं?

  9. ममता ने की सरकारी नौकरी देने की घोषणा

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारत-चीन सीमा पर मारे गए दो जवानों में प्रत्येक परिवार को पांच-पांच लाख रूपये मुआवजे और परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत-चीन के विदेश मंत्रियों ने की फ़ोन पर बात

    भारत चीन सीमा पर मौजूदा विवाद के बाद भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ टेलिफ़ोन पर बातचीत की है.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, सोनिया गांधी ने दिया पीएम को साथ देने का भरोसा

    कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भारत-चीन सीमा पर मारे गए सैनिकों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार को पूर्ण सहयोग देगी. लेकिन उन्होंने भारत सरकार से कुछ सवाल भी पूछे हैं. उन्होंने सवाल किया है-

    1. चीन ने हमारे सरज़मीं पर क़ब्ज़ा कैसे किया?

    2. 20 सैनिकों की शहादत क्यों हुई?

    3. मौक़े पर आज की स्थिति क्या है?

    4. क्या हमारे और सैन्य अधिकारी-सैनिक लापता हैं?

    5. हमारे कितने सैन्य अधिकारी- सैनिक गंभीर रूप से घायल हैं?

    6. चीन ने हमारे कितने हिस्से और कहां-कहां क़ब्ज़ा कर रखा है?

    7. इस पूरी स्थिति से निपटने के लिए भारत सरकार की सोच क्या है?

    सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि वे तथ्यों के साथ देश के सामने आकर मौजूदा स्थिति में भरोसा दिलाएं.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों के साथ रखा दो मिनट का मौन

    भारत-चीन सीमा के गलवान वैली में मारे गए सैनिकों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और 15 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने दो मिनट का मौन रखा.

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत शांति चाहता है लेकिन...- पीएम मोदी

    भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-चीन सीमा पर मारे गए सैनिकों के बारे में कहा है कि जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी. उन्होंने कहा कि भारत शांति चाहता है लेकिन उकसाने पर जवाबी कार्रवाई करने में सक्षम है.

  14. भारतीय सेना ने मारे गए अधिकारी-जवानों के नाम जारी किए

    भारतीय सेना ने भारत-चीन सीमा पर तैनात 20 अधिकारियों-सैनिकों के नाम जारी कर दिए हैं. इसमें बिहार के पांच जवान शामिल हैं.

    इस हिंसक झड़प में भारत के जो सैनिक मारे गए हैं, उनके नाम और रैंक इस तरह से हैं-

  15. प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को बुलाई सर्वदलीय बैठक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यालय से बताया गया है कि भारत-चीन सीमा की स्थिति पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री ने 19 जून को शाम पाँच बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख वीडियो कॉन्फ़्रेंस के ज़रिए हिस्सा लेंगे.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत-चीन तनाव: चीन ने कहा - हम ज़िम्मेदार नहीं, भारतीय सैनिकों ने प्रोटोकॉल तोड़ा

    चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि गलवान घाटी में हुई घटना के लिए उन्हें ज़िम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता.

    चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने कहा," इसमें सही और ग़लत बिल्कुल साफ़ है. ये घटना एलएसी के चीन के तरफ़ वाले क्षेत्र में हुई और इसके लिए चीन को ज़िम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता."

    ”गलवान घाटी की संप्रभुता हमेशा से चीन के पास रही है. भारतीय सैनिकों ने बॉर्डर प्रोटोकॉल और हमारे कमांडर स्तर की बातचीत में हुई सहमति का गंभीर उल्लंघन किया .“

    प्रवक्ता ने साथ ही कहा कि चीन अब और संघर्ष नहीं चाहता.

    उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और सैनिक स्तरों पर बातचीत चल रही है.

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, सैनिकों की मौत पर बोले राजनाथ सिंह

    केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत चीन सीमा पर मारे गए सैनिकों की बहादुरी और बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा. राष्ट्र सैनिकों के परिवार वालों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है.

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, राजनाथ सिंह की बैठक

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टॉफ़ बिपिन रावत के अलावा तीनों सेना के प्रमुखों के साथ बैठक की है. भारत चीन सीमा पर हुई हिंसा के बाद की स्थितियों को लेकर राजनाथ सिंह ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी बात की है.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, ब्रिटिश उच्चायोग ने कहा बातचीत करें दोनों देश

    ब्रिटिश उच्चायोग के प्रवक्ता ने भारत-चीन सीमा पर विवाद के बीच बयान दिया है कि दोनों देशों को बातचीत करनी चाहिए क्योंकि सीमा पर हिंसा किसी के हित में नहीं है.

  20. ब्रेकिंग न्यूज़, शिव सेना ने पूछा पीएम से सवाल

    शिव सेना के सांसद संजय राउत ने कहा है कि सीमा पर जो कुछ हुआ है उसके लिए आप जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी या फिर राहुल गांधी को ज़िम्मेदार नहीं ठहरा सकते हैं. हम सब 20 सैनिकों की मौत के ज़िम्मेदार हैं. प्रधानमंत्री जो भी फ़ैसला लेंगे सभी पार्टियों को उनका साथ देना चाहिए लेकिन उससे पहले उन्हें यह तो बताना चाहिए कि क्या ग़लत हुआ है.