You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना अपडेटः दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद 30 जून तक आम लोगों के लिए बंद की गई

दुनिया भर में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 73 लाख से अधिक हो गए हैं. कोविड-19 के कारण अब तक 4 लाख 15 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.

लाइव कवरेज

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स को संबोधन

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (ICC) के 95वें वार्षिक सत्र के उद्घाटन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया.

    इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स 95वां साल पूरा होने पर वार्षिक सत्र का आयोजन कर रहा है.

    • 95 वर्ष से निरंतर देश की सेवा करना, किसी भी संस्था या संगठन के लिए अपने आप में बहुत बड़ी बात होती है. आईसीसी ने पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के विकास में जो योगदान दिया है, विशेषकर वहां की मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट्स को, वो भी ऐतिहासिक है.
    • आईसीसी ने 1925 में अपने गठन के बाद से आज़ादी की लड़ाई को देखा है, भीषण अकाल और अन्न संकटों को देखा है और भारत की ग्रोथ ट्रैजेक्टरी का भी आप हिस्सा रहे हैं. अब इस बार की ये एजीएम एक ऐसे समय में हो रही है, जब हमारा देश कई चुनौतियों को चुनौती दे रहा है.
    • कोरोना वायरस से पूरी दुनिया लड़ रही है, भारत भी लड़ रहा है लेकिन अन्य तरह के संकट भी निरंतर खड़े हो रहे हैं. कहीं बाढ़ की चुनौती, कहीं लॉकस्ट, ‘पोंगोपाल’ का कहर, कहीं ओलावृष्टि, कहीं असम ऑयल फील्ड में आग, कहीं छोटे-छोटे भूकंप.
    • कभी-कभी समय भी हमें परखता है, हमारी परीक्षा लेता है. कई बार अनेक कठिनाइयां, अनेक कसौटियां एक साथ आती हैं. लेकिन हमने ये भी अनुभव किया है कि इस तरह की कसौटी में हमारा कृतित्व, उज्ज्वल भविष्य की गारंटी भी लेकर आता है.
    • हमारे यहां कहा जाता है- मन के हारे हार, मन के जीते जीत, यानी हमारी संकल्पशक्ति, हमारी इच्छाशक्ति ही हमारा आगे का मार्ग तय करती है. जो पहले ही हार मान लेता है उसके सामने नए अवसर कम ही आते हैं.
    • ये हमारी एकजुटता, ये एक साथ मिलकर बड़ी से बड़ी आपदा का सामना करना, ये हमारी संकल्पशक्ति, ये हमारी इच्छाशक्ति, हमारी बहुत बड़ी ताक़त है, एक राष्ट्र के रूप में हमारी बहुत बड़ी ताकत है. मुसीबत की दवाई मजबूती है.
    • यही भावना मैं आज आपके चेहरे पर देख सकता हूं, करोड़ों देशवासियों के प्रयासों में देख सकता हूं. कोरोना का संकट पूरी दुनिया में बना हुआ है. पूरी दुनिया इससे लड़ रही है. कॉरोना वॉरियर्स के साथ हमारा देश इससे लड़ रहा है.
    • लेकिन इन सबके बीच हर देशवासी अब इस संकल्प से भी भरा हुआ है कि इस आपदा को अवसर में परिवर्तित करना है, इसे हमें देश का बहुत बड़ा टर्निंग प्वॉयंट भी बनाना है. ये टर्निंग प्वॉयंट क्या है.
    • हर वो चीज, जिसे इम्पोर्ट करने के लिए देश मजबूर हैं, वो भारत में ही कैसे बने, भविष्य में उन्हीं प्रोडक्ट्स का भारत एक्सपोर्टर कैसे बने, इस दिशा में हमें और तेजी से काम करना है.
    • आत्म निर्भर भारत, आत्मनिर्भरता का का ये भाव बरसों से हर भारतीय ने एक सपने की तरह जिया है. लेकिन फिर भी एक बड़ा काश, एक बड़ा काश, हर भारतीय के मन में रहा है, मस्तिष्क में रहा है.
    • एक बहुत बड़ी वजह रही है कि बीते 5-6 वर्षों में, देश की नीति और रीति में भारत की आत्मनिर्भरता का लक्ष्य सर्वोपरि रहा है. अब कोरोना क्राइसिस ने हमें इसकी गति और तेज करने का सबक दिया है. इसी सबक से निकला है- आत्मनिर्भर भारत अभियान.
    • हम इन छोटे-छोटे व्यापार करने वाले लोगों से केवल चीज ही नहीं खरीदते, पैसे ही नहीं देते, उनके परिश्रम को पुरुस्कृत करते हैं, मान-सम्मान बढ़ाते हैं. हमें इस बात का अंदाजा भी नहीं होता कि इससे उनके दिल पर कितना प्रभाव पड़ता है, वो कितना गर्व महसूस करते हैं.
    • किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए जो निर्णय हाल में हुए हैं, उन्होंने एग्रीकल्चर इकोनॉमी को बरसों की गुलामी से मुक्त कर दिया है. अब भारत के किसानों को अपने उत्पाद, अपनी उपज देश में कहीं पर भी बेचने की आज़ादी मिल गई है.
    • स्थानीय उत्पादों के लिए जिस क्लस्टर बेस्ड अप्रोच को अब भारत में बढ़ावा दिया जा रहा है, उसमें भी सभी के लिए अवसर ही अवसर है. जिन जिलों, जिन ब्लॉक्स में जो पैदा होता है, वहीं आसपास इनसे जुड़े क्लस्टर विकसित किए जाएंगे.
    • इसके साथ ही बांस और ऑर्गेनिक प्रोडक्टस के लिए भी क्लस्टर्स बनेंगे. सिक्किम की तरह पूरा नॉर्थ ईस्ट, ऑर्गैनिक खेती के लिए बहुत बड़ा हब बन सकता है. ऑर्गैनिक कैपिटल बन सकता है. आप सभी नॉर्थ ईस्ट, पूर्वी भारत में इतने दशकों से काम कर रहे हैं.
    • सरकार ने जो तमाम कदम उठाए हैं, इनका बहुत बड़ा लाभ पूर्व और पूर्वोत्तर के लोगों को होगा. मैं समझता हूं कि कोलकाता भी खुद फिर से एक बहुत बड़ा लीडर बन सकता है. उत्पादन के क्षेत्र में बंगाल की ऐतिहासिक श्रेष्ठता को हमें पुनर्जीवित करना होगा.
    • हम हमेशा सुनते आए हैं कि बंगाल जो आज सोचता है, भारत वो कल सोचता है. हमें इससे प्रेरणा लेते हुए हमें आगे बढ़ना होगा. आम लोग, पृथ्वी और प्रोफिट एक दूसरे से जुड़े हुए हैं. ये तीनों एक साथ फल-फूल कर सकते हैं, सह-अस्तित्व में रह सकते हैं.
    • मैं आपको कुछ उदाहरण देकर समझाता हूं. जैसे एलईडी बल्ब. 5-6 वर्ष पहले एक एलईडी बल्ब साढ़े तीन सौ रुपए से भी ज्यादा में मिलता था. आज प्रतिवर्ष देशवासियों के करीब-करीब 19 हजार करोड़ रुपये बिजली के बिल में, एलईडी की वजह से बच रहे हैं. ये बचत गरीब को हुई है, ये बचत देश के मध्यम वर्ग को हुई है.
  2. भारतः 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 9996 नए मामले और 357 लोगों की मौत

    भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 9996 नए मामले दर्ज किए गए हैं. किसी एक दिन में रिकॉर्ड किए जाने वाले संक्रमण के मामलों की संख्या के लिहाज से ये अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है.

    इतना ही नहीं कोविड-19 की महामारी के कारण देश में पिछले 24 घंटों में 357 लोगों की मौत भी हुई है.

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक़ देश में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 286,579 हो गई है जबकि अब तक इस महामारी के कारण 8102 लोगों की मौत भी हो चुकी है.

    संक्रमण के कुल मामलों में 137,448 ऐसे हैं जो सक्रिय हैं और 141,029 लोग ठीक हो चुके हैं. महाराष्ट्र भारत के सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्यों में सबसे ऊपर बना हुआ है. वहां 94,041 मामले अब तक दर्ज किए गए हैं.

    इसके बाद तमिलनाडु की स्थिति सबसे चिंताजनक है, जहां 36,841 मामले हैं. वहीं 32,810 मामलों के साथ दिल्ली तीसरे स्थान पर है.

  3. भारत में ठीक होने वाले लोगों की संख्या संक्रमितों से ज़्यादा हुई

    भारत में पहली बार संक्रमण के बाद ठीक होने वाले लोगों की संख्या संक्रमण के सक्रिय मामलों से ज़्यादा हो गई है.

    बुधवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 135,205 लोग संक्रमण के बाद ठीक हुए हैं जबकि फिलहाल कोरोना संक्रमण के 133,632 मामले सक्रिय हैं.

    हालांकि हाल के हफ़्तों में देश में कोरोना संक्रमण के मामले तेज़ी से बढ़े हैं.

    जानकार इस बात पर चिंता जता रहे हैं कि भारत में जिस तरह से लॉकडाउन में छूट दी जा रही है, उससे संक्रमण के हालात बिगड़ सकते हैं.

    दिल्ली और मुंबई जैसे शहर देश में संक्रमण के हॉटस्पॉट बनकर उभरे हैं. दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 30 हज़ार तो मुंबई में 50 हज़ार हो गई है.

    दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पहले ही चेतावनी दे रखी है कि जुलाई के आख़िर तक राजधानी दिल्ली में पांच लाख से अधिक संक्रमित हो सकते हैं.

    भारत में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या पौने तीन लाख से ज़्यादा हो गई है जबकि तकरीबन साढ़े सात हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है.

  4. अमरीका में कोरोना संक्रमण के मामले 20 लाख के पार

    अमरीका में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 20 लाख के ऊपर पहुंच गए हैं. बुधवार को अमरीका में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 2,000,464 हो गए.

    जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक अमरीका में अब तक कुल 112,924 लोगों की मौत कोरोना संक्रमण की वजह से हुई है.

    दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के मामलों में अमरीका सबसे आगे हैं. दूसरे स्थान पर ब्राज़ील है जहां अब तक कोरोना संक्रमण के कुल मामले 7.72 लाख से अधिक हैं.

    अमरीका रोज़ाना करीब पांच लाख टेस्ट कर रहा है.

  5. पीएम मोदी 11 बजे उद्योग जगत को करेंगे संबोधित

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (ICC) के 95वें वार्षिक सत्र के उद्घाटन सत्र को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करेंगे.

    प्रधानमंत्री मोदी का ये संबोधन सुबह 11 बजे होगा. इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स 95वां साल पूरा होने पर वार्षिक सत्र का आयोजन कर रहा है.

    इसके पहले प्रधानमंत्री मोदी दो जून को कॉनफेडेरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) की सालाना आम बैठक में भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए थे.

    सीआईआई की बैठक में उन्होंने कहा था कि दुनिया एक भरोसेमंद पार्टनर की तलाश में है और भारतीय इंडस्ट्रीज़ को उस भरोसे का फायदा उठाना चाहिए जो बीते कुछ सालों में बना है.

  6. सार्स, मर्स, इबोला, एविएन इंफ़्लूएंजा, स्वाइन फ़्लू और अब कोविड-19, ये कोई आख़िरी महामारी नहीं है

    वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इंसानों ने वन्य जीवन से बीमारियों के इंसानों के बीच पहुंचकर सारी दुनिया में फैलने के लिए एक बेहतरीन स्थिति पैदा कर दी है.

    प्राकृतिक दुनिया में इंसानों के अतिक्रमण ने इस स्थिति को और भी बेहतर बना दिया है.

    ये बात वैश्विक स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कही है जो नई बीमारियों के फैलने की प्रक्रिया और स्थान का अध्ययन करते हैं.

    इस प्रक्रिया में विशेषज्ञों ने एक पैटर्न रिक्गनिशन सिस्टम विकसित किया है जो कि ये बताने में सक्षम है कि वन्य जीवों से जुड़ी कौन सी बीमारी इंसानों के लिए कितनी ख़तरनाक साबित हो सकती है.

    यूनिवर्सिटी ऑफ़ लिवरपूल के वैज्ञानिकों को नेतृत्व में जारी इस वैश्विक प्रयास के तहत उन रास्तों को विकसित किया जा रहा है जिनके ज़रिये भविष्य की महामारियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हुआ जा सके.

  7. कोरोना वायरसः उन दोस्तों का क्या करें जो सोशल डिस्टेंसिंग नहीं मानते?

    मैड्रिड में छह हफ्ते के लॉकडाउन के बाद जब अधिकतम 10 दोस्तों को मिलने की अनुमति दी गई तो कुछ लोग फौरन अपने पसंदीदा बीयर बार में इकट्ठा होने लगे या अपने घर पर डिनर पार्टी रख ली.

    लेकिन दूसरे लोग इस उलझन में थे कि कैसे मिलना-जुलना है. कुछ लोगों ने यह भी महसूस किया कि उनकी जान-पहचान के लोगों का रवैया बदला-बदला सा है.

    मैड्रिड में रहने वाली प्रोजेक्ट मैनजर एंबर ने वीकेंड में अपने एक दोस्त के घर पर दोस्तों की बड़ी बैठक करनी चाही तो कई लोग तनाव में आ गए.

    उनके अधिकतर दोस्त 30 से 40 साल के बीच के हैं. वे घबरा गए कि उनके समूह का एक सदस्य कैसे वायरस के साथ इतना जोखिम उठा रहा है.

    एंबर कहती हैं, "यह संक्रमण का समय है और निश्चित रूप से लोग एक-दूसरे को थोड़े संदेह के साथ देख रहे हैं."

  8. कोरोना वायरसः ईरान महामारी की सेकेंड वेव की चपेट में?

    जब कोरोना वायरस चीन से बाहर निकलकर पूरी दुनिया में फैलने लगा तो सबसे पहले ईरान महामारी का केंद्र बना था.

    अब, ऐसे सबूत सामने आ रहे हैं जिनसे पता चलता है कि आठ करोड़ से ज़्यादा की आबादी वाले इस देश में संक्रमण की दूसरी वेव आ चुकी है.

    संक्रमितों की संख्या फिर से बढ़ रही है, मगर नए सिरे से लॉकडाउन नहीं लगाया गया है.

    देखिए बीबीसी संवाददाता राणा रहीमपोर की रिपोर्ट.

  9. कोरोना संकटः ब्रिटेन में ज़रूरतमंदों का सहारा बना गुरुद्वारा

    ब्रिटेन में 15 जून से धार्मिक स्थानों के दरवाज़े खुल जाएंगे. हालांकि लोग समूह में नहीं जा पाएंगे. इसकी इजाज़त बाद में दी जाएगी.

    इस बीच, लॉकडाउन के दौरान ब्रिटेन का एक गुरुद्वारा चर्चा में है. ये रोज़ हज़ारों लोगों का पेट भर रहा है.

    गुरुद्वारे की रसोई में बन रहा खाना स्वास्थ्यकर्मियों से लेकर ज़रूरतमंदों तक को पहुंचाया जा रहा है. देखिए ये रिपोर्ट.

  10. बीते 24 घंटे के महत्वपूर्ण अपडेट

    कहां बढ़े कितने मामले

    • दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 73 लाख से अधिक हो गए हैं. कोविड19 से अभी तक चार लाख 15 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.
    • अमरीका दुनिया की सबसे अधिक प्रभावित देश है. अमरीका में संक्रमण के मामले लगभग 20 लाख हो गए हैं और कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 1 लाख 12 हज़ार से अधिक है.
    • ब्राज़ील दुनिया का दूसरा सबसे अधिक प्रभावित देश है. ब्राज़ील में कोरोना वायरस संक्रमण के 7 लाख 72 हज़ार से अधिक मामले हैं. ब्राज़ील में कोविड19 से मरने वालों की संख्या लगभग 40 हज़ार हो चुकी है.
    • रूस संक्रमण के लिहाज़ से तीसरा सबसे अधिक प्रभावित देश है. चौथे स्थान पर ब्रिटेन है और पांचवे स्थान पर भारत है. भारत में संक्रमण के दो लाख 76 हज़ार से अधिक मामले हैं.

    दक्षिण कोरिया में फिर बढ़ रहे हैं संक्रमण के मामले

    दक्षिण कोरिया में बुधवार को संक्रमण के 50 नए मामले सामने आए. इससे पहले बीते दो दिनों में संक्रमण के 40 से भी कम मामले आए थे. इनमें से कुछ मामले लोकल ट्रंसमिशन के भी है. दक्षिण कोरिया में संक्रमण के क़रीब 12 हज़ार मामले हैं और अब तक यहां 276 लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है.

    श्रीलंका में एक बार फिट टले आम चुनाव

    श्रीलंका में अब आम चुनाव पांच अगस्त को होंगे. बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग ने इस बात की जानकारी दी. चुनाव आयोग ने हा कि स्वास्थ्य अधिकारियों से सहमति मिलने के बाद यह तारीख तय की गई है.

    श्रीलंका में लॉकडाउन बहुत जल्दी ही हटा लिया गया था. हालांकि रात में यहां अब भी कर्फ्यू है. स्कूल इस महीने के बाद खुल जाएंगे और विदेशी पर्यटक एक अगस्त से श्रीलंका आ सकेंगे.

    हर बार जितना भव्य नहीं होगा ओलंपिक गेम्स

    टोक्यो 2020 के सीईओ तोशिरो मतो ने कहा है कि इस बार का ओलंपिक गेम्स बहुत भव्य नहीं होगा. उन्होंने कहा कि इस बार यह साधारण ही होगा.

    ओलंपिक गेम्स जुलाई में होना तय था लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण इन्हें टालना पड़ा.

    अफ्रीका में कोरोना वायरस के दो लाख मामले

    सेंटर फॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रीवेंशन (अफ्रीका सीडीसी) के मुताबिक़, अफ्रीका में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर दो लाख से अधिक हो गए हैं. महाद्वीप के 54 देशों में अब तक कोविड19 से पांच हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.

    इटली के प्रधानमंत्री से होगी पूछताछ

    इटली के प्रधानमंत्री ज्यूसेप कोंटे ने बताया है कि अभियोजन पक्ष शुक्रवार को उनसे पूछताछ करेगा. यह पूछताछ उत्तरी इटली के शहर बरगैमो में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति को संभालने के संदर्भ में होगी. इटली का ये हिस्सा सबसे अधिक प्रभावित इलाक़ों में से है.

    उन्होंने कहा, “मैं बिल्कुल भी परेशान नहीं हूं. हम शुक्रवार को बात करेंगे और मैं उन्हें वो हर जानकारी दे दूंगा जो मेरे पास है.”

    फ्रांस में मरने वालों की संख्या घटी लेकिन संक्रमण के मामले बढ़े

    फ्रांस में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं लेकिन राहत की बात यह है कि यहां मरने वालों की संख्या एक दिन पहले हुई मौतों की तुलना में एक-तिहाई ही है. फ्रांस में संक्रमण के एक लाख 92 हज़ार से अधिक मामले हैं और मरने वालों की संख्या 29 हज़ार से अधिक है.

  11. अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शुरू करेंगे चुनावी रैली

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे कम से कम चार राज्यों में चुनावी रैली करेंगे. कोविड19 के कारण बीते तीन महीनों से चुनावी रैलियां स्थगित कर दी गई थीं.

    ह्वाइट हाउस में पत्रकारों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि वो अपनी रैली ओकाहोमा, फ़्लोरिडा, एरिज़ोना और उत्तरी कैरोलीना से शुरू करेंगे.

    उन्होंने कहा कि संभवत: सबसे पहले वो ओकाहोमा में टस्ला से रैली का आगाज़ करेंगे. यह रैली अगले शुक्रवार को होगी.

    हालांकि उन्होंने इस बारे में कुछ भी नहीं बताया कि इन आयोजनों के दौरान कोविड19 के संक्रमण को और बढ़ने से रोकने और ख़तरे को कम करने के लिए वे किस तरह की एहतियात करेंगे.

    ट्रंप का मुक़ाबला डेमोक्रेट नेता जो बिडेन से है. अमरीका में इसी साल नवंबर महीने में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने वाले हैं.

  12. कोरोना वायरस महामारी को संभालने के लिए जर्मनी की रणनीति से सबक

    ब्रिटेन में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 2 लाख 91 हज़ार से अधिक हो गए हैं. ब्रिटेन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 41 हज़ार से अधिक है.

    कोरोना वायरस महामारी पर सरकार की ओर से होने वाली दैनिक प्रेस ब्रीफ़िंग में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन समेत सरकार के प्रमुख स्वास्थ्य सलाहकार क्रिस विटी और प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार सर पैट्रिक भी मौजूद थे.

    प्रेस ब्रीफिंग में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि सरकार ने लॉकडाउन में ढील देने के लिए पांच तरह के टेस्ट किये थे और ब्रिटेन उसमें पास हुआ.

    शनिवार से इंग्लैंड में रहने कुछ ऐसे लोग जो अकेले रहते हैं वे दूसरों से संपर्क कर सकेंगे. इंग्लैंड में चिड़ियाघर को भी कुछ शर्तों के साथ खोले जाने के लिए मंज़ूरी दे दी गई है.

    दो मीटर की सोशल डिस्टेंसिंग पर पीएम ने कहा कि इसमें ढील दिए जाने से पहले ज़रूरी है कि संक्रमण संतुलित हो जाए.

    क्रिस विटी ने कहा कि यह बेहद ज़रूरी है कि हम शुरुआती वक़्त से सबक लें. शुरुआती समय में ही टेस्टिंग और तेज़ी के साथ हो सकती थी.

    प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान जब एक पत्रकार ने विटी से पूछा कि उनका सबसे बड़ा पछतावा क्या रहा महामारी को संभालने दौरान?

    तो उन्होंने जवाब दिया कि शुरुआती समय में ही टेस्टिंग को और तेज़ी के साथ किया जा सकता था, उसी वक़्त जब कोरोना वायरस महामारी शुरू हुई थी. उन्होंने इसके लिए जर्मनी में अपनायी गई रणनीति का उदाहरण दिया.

    चार अप्रैल तक जर्मनी में कोरोना वायरस टेस्ट के लिए 132 लैब का इस्तेमाल हो रहा था और हर रोज़ एक लाख 16 हज़ार से ज़्यादा टेस्ट किये जा रहे थे.

    उस वक़्त तक जर्मनी में 13 लाख से अधिक लोगों का टेस्ट किया जा चुका था.

    दस अप्रैल तक ब्रिटेन में सिर्फ़ 316,836 टेस्ट हुए थे और उस महीने के अंत तक भी ब्रिटेन हर रोज़ एक लाख टेस्ट के अपने लक्ष्य को पूरा नहीं कर सका था.

  13. कोरोना वायरस पर मौसम के प्रभाव का संकेत नहीं - डब्ल्यूएचओ

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चेतावनी देते हुए कहा है कि इस बात के बेहद कम सुबूत हैं कि मौसम बदलने पर कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार पर असर पड़ेगा.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन के आपातकालीन कार्यक्रम के प्रमुख माइक रयान ने कहा, “हम इस उम्मीद पर फिलहाल भरोसा करके नहीं बैठ सकते हैं कि मौसम परिवर्तन या फिर तापमान बढ़ना इस वायरस का जवाब हो सकता है.”

    उन्होंने कहा, “फिलहाल हमारे पास इस बात का कोई ऐसा डेटा नहीं है जो यह बताए कि क्या मौसम बदलने से यह वायरस और ख़तरनाक हो जाएगा या और तेज़ी से फैलेगा या फिर ऐसा नहीं होगा.”

    महामारी के शुरुआती वक़्त में कुछ लोगों का ऐसा मानना था कि मौसम गर्म होने पर कोविड19 का प्रकोप कम हो जाए. लेकिन अब जिस तरह से वायरस व्यवहार कर रहा है यह विचार धुंधला पड़ता दिख रहा है.

    रयान ने वैश्विक स्तर पर पीपीई किट्स की कमी की भी बात की.

    उन्होंने कहा “कुछ देशों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति बेहद ख़राब है और वहां स्थिति चिंताजनक है.”

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, मुंबई ने वुहान को पीछे छोड़ा

    भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में कोरोना संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 51 हज़ार हो गए हैं. यह आंकड़े वुहान शहर के उस वक़्त के आंकड़ों से भी अधिक है जब वहां कोरोना वायरस का संक्रमण चरम पर था.

    चीन के वुहान शहर से ही कोरोना वायरस संक्रमण शुरू हुआ था.

    भारत में संक्रमण के कुल 2 लाख 76 हज़ार से अधिक मामले हैं और महाराष्ट्र देश का सबसे अधिक प्रभावित राज्य है. जहां संक्रमण के 90 हज़ार से अधिक केस हैं और मुंबई राज्य की राजधानी है.

    मुंबई के साथ ही देश की राजधानी दिल्ली में भी संक्रमण के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं.

    दिल्ली में सरकार की ओर से कहा गया है कि जुलाई के अंत तक राजधानी दिल्ली में संक्रमण के मामले पांच लाख तक पहुंच सकते हैं.

    भारत में लगभग तीन महीने के लिए लॉकडाउन था ताकि वायरस के प्रसार को बढ़ने से रोका जा सके लेकिन अब इसमें व्यापक ढील दे दी गई है.

    आठ जून से देश के कई राज्यों में शॉपिंग मॉल, पूजा-पाठ की जगहें और दफ़्तर खुल गए हैं. दुकानें, बाज़ार और यातायात सुविधाओं को कुछ शर्तों के साथ पहले ही खोल दिया गया था.

    विशेषज्ञों का मानना है कि जिस तरह से अब भारत में हर रोज मामले आ रहे हैं उससे अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण का उच्च बिंदु अभी आया नहीं है.

  15. दुनिया में अब तक क्या कुछ हुआ

    • फ़्रांस के वित्त मंत्री ने चेतावनी दी है कि आने वाले महीनों में फ़्रांस में आठ लाख लोगों की नौकरियां जा सकती हैं.
    • यूरोपीय यूनियन के शीर्ष अधिकारियों ने फ़ेसबुक, गूगल और ट्विटर जैसी टेक कंपनियों से कहा है कि वे कोरोना वायरस के बारे में सोशल मीडिया पर दी जा रही ग़लत ख़बरों पर रोक लगाने के लिए क़दम उठाएं.
    • विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पाकिस्तान को सलाह दी है कि वो चिन्हित क्षेत्रों में ‘रुक-रुककर लॉकडाउन’ लागू करे. ऐसा इसलिए कहा गया है कि क्योंकि संगठन का मानना है कि पाकिस्तान ने उसकी शर्तों के हिसाब से प्रतिबंध नहीं हटाए हैं.
    • दो और रोहिंग्या मुसलमानों की मौत के बाद बांग्लादेश स्थित रोहिंग्या शरणार्थी कैंप में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या अब तीन हो गई है.
    • अमरीका के कोरोना वायरस विशेषज्ञ और व्हाइट हाउस के सलाहकार डॉक्टर एंथनी फ़ाउची ने चेतावनी दी है कि अभी भी कोरोना महामारी ख़त्म नहीं हुई है.
    • विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की वैज्ञानिक ने साफ़ किया है कि बिना लक्षण वाले (एसिम्प्टोमैटिक) कोरोना वायरस संक्रमित लोगों से कितना संक्रमण फैला है, यह अभी भी 'साफ़ नहीं' है.डॉक्टर मारिया वेन केरखोव ने सोमवार को कहा कि यह 'बेहद कम' है कि एसिम्प्टोमैटिक लोग बीमारी को फैलाएं.
    • तुर्की के राष्ट्रपति रेजेप तैयप अर्दोआन ने कहा है कि तुर्की 65 साल से ऊपर के लोगों के लिए घर में रहने के आदेशों को हटा रहा है और नाबालिग़ों के लिए भी प्रतिबंधों में ढील दी गई है. 65 साल से ऊपर के लोग अब सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक घर से बाहर जा सकते हैं.
    • मेक्सिको के उप-स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि देश में अभी पीक आने में हफ़्तों हैं. मेक्सिको में अब तक 14,000 से अधिक लोगों की मौत हुई है और सरकार का अनुमान है कि अक्तूबर तक 35,000 मौतें होंगी.
  16. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.