चीन ने ऑस्ट्रेलिया में पढ़ रहे अपने यहाँ के छात्रों को यह कहते हुए ‘सावधानी बरतने’ की चेतावनी दी है कि उन्हें आने वाले दिनों में ‘नस्लवादी हमलों’ का सामना करना पड़ सकता है.
चीन के शिक्षा मंत्रालय ने इस संबंध में एक बयान जारी किया है. उन्होंने कहा है, “महामारी के दौरान, ऑस्ट्रेलिया में एशियाई मूल के लोगों के साथ भेदभाव के कई मामले सामने आये हैं. इन मामलों में एशियाई लोगों को जान-बूझकर निशाना बनाया गया. विश्व स्तर पर, कोविड-19 के प्रकोप को अब तक प्रभावी ढंग से नियंत्रित नहीं किया गया है. इसलिए यात्राएं करना और विश्वविद्यालय के खुले परिसरों में घूमना जोखिम भरा हो सकता है.”
लेकिन ऑस्ट्रेलिया के शिक्षा मंत्री डेन तेहान ने चीन के इस दावे को ग़लत बताया है.
उन्होंने कहा है कि उनके विश्वविद्यालय पूरी तरह सुरक्षित हैं. मंगलवार को उन्होंने कहा, “अंतरराष्ट्रीय स्टूडेंट्स में पढ़ाई के लिहाज़ से ऑस्ट्रेलिया एक लोकप्रिय जगह है क्योंकि हम सफलतापूर्वक ऐसा कर पाये हैं, हमारे यहाँ कई तरह की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र हैं जो वर्ल्ड क्लास शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं.”
“कोरोना को नियंत्रित करने में भी हम सफल रहे हैं. इसलिए हमारे विश्वविद्यालय पूरी तरह सुरक्षित हैं.”
वर्ष 2019 में ऑस्ट्रेलिया में पढ़ने वाले चीनी छात्रों की संख्या 20 लाख से अधिक थी.