कोरोना अपडेट: दिल्ली सरकार ने सर गंगाराम अस्पताल पर मामला दर्ज कराया

दिल्ली के अस्पतालों में मरीज़ों को बेड नहीं मिलने की ख़बरों के बाद मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए संबोधित किया है.

लाइव कवरेज

  1. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जारी की मास्क पहनने की नई गाइडलाइन

    कोरोना वायरस के दौर में मास्क लगाकर जाते हुए एक वृद्ध महिला एवं पुरुष

    इमेज स्रोत, Oli SCARFF / AFP

    इमेज कैप्शन, कोरोना वायरस के दौर में मास्क लगाकर जाते हुए एक वृद्ध महिला एवं पुरुष

    डेविड शकमेन

    साइंस एडिटर, बीबीसी न्यूज़

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मास्क पहनने से जुड़ी अपनी गाइडलाइन में एक बड़ा बदलाव किया है.

    बीते कई महीनों से विश्व स्वास्थ्य संगठन के विशेषज्ञ इस बात को लेकर पशोपेश में थे कि मास्क पहनने से जुड़ी गाइडलाइन जारी करके लोगों में एक झूठा भाव पैदा होगा कि मास्क उन्हें कोरोना वायरस से बचा लेगा जिससे स्वास्थ्यकर्मियों को मास्क जैसे ज़रूरी उपकरणों की कमी पड़ जाएगी.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन के विशेषज्ञों के बीच ये तर्क अभी भी बना हुआ है.

    लेकिन इसके बाद भी विश्व स्वास्थ्य संगठन ने ये स्वीकार किया है कि संक्रमण के जोख़िम से भरे कुछ नए सबूत सामने आए हैं.

    ये सबूत बताते हैं कि लोगों में लक्षण आने से ठीक पहले वे काफ़ी ज़्यादा संक्रमित हो सकते हैं और कुछ लोगों में संक्रमित होने के बाद भी लक्षण नहीं आते हैं.

    ऐसे में जहां एक दूसरे से पर्याप्त दूरी बनाना संभव न हो, जैसे कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट, बाज़ार और शरणार्थी शिविर आदि, वहां घर के बने मास्क को पहनने की सलाह दी गई है जिससे कि आप वायरस को आगे प्रसारित करने से बच सकें.

    साठ साल से अधिक की उम्र और को-मॉर्बिडिटी वाले लोगों को मेडिकल ग्रेड के मास्क पहनने चाहिए.

  2. कोरोना वायरस: ब्रिटेन में अब तक चालीस हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत

    ब्रिटेन में कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क लगाकर बस में सवारी करती हुई एक महिला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ब्रिटेन में कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क लगाकर बस में सवारी करती हुई एक महिला

    ब्रिटेन में कोरोना वायरस से संक्रमित होकर मरने वाले लोगों की संख्या चालीस हज़ार को पार कर गई है.

    ब्रिटेन दुनिया में वह दूसरा मुल्क है जहां इस वायरस की वजह से सबसे ज़्यादा मौते हुई हैं.

    ब्रिटेन से पहले सिर्फ अमरीका है जहां अब तक एक लाख से ज़्यादा लोगों की मौत इस वायरस की वजह से हो चुकी है.

    ब्रिटेन में वायरस के संक्रमण के मामले और मौतों की संख्या कम होती दिख रही है लेकिन ब्रिटेन के कुछ हिस्सों में संक्रमण की दर बढ़ती हुई नज़र आ रही है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने लॉकडाउन के नियमों में ढील दिए जाने के बाद लोगों से आग्रह किया है कि वे अपना बचाव रखना जारी रखें क्योंकि जब तक ये वायरस दुनिया में कहीं भी मौजूद है तब तक इस वायरस के संक्रमण की संभावना बनी हुई है.

  3. अमरीका में कोरोना वायरस संक्रमण के बीच विरोध विरोध प्रदर्शन जारी हैं

    इमेज स्रोत, Reuters

    बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का इस लाइव पेज में स्वागत है. हम यहाँ दिन भर कोरोना वायरस महामारी से जुड़े बड़े और ज़रूरी अपडेट्स देते रहेंगे. पिछले 24 घंटों के सभी अपडेट्स देखने के लिए यहाँ क्लिक करें.