पश्चिम बंगाल: मंत्री सुजित बसु और उनकी पत्नी कोरोना संक्रमित पाये गए
प्रभाकर मणि तिवारी
कोलकाता से, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
पश्चिम बंगाल में कोरोना के लगातार बढ़ते संक्रमण के बीच राज्य सरकार के एक मंत्री और उनकी पत्नी वायरस से संक्रमित पाये गए हैं.
कोई लक्षण ना होने की वजह से उन्हें होम क्वारंटीन में रखकर ही इलाज किया जा रहा है.
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया है कि ‘फ़ायर बिग्रेड मंत्री सुजित बसु और उनकी पत्नी की रिपोर्ट गुरुवार रात को पाज़ीटिव आई थी.’
राज्य में किसी मंत्री के कोरोना से संक्रमित होने का यह पहला मामला है. इससे सरकार और सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस की चिंता बढ़ गई है.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया, “मंत्री के घर पर काम करने वाली एक सहायिका की जाँच रिपोर्ट पाज़ीटिव आने के बाद मंत्री ने कोलकाता के एक निजी अस्पताल में अपना और पूरे परिवार के नमूनों की जाँच कराई थी. मंत्री के संपर्क में आने वाले तमाम लोगों की पहचान कर अब उन्हें भी होम क्वारंटीन में भेजा जा रहा है.”
- पश्चिम बंगाल में ख़ासकर बीते सप्ताह आये चक्रवाती तूफ़ान अंफान के बाद कोरोना के मरीज़ों की तादाद तेज़ी से बढ़ी है.
- राज्य में गुरुवार शाम तक, 24 घंटे के दौरान 344 नए मरीज़ सामने आये. यह अब तक का रिकार्ड है.
- स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में बताया गया है कि इस दौरान छह लोगों की मौत के साथ ही मरने वालों की तादाद बढ़कर 223 हो गई है.
- इस बीच गुरुवार से पश्चिम बंगाल में उड़ान सेवाएं भी शुरू हो गई हैं.
- दूसरी ओर, कोलकाता नगर निगम ने रेड जोन (सी कैटेगरी) में सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करते हुए तमाम दुकानें खोलने की अनुमति दे दी है.
- राज्य सरकार ने अपने अनुसार रेड जोन को ए, बी और सी इलाक़ों में बाँटा है.