कोरोना अपडेट: लॉकडाउन पीढ़ी पर 'दशकों तक रह सकता है असर'

अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन की चेतावनी, दशकों तक रहेगा युवाओं पर कोरोना का असर.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना लॉकडाउन में हो रहे हैं नए-नए आविष्कार

  2. घरेलू उड़ानों को शुरू करने के पीछे कंफ्यूजन क्यों?

  3. सिंगापुर में लोगों को मुफ़्त मास्क बाँट रही है सरकार

    Reuters

    इमेज स्रोत, Reuters

    सिंगापुर प्रशासन ने लोगों को मुफ़्त में मास्क बाँटने के लिए क़रीब 400 वेंडिंग मशीनें लगाई हैं जहाँ से लोग मास्क ले सकते हैं.

    ये तीसरी बार है जब स्थानीय प्रशासन ने कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए ऐसा क़दम उठाया है.

    शुरुआत में माना जा रहा था कि सिंगापुर ने बहुत अच्छे तरीक़े से संक्रमण को कंट्रोल कर लिया, लेकिन हालिया हफ़्तों में वहाँ संक्रमण के मामलें तेज़ी से सामने आये हैं.

    सिंगापुर में अब तक संक्रमण के 32 से अधिक केस दर्ज हो चुके हैं जो दक्षिण-पूर्व एशिया में सबसे अधिक हैं.

    Reuters

    इमेज स्रोत, Reuters

  4. यूपी, बिहार में इतनी देरी से क्यों पहुंच रही हैं श्रमिक स्पेशल ट्रेनें?

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में कोविड-19 से बीेते 24 घंटे में 170 लोगों की मौत, मामले डेढ़ लाख पार

    GOI

    इमेज स्रोत, GOI

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि बीते 24 घंटे में भारत में कोविड-19 के 6,387 नए मामले सामने आये हैं और 170 लोगों की इस संक्रमण से मौत हुई है.

    इन्हें मिलाकर, भारत में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 1 लाख 51 हज़ार 767 मामले दर्ज हो चुके हैं जिनमें 83 हज़ार से अधिक लोग फ़िलहाल एक्टिव हैं यानी उनमें अभी भी संक्रमण के लक्षण हैं.

    64 हज़ार से ज़्यादा लोग इस संक्रमण से उभर चुके हैं. उन्हें इलाज या आराम के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है.

    स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि भारत में अब तक कोविड-19 से 4337 लोगों की मौत हो चुकी है.

  6. ट्विटर ने पहली बार राष्ट्रपति ट्रंप के ट्वीट को 'ग़लत दावा' करार दिया

  7. कोविड-19 के अगले बड़े केंद्र लातिन अमरीका में कैसे हैं हालात

    Getty Images

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इक्वाडोर में सैकड़ों लोग सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं. ये लोग महामारी की वजह से नौकरियाँ जाने से नाराज़ हैं.

    दक्षिण अमरीका को कोरोना वायरस महामारी का नया केंद्र माना जा रहा है.

    ब्राज़ील के अलावा भी ये संक्रमण कई अन्य देशों में फैल रहा है और संक्रमित लोगों की संख्या बीते कुछ दिनों में तेज़ी से बढ़ी है.

    अमरीका ने कहा है कि ‘जो विदेशी शख़्स बीते 14 दिन में ब्राज़ील की सीमा में होकर आएगा, उसे अमरीका में दाख़िल नहीं होने दिया जाएगा.’

    ब्राज़ील दुनिया में दूसरे नंबर का देश बन गया है जहाँ कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या सबसे अधिक है.

    • ब्राज़ील में 3 लाख 90 हज़ार से ज़्यादा लोगों में इस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है और 24 हज़ार से ज़्यादा लोग अब तक कोविड-19 से मर चुके हैं.

    हालांकि लैटिन अमरीकी देशों में इस संक्रमण से इक्वाडोर, ब्राज़ील से भी ज़्यादा प्रभावित है. इक्वाडोर में हर दस लाख लोगों में से 182 लोग कोविड-19 से मर रहे हैं.

    जबकि ब्राज़ील में यह संख्या 116, पेरू में 115, चिली में 42, बोलीविया में 22 और कोलंबिया में 15 है.

  8. COVER STORY: अगला ख़तरा क्या कोरोना वायरस की सेकेंड वेव का है?

  9. सऊदी अरब रविवार से शुरू करेगा घरेलू उड़ानें

    AFP

    इमेज स्रोत, AFP

    सऊदी अरब के उड्डयन मंत्री ने कहा है कि वो रविवार से घरेलू उड़ानों की शुरुआत करने वाले हैं.

    सऊदी अरब में कोविड-19 महामारी की वजह से 21 मार्च से सभी उड़ानें रद्द कर दी गई थीं.

    इस सप्ताह से सऊदी अरब ने लॉकडाउन के प्रतिबंधों में ढील देनी शुरू की है और उम्मीद की जा रही है कि 21 जून तक क़र्फ़्यू भी पूरी तरह हटा लिया जाएगा.

    हालांकि कहा ये भी जा रहा है कि मक्का शहर, जहाँ मुसलमानों का सबसे बड़ा धार्मिक स्थल मौजूद है, वहाँ कर्फ़्यू जारी रहेगा.

  10. आज वापस लौटेंगे भारत में फंसे 176 पाकिस्तानी नागरिक

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    पाकिस्तान के सरकारी समाचार प्रसारक ‘रेडियो पाकिस्तान’ के अनुसार कोविड-19 महामारी की वजह से भारत में फंसे 176 पाकिस्तानी नागरिक बुधवार को अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते अपने वतन लौटने वाले हैं.

    पाकिस्तान के ये लोग लॉकडाउन की वजह से भारत के अलग-अलग राज्यों, जैसे छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में फंसे हुए थे.

    नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमिशन ने प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के आदेश पर इन लोगों को वापस ले जाने की कार्यवाही शुरू की थी.

  11. कोरोना वायरस: गुजरात हाई कोर्ट रूपाणी सरकार से क्यों है खफ़ा?

  12. न्यूज़ीलैंड के अस्पतालों में अब कोविड-19 का कोई मरीज़ नहीं

    NEW ZEALAND GOVERNMENT

    इमेज स्रोत, NEW ZEALAND GOVERNMENT

    न्यूज़ीलैंड की सरकार ने बताया है कि उनके यहाँ अस्पतालों में अब कोरोना वायरस संक्रमण का कोई केस नहीं है.

    न्यूज़ीलैंड को कोरोना के ख़िलाफ़ ‘एक सफ़ल मॉडल’ के तौर पर देखा जा रहा है.

    वहाँ के स्वास्थ्य विभाग ने बताया है कि ‘कोविड-19 के अंतिम मरीज़ को भी कल यानी मंगलवार शाम, अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और अब किसी अस्पताल में कोविड-19 का मरीज़ नहीं है.’

    न्यूज़ीलैंड में पिछले पाँच दिन से कोरोना वायरस संक्रमण का कोई नया केस भी सामने नहीं आया है.

    सरकार ने बताया है कि ‘न्यूज़ीलैंड में 4 लाख 20 हज़ार से ज़्यादा लोगों ने सरकारी कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग ऐप डाउनलोड किया है.’

    स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि ‘वो न्यूज़ीलैंड में कम्युनिटी ट्रांसमिशन को रोकने में सफ़ल रहे’, लेकिन अब उनकी चिंताएं देश की सीमाओं को लेकर हैं जिन्हें अगले महीनों में खोला जाना है.

  13. कोविड-19: भारत सरकार ने आरोग्य सेतु ऐप का सोर्स कोड किया सार्वजनिक

    Twitter/SetuAarogya

    इमेज स्रोत, Twitter/SetuAarogya

    भारत सरकार ने ‘आरोग्य सेतु’ मोबाइल ऐप के सोर्स कोड को सार्वजनिक करने की घोषणा की है जिसके बाद इस ऐप की जाँच-परख कर पाना संभव होगा.

    कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कॉन्टैक्ट-ट्रेसिंग के लिए विकसित किये गए इस सरकारी मोबाइल ऐप पर प्राइवेसी और सेफ़्टी से जुड़े कुछ सवाल उठे थे.

    लेकिन सोर्स कोड से जुड़ी भारत सरकार की घोषणा को लोगों के डिजिटल अधिकारों के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं ने एक अच्छी पहल बताते हुए कहा है कि ‘इससे मोबाइल ऐप इस्तेमाल कर रहे लोगों की सिक्योरिटी सुनिश्चित की जा सकेगी.’

    • भारत सरकार ने 2 अप्रैल 2020 को ‘आरोग्य सेतु’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया था और वर्तमान में क़रीब 11.5 करोड़ लोग इस ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं. इनमें से सभी एन्ड्रॉयड यूज़र अब इस ऐप का सोर्स कोड देख सकेंगे.
    REUTERS/Amit Dave

    इमेज स्रोत, REUTERS/Amit Dave

    केंद्र सरकार ने बताया है कि आईओएस यानी एप्पल के मोबाइल फ़ोन इस्तेमाल करने वाले यूज़र्स के लिए भी जल्द सोर्स कोड रिलीज़ किया जाएगा.

    • नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत ने मंगलवार को कहा कि ‘दुनिया में कोई भी अन्य सरकार इस पैमाने पर इतना खुला रुख़ नहीं अपनाती है. कोरोना वायरस महामारी से लोगों को सतर्क करने के लिये आरोग्य सेतु ऐप की शुरुआत की गई, लेकिन कुछ लोगों ने इस ऐप के ज़रिये लोगों के निजी डेटा जुटाये जाने और उनकी निजी जिंदगी के बारे में तांक-झांक करने का आरोप लगाया. सरकार ने इन्हीं चिंताओं का समाधान करने के लिये यह क़दम उठाया है. इस ऐप के सोर्स कोड को खोल दिया गया है.’
    • नेशनल इन्फ़ोमेटिक सेंटर की महानिदेशक नीता वर्मा ने कहा कि इस ऐप में खामी का पता लगाने वाले लोगों के लिये चार श्रेणी के पुरस्कार रखे गये हैं. उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिहाज़ से संवेदनशीलता को लेकर तीन श्रेणियों में प्रत्येक में एक लाख रुपये का पुरस्कार रखा गया है जबकि कोड में सुधार के सुझाव के लिये एक पुरस्कार एक लाख रुपये का रखा गया है.
  14. दृष्टिहीनों पर कोविड-19 की महामारी की मार

  15. कोरोना अपडेट: बीते 24 घंटे की प्रमुख ख़बरे

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दुनिया भर में संक्रमण के मामले

    • दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 55 लाख 88 हज़ार से अधिक हो गए हैं. वहीं कोविड19 से मरने वालों की संख्या 3 लाख 50 हज़ार से अधिक है.
    • अमरीका दुनिया की सबसे अधिक प्रभावित देश है. जहां संक्रमण के मामले 16 लाख 80 हज़ार से अधिक हैं और मरने वालों की संख्या क़रीब 99 हज़ार हो चुकी है.
    • संक्रमण के लिहाज़ से ब्राज़ील दुनिया का दूसरा सबसे अधिक प्रभावित देश है. यहां संक्रमण के मामले 3 लाख 91 हज़ार से अधिक हैं और मरने वालों की संख्या भी 24 हज़ार 500 सौ से अधिक.
    • रूस में संक्रमण के मामले तीन लाख 62 हज़ार हैं और संक्रमण के लिहाज़ से रूस तीसरा देश है. हालांकि यहां मरने वालों की संख्या तुलनात्मक रूप से कम है. रूस में मरने वालों की संख्या 3,807 है.
    • ब्रिटेन में मरने वालों की संख्या 37 हज़ार के पार है और यहां संक्रमण के मामले 2 लाख 66 हज़ार से अधिक हैं.
    • संक्रमण के लिहाज़ से स्पेन पांचवा सबसे अधिक प्रभावित देश है. यहां संक्रमण के मामले 2 लाख 36 हज़ार हैं और मरने वालों की संख्या 27 हज़ार से अधिक.
    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ब्राज़ील में लगातार बढ़ रहे हैं मौत के मामले

    • ब्राज़ील में कोविड19 से मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है.
    • यहां मृत्युदर कई देशों की तुलना में अधिक है और हर रोज़ यह बढ़ ही रही है.
    • एक हालिया शोध में चिंता ज़ाहिर की गई है कि अगस्त तक ब्राज़ील में मरने वालों की संख्या एक लाख 25 हज़ार के पार पहुंच सकती है.
    • शोध में ब्राज़ील को कोरोना वायरस का नया हॉटस्पॉट बनने को लेकर चिंता ज़ाहिर की गई है.
    राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बाज़ार खोलने पर अमरीकी राष्ट्रपति का ज़ोर

    • अमरीका कोविड19 से सबसे अधिक और बुरी तरह प्रभावित देश है.
    • जहां संक्रमण के मामले 16 लाख 80 हज़ार के पार हैं और मरने वालों की संख्या क़रीब 99 हो चुकी है.
    • बावजूद इसके अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अर्थव्यवस्था को दोबारा खोलने पर ज़ोर दिए हुए हैं.
    विश्व स्वास्थ्य संगठन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    विश्व स्वास्थ्य संगठन की चेतावनी

    • विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना वायरस के ‘दूसरी त्वरित लहर’ के ख़तरे को लेकर चेतावनी जारी की है.
    • विश्व स्वास्थ्य संगठन ने यह चेतावनी दुनियाभर में लॉकडाउन में दी जा रही ढील को देखते हुए जारी की है.
    • विश्व स्वास्थ्य संगठन ने यूरोप के देशों की सरकार और अमरीकी सरकार से अपील की है कि वे अपने यहां निगरानी, परीक्षण और ट्रैकिंग के उपायों में इज़ाफ़ा करें.
    • विश्व स्वास्थ्य संगठन ने घोषणा की है कि उनकी ‘सेफ़्टी टीम’ अगले महीने हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन के डाटा को रीव्यू करेगी.
    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सऊदी अरब में शुक्रवार को मस्जिदें खोलने की अनुमति

    • सऊदी अरब में शुक्रवार की नमाज़ के लिए मस्जिदों को खोलने के लिए अनुमति दे दी है.
    • सऊदी अरब में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लगाए गए प्रतिबंधों मे ढील दिए जाने के बाद यह फ़ैसला किया गया है.
    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पैन अमरीका हेल्थ ऑर्गेनाइज़ेशन की चेतावनी

    • पैन अमरीकी हेल्थ ऑर्गेनाइज़ेशन ने चेतावनी दी है कि ब्राज़ील, पेरू, चिली, अल-सल्वाडोर, ग्वाटेमाल और निकारागुआ में कोरोना वायरस संक्रमण लगातार बढ़ रहे हैं और इनके बढ़ने की दर अभी भी तेज़ है.
    • ब्राज़ील में कोविड19 के कारण जो मौजूदा मृत्युदर है, उसके आधार पर लगता है कि यह अमरीका को भी पीछे छोड़ देगा.

    गूगल खोलेगा अपने ऑफ़िस

    • गूगल ने कहा है कि वह विभिन्न शहरों में मौजूद अपने ऑफ़िस को छह जुलाई से फिर खोलने की योजना बना रहा है.
    • गूगल अपने प्रत्येक कर्मचारी को आवश्यक उपकरण और ऑफ़िस फर्नीचर पर ख़र्च करने के लिए क़रीब एक हज़ार डॉलर देगा.
    • यह रक़म देश और शहर के लिहाज़ से तय की जाएगी. क्योंकि इस बात की पूरी संभावना है कि आने वाले साल तक ज़्यादातर कर्मचारियों को घर पर से ही काम करना पड़े.
    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चिली के अस्पतालों में मौजूद आईसीयू वॉर्ड में जगह नहीं

    • चिली के अस्पतालों में मौजूद आईसीयू वॉर्ड अपनी क्षमता के आधार पर लगभग पूरी तरह भर चुके हैं.
    • कोविड19 के मरीज़ों की बढ़ती संख्या के कारण आईसीयू वॉर्ड में अब ना के बराबर बेड खाली हैं.
    • ऐसे में डॉक्टरों और हेल्थ-स्टाफ़ के सामने यह चुनौती पेश आ रही है कि जो कुछ बेड बचे हैं वो किन मरीज़ों को दिए जाएं और किन्हें नहीं.

    जर्मनी ने अपने यहां सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को 29 जून तक के लिए बढ़ाया

    • जर्मनी ने सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को 29 जून तक के लिए बढ़ा दिया है.
    • जर्मन चांसलर एंगेला मर्केल ने कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों के आधार पर सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को बढ़ाने का आदेश जारी किया है.
    • सार्वजनिक जगहों पर दस से ज़्यादा लोगों के जमा होने की मनाही है.
  16. राज्य तय कर सकते हैं कोरोना टेस्ट की नई क़ीमत: आईसीएमआर

    आईसीएमआर के महानिदेशक डॉक्टर बलराम भार्गव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आईसीएमआर के महानिदेशक डॉक्टर बलराम भार्गव

    भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने कोरोना वायरस की जांच के लिए आरटी-पीसीआर टेस्ट (रीयल टाइम पॉलिमरेज़ चेन रीएक्शन टेस्ट) की 4,500 रुपये की सीमा को हटा दिया है. आईसीएमआर ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि वो निजी लैब्स के साथ “आपसी सहमति“ से कोरोना टेस्ट की नई क़ीमत तय कर सकते हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार सोमवार को आईसीएमआर के महानिदेशक डॉक्टर बलराम भार्गव ने राज्यों के चीफ़ सेक्रेटरियों एक चिट्ठी लिख कर कहा कि घरेलू टेस्ट किट बनने से इनकी सप्लाई अब पहले से बेहतर हुई है.

    उन्होंने लिखा, “टेस्ट किट में लगने वाले टेस्टिंग मटीरियल की बदलती कीमतों को ध्यान में रखते हुए 17 मार्च के उस आदेश को वापस लिया जा रहा है जिसमें कोविड-19 टेस्ट के लिए अधिकतम कीमत 4,500 रुपये तय की गई थी. राज्य सरकारें और केंद्र शासित प्रदेश अब निजी लैब्स से बात कर सरकार द्वारा भेजे जाने वाले नमूनों की जांच और इच्छुक लोगों की जांच के लिए आपसी सहमति से कोरोना टेस्ट की नई कीमत तय कर सकते हैं. "

    उन्होंने कहा कि महामारी की शुरुआत में टेस्टिंग किट के लिए भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ा. “ऐसे में आयात किए गए किट और टेस्टिंग मटिरीयल को देखते हुए टेस्ट की कीमत तय की गई थी. लेकिन अब घरेलू टेस्टिंग किट और मटीरियल उपलब्ध होने के कारण टेस्ट की क़ीमत में सुधार किया जा सकता है.”

    डॉक्टर बलराम भार्गव ने यह भी बताया कि बीते कुछ महीनों में रोज़ाना 1.1 लाख लोगों के टेस्ट किए जा रहे हैं.

  17. फ्रांस ने कार इंडस्ट्री के लिए किया मदद का ऐलान

    फ्रांस

    इमेज स्रोत, EPALUDOVIC MARIN POOL

    कोरोना वायरस महामारी के कारण मुश्किलों से जूझ रही फ्रांस की कार इंडस्ट्री के लिए राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अरबों यूरो की मदद की घोषणा की है.

    मैक्रों ने कहा, “मौजूदा स्वास्थ्य संकट के कारण फ्रांस की कार इंडस्ट्री बुरी तरह प्रभावित हुई है. ये हमारी अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा है और ये इंडस्ट्री हज़ारों लोगों को नौकरियां देता है.”

    आज उत्तरी फ्रांस के वालेयो कार पार्ट फैक्ट्री का दौरा करने के बाद मैक्रों ने कार इंडस्ट्री के लिए 8 अरब यूरो की मदद का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि वो चाहते हैं कि अगले पांच सालों में इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड कारों के उत्पादन के क्षेत्र में फ्रांस यूरोप में सबसे आगे रहे.

    उन्होंने कहा, “हमें अपने लिए एक लक्ष्य बनाना पड़ेगा. अगले पांच सालों में हमें हर साल 10 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड कारें देश में बनानी होंगी.”

    साथ ही उन्होंने कहा कि देश में इलेक्ट्रिक कार खरीदने वालों को मिलने वाली सब्सिडी में भी सरकार इज़ाफा करेगी. पहले लोगों को ऐसी कार खरीदने पर 6,000 यूरो की सब्सिडी मिलती जिसे बढ़ा कर 7,000 यूरो किया जाएगा.

    उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि विदेश से उत्पादन ख़्तम कर कार निर्माता फ्रांस में ही अधिक उत्पादन करने की कोशिश करें.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार फ्रांस में ये सेक्टर करीब नौ लाख लोगों को रोज़गार देता है.

  18. एयर इंडिया की फ़्लाइट में एक यात्री कोरोना पॉज़िटिव मिला

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    • एयर इंडिया ने कहा है कि दिल्ली से लुधियाना जाने वाली एक उड़ान में एक व्यक्ति कोरोना पॉज़िटिव पाए गए हैं.
    • ये व्यक्ति एलायंस एयर के सुरक्षा विभाग में काम करते हैं.
    • इसके बाद विमान में सवार सभी लोगों को क्वारंटीन में भेज दिया गया है.
  19. ब्रेकिंग न्यूज़, रेमडेसिवीर दवा के क्लिनिकल ट्रायल को ब्रिटेन ने दी इजाज़त

    मिशेल रॉबर्ट्स

    स्वास्थ्य संपादक, बीबीसी न्यूज़

    रेमडेसिवीर दवा

    इमेज स्रोत, reut

    ब्रितानी स्वास्थ्य सेवा एनएचएस कोरोना वायरस मरीज़ों के लिए रेमडेसिवीर दवा मुहैय्या कराएगी.

    ब्रितानी स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने कहा है कि ब्रिटेन कोविड-19 के मरीज़ों के लिए रेमडेसिवीर दवा का क्लिनिकल ट्रायल शुरू करने वाला है. उनका कहना है कि कोरोना महामारी शुरू होने के बाद से मरीज़ों के इलाज के लिए उठाया गया ये अब तक का शायद सबसे बड़ा कदम होगा.

    ब्रितानी रेगुलेटर्स का कहना है कि इस दवा के इस्तेमाल को लेकर पर्याप्त सबूत हैं और कुछ गिने-चुने कोविड-19 अस्पतालों में इसके इस्तेमाल की इजाज़त दी जा सकती है.

    हालांकि अभी इस दवा की सप्लाई कम होने के कारण यह केवल उन लोगों की ही दी जाएगी जिन्हें इसकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत है. अमरीका और जापान में भी इस दवा के इस्तेमाल को लेकर इसी तरह के कदम उठाए जा चुके थे.

    हालांकि कई हेल्थ एक्सपर्ट पहले चेतावनी दे चुके हैं कि कोविड-19 के मरीज़ों के लिए रेमडेसिवीर कोई मुकम्मल इलाज नहीं है.

    क्यों अहम है रेमडेसिवीर?

    रेमडेसिवीर को मूल रूप से अमरीका की कंपनी गिलीड साइंसेज़ ने विकसित किया था और इस दवा को इबोला के उपचार के लिए बनाया गया था.

    हाल ही में अमरीका में हुए एक अध्ययन में पाया गया था कि रेमडेसिवियर ने गंभीर रूप से बीमार लोगों के रिकवरी टाइम को कम करने में मदद की.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन के डॉक्टर ब्रुस आइलवर्ड ने भी कुछ वक्त पहले कहा था कि चीन के दौरे बाद उन्होंने पाया कि रेमडेसिवीर एकमात्र ऐसी दवा है जो कोरोना के मामलों में असरदार नज़र आती है.

    रेमडेसिवियर दवा मानव शरीर में मौजूद उस एक एंज़ाइम पर हमला करती है जिसकी मदद से कोई वायरस शरीर में दाखिल होने के बाद ख़ुद को बढ़ाता है.

    दुनिया के कई देशों में फिलहाल रेमडेसिवीर को लेकर क्लिनिकल ट्रायल चल रहे हैं. ट्रायल से मिले शुरूआती डेटा के अनुसार यह दवा बीमार लोगों के रिकवरी टाइम को चार दिन तक कम कर सकती है.

    हालांकि अब तक इस बात के समर्थन में पर्याप्त डेटा नहीं हैं कि ये दवा अधिक लोगों की जान भी बचा सकती है या नहीं.

    अब तक यह भी स्पष्ट नहीं है कि ब्रिटेन के लिए गिलीड साइंसेज़ ने इस दवा का कितना स्टॉक रखा है. केवल डॉक्टरों की सलाह के बाद ही यह दवा दी जाएगी.

    मिनिस्टर ऑफ़ इनोवेशन लॉर्ड बेटहैल ने कहा है कि “वैज्ञानिकों से सलाह लेने के बाद ही यह फ़ैसला लिया गया है. कोरोना मरीज़ों में इस दवा के सकारात्मक नतीजे आएं इसके लिए हम देश में इसके क्लिनिकल ट्रायल पर नज़र रखेंगे. मरीज़ की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है.”

    रेमडेसिवीर दवा

    इमेज स्रोत, Reuters

    हाइड्रॉक्सिक्लोरोक्विन का क्लिनिकल ट्रायल रुका

    कोरोना वायरस के मरीज़ों के इलाज के लिए कई देशों में हाइड्रॉक्सिक्लोरोक्विन का भी क्लिनिकल ट्रायल चल रहा था, लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इसे अस्थायी तौर पर रोकने का फ़ैसला लिया है.

    संगठन के निदेशक डॉ. टेड्रॉस एडहॉनम गीब्रियेसुस ने सोमवार को कहा कि कोरोना के मरीजों में इस दवा के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर चिंता जताई जा रही है. इसके सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में डेटा सेफ्टी मॉनिटरिंग बोर्ड अध्ययन करेगा. साथ ही इस दवा से जुड़े दुनिया भर में हो रहे प्रयोगों का भी व्यापक विश्लेषण किया जाएगा.

    हाल में साइंस जर्नल 'लैंसेट' में छपी एक स्टडी में कहा गया था कि कोरोना संक्रमितों के इलाज में जहां हाइड्रॉक्सिक्लोरोक्विन दवा दी जा रही है, वहां मौत का ख़तरा ज़्यादा है.

  20. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.