कोरोना वायरस: देश-दुनिया में पिछले 24 घंटों में जो कुछ हुआ

इमेज स्रोत, Cindy Ord/Getty Images
- 54 लाख लोगों को संक्रमित और 344,760 लोगों की जान ले चुके कोरोना वायरस का कहर दुनिया भर में जारी है.
- एक तरफ़ अमरीका कोविड-19 की महामारी से दुनिया का सबसे ज़्यादा प्रभावित देश बना हुआ है तो दूसरी ओर ब्राज़ील, रूस और ब्रिटेन भी इस महामारी से बुरी तरह से संघर्ष कर रहे हैं.
- जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के आँकड़ों के अनुसार कोरोना वायरस से प्रभावित देशों की सूची में भारत फ़िलहाल दसवें नंबर पर है.
- अमरीका में 16,41,585, ब्राज़ील में 363,211, रूस में 344,481, ब्रिटेन में 260,916 संक्रमण के मामले दर्ज किए जा चुके हैं.
ब्रिटेन का राजनीतिक विवाद
- प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के मुख्य सलाहकार डोमिनिक क्यूमिंग्स लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में पुलिस से मुलाकात की है.
- डोमिनिक क्यूमिंग्स पर ये आरोप है कि कोरोना संक्रमित होने के बावजूद उन्होंने लॉकडाउन के दौरान सेल्फ़-आइसोलेशन के नियमों का उल्लंघन किया है.
- इस मामले में पुलिस स्वास्थ्य कानूनों के तहत उनके ख़िलाफ़ जांच भी कर सकती है.
- उधर, प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन पर उनको हटाने के लिए दबाव भी बढ़ रहा है.
- हालांकि प्रधानमंत्री ने क्यूमिंग्स का समर्थन करते हुए कहा है, "डोमिनिक जिम्मेदारी पूर्वक और क़ानून के दायरे में काम कर रहे थे."

इमेज स्रोत, REUTERS/Adriano Machado
ब्राज़ील की यात्रा करने वालों पर पाबंदी
- अमरीका ने उन लोगों के अपने यहां आने पर रोक लगा दी है जिन्होंने पिछले दो हफ़्तों के दौरान ब्राज़ील की यात्रा की होगी.
- व्हॉइट हाउस ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि अमरीका आने वाले विदेशी नागरिकों ने अगर पिछले दो हफ़्तों के दौरान ब्राज़ील की यात्रा की होगी तो वे यहां नहीं आ सकेंगे.
- इस फ़ैसले के दो दिन पहले ही ब्राज़ील कोविड-19 की महामारी से दुनिया का दूसरा सबसे ज़्यादा प्रभावित देश बना था.
फ्रांस में हालात सुधरे
- फ्रांस में लॉकडाउन लागू करने के बाद कोरोना संक्रमण के रोज़ किए जाने वाले मामले रविवार को सबसे कम रहे.
- सरकारी अधिकारियों ने बताया कि फ्रांस में संक्रमण और मौत दोनों ही मामलों में रविवार को सबसे कम इजाफा हुआ है.
- फ्रांस में 17 मार्च से लॉकडाउन लागू है. अब ये उम्मीद की जा रही है कि फ्रांस ने इस महामारी का सबसे बुरा दौर देख लिया है.
- देश की पर्यावरण मंत्री एलीज़ाबेथ बॉर्न ने कहा कि सरकार लोगों को छुट्टियां मनाने के लिए विदेशों की यात्रा नहीं करने की सलाह देती है.
- इसके बाद राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी ये कहा कि इन गर्मियों में फ्रांसीसी लोगों की विदेश यात्राओं की संभावनाएं कम हैं.

इमेज स्रोत, REUTERS/Siphiwe Sibeko
दक्षिण अफ्रीका में लॉकडाउन से राहत
- दक्षिण अफ्रीका ने लॉकडाउन के प्रावधानों में और ढील देने का फ़ैसला किया है.
- राष्ट्रपति सायरिल रामाफोसा ने घोषणा की है कि एक जून से लॉकडाउन की पाबंदियों में और छूट दी जाएगी ताकि अर्थव्यवस्था के बड़े क्षेत्रों को खोला जा सके.
- उन्होंने टीवी पर अपने संबोधन में कहा, "कैबिनेट ने फ़ैसला किया है कि पूरे देश के लिए ख़तरे के जिस स्तर को लेकर एलर्ट जारी किया गया था, उसे कम करके लेवल चार से लेवल तीन किया जाना चाहिए."
- महामारी पर रोकथाम के तौर-तरीक़ों को लेकर इसे दक्षिण अफ्रीका के रवैये में अहम बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.
माइनिंग कंपनी ने काम रोका
- इस बीच दक्षिण अफ्रीकी माइनिंग कंपनी एंग्लोगोल्ड एशैंटी ने 164 कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अपनी एक माइंस में खनन का काम रोक दिया है.
- कंपनी ने बताया कि ग्वातेंग प्रांत में मेराफोंग माइंस में सोने के खनन का काम होता था.
- वहां पिछले हफ़्ते संक्रमण का पहला सामने आया था. इसके बाद कंपनी के 650 कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट कराया गया.
- साथ ही कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और सैनिटाइज़ेशन की प्रक्रिया चल रही है.

इमेज स्रोत, SAM PANTHAKY/AFP via Getty Images
भारत में हवाई सेवाएं शुरू
- कोरोना वायरस से संक्रमण के बढ़ते मामलों के बावजूद भारत ने घरेलू हवाई सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं.
- देश के केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने इसकी घोषणा की.
- रविवार को भारत में कोरोना संक्रमण के मामले रिकॉर्ड संख्या में दर्ज किए गए थे.
- केंद्रीय मंत्री ने बताया कि हवाई सेवाओं की बहाली से पहले लंबी वार्ता हुई जिसमें कुछ राज्य सरकारें सीमित संख्या में फ़्लाइट्स शुरू करने के पक्ष में थे.
कनाडा का हाल
- कनाडा में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले बढ़कर 86,105 हो गए हैं. वहां मरने वालों की संख्या भी बढ़ी है.
- जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के आँकड़ों के अनुसार कनाडा में कोविड-19 की महामारी के कारण 6533 लोगों की जान अब तक जा चुकी है.

इमेज स्रोत, REUTERS/Kai Pfaffenbach
जर्मनी में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग का काम
- फ्रैंकफर्ट शहर के एक चर्च में एक धार्मिक कार्यक्रम के बाद 107 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे.
- अब सरकारी अधिकारी उन लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं जिन्होंने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया था.
- 10 मई को एक बैपटिस्ट चर्च में ये कार्यक्रम हुआ था.
- अभी ये साफ़ नहीं है कि संक्रमित होने वाले सभी 107 लोगों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया था या फिर इनमें वे संक्रमित लोग भी शामिल हैं जिन तक दूसरों से संक्रमण पहुंचा.
अमरीका को चीन की सलाह
- चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कहा है कि अमरीका को चीन पर इल्ज़ाम लगाने के बजाय कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ चीन के साथ मिलकर लड़ाई लड़नी चाहिए.
- वांग यी ने महामारी से जूझ रहे अमरीका को लेकर सहानुभूति भी जताई.
- जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के अनुसार अमरीका में कोरोना वायरस से संक्रमण के कारण अब तक 97,698 लोगों की मौत हो चुकी है.














