ह्यूमन इम्यूनोडेफ़िशियेंसी वायरस (एचआईवी) पर शोध करने वाले अमरीका के एक
नामी वैज्ञानिक ने कहा है कि ‘उन्हें नहीं लगता कि कोरोना वायरस की
वैक्सीन जल्द आने वाली है.’
विलियम हेसलटाइन जिनके केंसर, एचआईवी समेत अन्य प्रोजेक्ट्स पर किए काम की
काफ़ी चर्चा रही है, उनसे पूछा गया था कि ‘कोविड-19 का टीका कितनी जल्द विकसित होने की
संभावना है?’
इसके जवाब में उन्होंने कहा कि ‘वे इसका इंतज़ार नहीं करना चाहेंगे क्योंकि
उन्हें नहीं लगता कि निकट भविष्य में यह संभव है.’
उन्होंने कहा है कि ‘कोरोना वायरस महामारी को रोकने के लिए
ज़रूरी है कि मरीज़ों की बेहतर पड़ताल की जाए, उन्हें सही तरीक़े से ढूंढा जाए और
जहाँ संक्रमण फ़ैलता दिखे, वहीं उसे सख़्त आइसोलेशन के ज़रिए रोका जाए.’
अमरीका की सरकार को परामर्श देते हुए उन्होंने कहा है कि ‘उन्हें
टीके के इंतज़ार में नहीं बैठे रहना चाहिए. अगर शीर्ष नेता ये सोच रहे हैं कि टीका
तैयार होने की घोषणा के आधार पर ही वे लॉकडाउन के प्रतिबंधों में छूट देने का
निर्णय करेंगे, तो यह रणनीति सही नहीं है.’
अन्य किस्मों के कोरोना वायरस के लिए पहले जो वैक्सीन तैयार की गई हैं, वो नाक को संक्रमण से सुरक्षा देने में विफल रही है जहाँ से वायरस के शरीर में दाखिल होने की सबसे ज़्यादा संभावना मानी जाती है.
विलियम हेसलटाइन ने कहा है कि ‘बिना किसी प्रभावी इलाज या फिर टीके के भी कोरोना वायरस को कंट्रोल किया जा सकता है. इसके लिए संक्रमण की सही पहचान ज़रूरी है. जो लोग संक्रमित हैं, उन्हें आइसोलेशन में रखना सबसे ज़्यादा कारगर है. बाकी लोग हाथ धोते रहें, मास्क पहनें और सबसे अधिक इस्तेमाल होने वाली चीज़ों और जगहों को साफ़ रखें, तो भी इसमें काफ़ी कमी आ सकती है.’
विलियम हेसलटाइन मानते हैं कि चीन और कई अन्य एशियाई देशों ने इस वैकल्पिक रणनीति को बहुत प्रभावशाली तरीक़े से लागू किया है, जबकि अमरीका में ऐसा नहीं देखा गया कि जो लोग वायरस से संक्रमित हो गये हों, उन्हें सख़्त आइसोलेशन में रखा गया हो.
उनके अनुसार चीन, दक्षिण कोरिया और ताइवान इस तरीक़े से कोरोना वायरस की संक्रमण दर को कम करने में सफल रहे हैं, जबकि अमरीका, रूस और ब्राज़ील इसमें नाकाम रहे हैं.